
डॉक्टर ने बताया बिना दवाई के बीपी कंट्रोल करने का तरीका, बस खानपान में कर लें ये 6 बदलाव
संक्षेप: High BP Control Tips: अगर आपका बीपी भी अक्सर बढ़ा हुआ रहता है, तो अपनी डाइट में कुछ बदलाव कर के आप उसे कंट्रोल रख सकते हैं। डॉक्टर कुणाल सूद ने एक पोस्ट के जरिए इन्हीं के बारे में बताया है।
आजकल हाई ब्लड प्रेशर की समस्या काफी कॉमन हो गई है। खराब खानपान हो या बिगड़ता लाइफस्टाइल, इसके पीछे कई वजह जिम्मेदार हो सकती हैं। बता दें, हाई बीपी को 'साइलेंट किलर' भी कहा जाता है क्योंकि इससे स्ट्रोक, हार्ट अटैक और दिल की अन्य बीमारियों का खतरा बना रहता है, जो जानलेवा भी हो सकता है। इसलिए सही दवाओं के साथ अपने खानपान में भी कुछ बदलाव करने की जरूरत है, ताकि आपका बीपी नॉर्मल हो सके। डॉ कुणाल सूद ने एक इंस्टा पोस्ट के जरिए ऐसे ही कुछ बदलावों के बारे में बताया है, जो नेचुरली आपके बीपी को कम करने में मदद करेंगें। आइए जानते हैं।

नमक की मात्रा कम करें
अगर आपका बीपी बढ़ा हुआ रहता है, तो खाने में नमक की मात्रा कम रखें। डॉक्टर सूद कहते हैं कि ज्यादा नमक आपके शरीर में पानी होल्ड कर के रखता है, जिससे ब्लड वॉल्यूम और आर्टरीज पर दबाव ज्यादा बढ़ता है। अगर आप नमक की मात्रा कम कर देते हैं, तो आपका बीपी लेवल 6-7 mmHG तक कम हो सकता है। इसलिए रोजाना एक चम्मच या उससे कम नमक खाने का नियम बनाएं। बीपी ज्यादा बढ़ा हुआ रहता है, तो नमक की मात्रा और कम कर दें।
ओमेगा 3 फैटी एसिड शामिल करें
अपनी डाइट में ऐसी चीजें शामिल करें, जिसमें ओमेगा थ्री फैटी एसिड भरपूर मात्रा में शामिल हो। रोजाना 2-3 ग्राम ओमेगा थ्री का सेवन, ब्लड प्रेशर को औसतन 2 से 3 mmHG तक कम रखने में मदद करता है। अगर आप नॉन वेजिटेरियन हैं तो मछली जैसे साल्मन, मैकेरल, टूना और सार्डिन अच्छा ऑप्शन हैं। वहीं वेजिटेरियन लोगों के लिए अखरोट, फ्लैक्स सीड्स, चिया सीड्स, बादाम, सोयाबीन आदि अच्छे विकल्प हैं।
लेग्यूम्स और प्लांट प्रोटीन की मात्रा बढ़ाएं
डॉ कुणाल कहते हैं कि आपको अपनी डाइट में ज्यादा से ज्यादा लेग्यूम्स जैसे बींस, दालें, छोले, राजमा आदि शामिल करने चाहिए। ये ब्लड वेसल्स को रिलेक्स करने में मदद करते हैं। हफ्ते में अगर 3-5 बार आप इनका सेवन करते हैं, तो बीपी औसतन 1 mmHG तक कम हो सकता है। ध्यान रहे इनके साथ नियमित वॉक को भी जरूर शामिल करें।
नाइट्रेट रिच फूड्स का सेवन करें
चुकंदर, पालक, चौलाई के पत्ते जैसे नाइट्रेट रिच फूड्स भी आपको अपनी डाइट में शामिल करने चाहिए। ये ब्लड वेसल्स को फैलाने में मदद करते हैं, जिससे बीपी कम होता है। डॉ के मुताबिक रोजाना 80 ग्राम तक पालक या 100-200 ml तक चुकंदर का जूस पीने से, ब्लड प्रेशर लगभग 5mmHG तक कम रह सकता है।
नट्स को बनाएं अपनी डाइट का हिस्सा
अखरोट, पिस्ता, बादाम जैसे नट्स का डेली सेवन करने से मैग्नीशियम, आर्जिनीन और अनसैचुरेटेड फैट की सप्लाई बनी रहती है, जो ब्लड वेसल्स की फ्लेक्सिबिलिटी को इंप्रूव करते हैं। डॉ कुणाल कहते हैं कि पिस्ता इन सभी में सबसे ज्यादा फायदेमंद है। हफ्ते में कुछ दिन बिना नामक वाले पिस्ता खाएं, ये ब्लड प्रेशर को 2mmHG तक कम रखने में मदद करते हैं।
फर्मेंटेड डेयरी प्रोडक्ट्स शामिल करें
डॉ कुणाल सलाह देते हैं कि अपनी डाइट में फर्मेंटेड डेयरी प्रोडक्ट्स को भी जरूर शामिल करें। जैसे दही, योगर्ट, छाछ। कई स्ट्डीज में पाया गया है कि ये बीपी को कम करने में काफी असरदार हैं। हालांकि ध्यान रहे हमेशा प्लेन, बिना चीनी और आर्टिफिशियल फ्लेवर वाले प्रोडक्ट्स ही इस्तेमाल में लाएं।
नोट: यह लेख केवल जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह की चिकित्सकीय सलाह का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या स्थिति के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

लेखक के बारे में
Anmol Chauhanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




