मुंह की बदबू दूर करने के लिए क्या लें और किन चीजों से बचें? डेंटिस्ट से जानें

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मुंह से बदबू आने पर कई लोग मीठी सौंफ या मिंट कैंडी खाने लगते हैं। लेकिन क्या ये चीजें सच में काम करती हैं? डेंटिस्ट डॉ. श्रेया केडिया से जानें क्या खाना सही है और किन चीजों से बचना चाहिए।

Dentist Recommended Natural Mouth Fresheners
मुंह की बदबू के लिए कौन-सा माउथ फ्रेशनर लें? डेंटिस्ट से जानें

किसी से बात करते समय अगर मुंह से बदबू आने लगे, तो कई बार शर्मिंदगी महसूस होती है। इससे बचने के लिए कुछ लोग जेब में सौंफ रखते हैं, तो कुछ मिंट कैंडी या माउथ फ्रेशनर का इस्तेमाल करते हैं। ये चीजें कुछ समय के लिए सांसों को फ्रेश कर सकती हैं, लेकिन हर ऑप्शन दांतों के लिए अच्छा नहीं होता। खासकर मीठी चीजों को बार-बार खाने से दांतों में कैविटी होने का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि मुंह की बदबू दूर करने के लिए क्या खाना चाहिए और किन चीजों से बचना चाहिए। आइए डेंटिस्ट डॉ. श्रेया केडिया से जानते हैं।

  • प्लेन सौंफ

खाना खाने के बाद सौंफ खाना कई लोगों को पसंद होता है। सौंफ की खुशबू मुंह की बदबू को कुछ देर के लिए कम करने में मदद करती है। इसे चबाने से मुंह में लार भी बनती है, जिससे मुंह सूखने की परेशानी कम हो सकती है। बस ध्यान रखें कि सौंफ प्लेन हो, उस पर चीनी की परत न चढ़ी हो।

  • सादी इलायची

इलायची की खुशबू काफी अच्छी होती है। इसमें मौजूद नेचुरल ऑयल सांसों की बदबू को कुछ समय के लिए दबाने में मदद कर सकते हैं। खाना खाने के बाद एक सादी इलायची चबाना इसके लिए आसान ऑप्शन है। ध्यान रखें कि चीनी वाली इलायची के बजाय सादी इलायची ही चुनें।

  • पान का पत्ता

पान के पत्ते में अपनी एक खास खुशबू होती है। इसे चबाने से कुछ समय के लिए मुंह की बदबू कम महसूस होती है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि मीठा पान या सुपारी वाला पान भी अच्छा ऑप्शन है।

  • शुगर-फ्री च्युइंग गम

अगर आपको खाना खाने के बाद मुंह फ्रेश करना है, तो शुगर-फ्री च्युइंग गम एक ऑप्शन हो सकती है। इसे चबाने से लार बनने में मदद मिलती है, जिससे मुंह का सूखापन कम हो सकता है। लार खाने के बचे हुए छोटे कणों और एसिड को हटाने में भी मदद करती है। बस ध्यान रखें कि च्युइंग गम शुगर-फ्री हो। यह ब्रश करने और दांतों की सफाई का विकल्प नहीं है।

  • लौंग

लौंग की तेज खुशबू मुंह की बदबू को कुछ देर के लिए दबा सकती है। इसमें यूजेनॉल नाम का एक कंपाउंड होता है, जिसमें बैक्टीरिया से लड़ने वाले गुण पाए जाते हैं। हालांकि, इसे बहुत ज्यादा चबाने से मुंह में जलन भी हो सकती है।

  • ताजा पुदीना

पुदीने में मौजूद मेंथॉल मुंह में ठंडक का एहसास देता है। इसकी खुशबू सांसों को कुछ समय के लिए फ्रेश महसूस करा सकती है। आप ताजे पुदीने के पत्ते इस्तेमाल कर सकते हैं या पानी में पुदीना डालकर पी सकते हैं। हालांकि, पुदीना बदबू को सिर्फ कुछ समय के लिए दबाता है। अगर बदबू लगातार बनी रहती है, तो इसकी वजह का पता लगाना जरूरी है।

  • माउथ फ्रेशनर स्प्रे

बाहर जाते समय या किसी मीटिंग से पहले माउथ फ्रेशनर स्प्रे इस्तेमाल करना आसान लगता है। ऐसे में शुगर-फ्री और अल्कोहल-फ्री स्प्रे चुन सकते हैं। अल्कोहल वाले कुछ स्प्रे मुंह में सूखापन बढ़ा सकते हैं, जिससे बदबू की परेशानी और बढ़ सकती है।

  • सादा पानी

मुंह की बदबू की एक वजह मुंह का सूखना भी है। जब मुंह में लार कम बनती है, तो बदबू पैदा करने वाले बैक्टीरिया को बढ़ने का मौका मिल सकता है। ऐसे में दिनभर पर्याप्त पानी पीना मुंह की बदबू दूर करने के लिए फायदेमंद है। लेकिन अगर आपको बार-बार मुंह सूखने की परेशानी होती है, तो डॉक्टर से सलाह लें।

इन 5 चीजों से बनाएं दूरी

  1. चीनी वाली सौंफ: सौंफ पर चढ़ी चीनी स्वाद तो बढ़ाती है, लेकिन इसे बार-बार खाने से दांतों पर चीनी का असर बढ़ता है। मुंह में मौजूद बैक्टीरिया चीनी का इस्तेमाल करके एसिड बनाते हैं, जिससे दांतों में कैविटी होने का खतरा बढ़ सकता है।
  2. मीठी इलायची: चीनी वाली इलायची को बार-बार खाने से दांतों पर चीनी का असर बढ़ता है। इससे प्लाक में मौजूद बैक्टीरिया को एसिड बनाने का मौका मिलता है।
  3. मीठा और तैयार पान: मीठे पान में गुलकंद और दूसरी मीठी चीजें हो सकती हैं, जिनसे दांतों पर चीनी का असर बढ़ता है। पान में इस्तेमाल होने वाली कत्था और रंग वाली चीजें दांतों पर दाग भी छोड़ सकती हैं। चूना मुंह के नाजुक टिश्यू में जलन पैदा कर सकता है। इसलिए मीठे पान को मुंह की बदबू दूर करने का तरीका न समझें।
  4. मीठी मिंट कैंडी: मिंट कैंडी खाने से मुंह में ताजगी जरूर महसूस हो सकती है, लेकिन अगर उसमें चीनी है, तो इसे बार-बार खाना दांतों के लिए नुकसानदायक हो सकता है। चीनी बैक्टीरिया को एसिड बनाने में मदद करती है, जिससे कैविटी का खतरा बढ़ता है।
  5. सादी सुपारी: सुपारी को तंबाकू के बिना खाना भी सुरक्षित नहीं है। इसे बार-बार चबाने से गाल, होंठ और जीभ के नाजुक टिश्यू को नुकसान पहुंच सकता है। लंबे समय तक सुपारी चबाने से मुंह की गंभीर बीमारियों, यहां तक कि ओरल कैंसर का खतरा भी बढ़ता है। इसलिए सुपारी से पूरी तरह दूरी बनाना बेहतर है।

नोट: अगर ब्रश करने, जीभ साफ करने और पानी पीने के बाद भी मुंह से लगातार बदबू आती है, तो डेंटिस्ट से जांच कराएं।

Shubhangi Gupta

लेखक के बारे में

Shubhangi Gupta

परिचय एवं अनुभव

शुभांगी गुप्ता एक अनुभवी जर्नलिस्ट हैं जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वह पिछले 4+ वर्षों से देश के प्रतिष्ठित डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म लाइव हिंदुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) से जुड़ी हुई हैं। यहां वह बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर कार्यरत हैं। इससे पहले शुभांगी लगभग एक साल अमर उजाला डिजिटल में भी काम कर चुकी हैं।


करियर का सफर

लाइव हिंदुस्तान में शुभांगी लाइफस्टाइल टीम का हिस्सा हैं, जहां वह हेल्थ, फिटनेस, फैशन, ब्यूटी, फूड और रिश्तों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लगातार पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार कर रही हैं।


विशेषज्ञता

शुभांगी की लेखन शैली की खास बात यह है कि वह जटिल विषयों को भी बेहद सरल और समझने योग्य भाषा में प्रस्तुत करती हैं। उनका मानना है कि अच्छी पत्रकारिता केवल जानकारी देने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि पाठकों की रोजमर्रा की जिंदगी को बेहतर और आसान बनाने में भी सहायक होनी चाहिए। इसी सोच के साथ वह एक्सपर्ट्स की राय, रिसर्च और अपने व्यक्तिगत अनुभवों को जोड़कर ऐसे ‘हैंडी टिप्स’ साझा करती हैं जिनसे पाठक खुद को सीधे जुड़ा हुआ महसूस करते हैं।


पुरस्कार

लाइव हिंदुस्तान में काम करते हुए शुभांगी को ज्यादा रीडर एंगेजमेंट के लिए मंथली अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है, जो उनके कंटेंट की लोकप्रियता और प्रभाव को दर्शाता है। डिजिटल ट्रेंड्स और ऑडियंस की पसंद को समझना उनकी बड़ी ताकत है।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि

शुभांगी ने जर्नलिज्म के साथ-साथ एल.एल.बी की पढ़ाई भी की है, जिससे उनके कंटेंट में तथ्यात्मक मजबूती और संतुलित दृष्टिकोण देखने को मिलता है। वह पत्रकारिता को सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि समाज से जुड़ने और लोगों की जिंदगी में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम मानती हैं।

और पढ़ें
Hindi News , Lifestyle News in Hindi , Health News , Recipe , Fashion , Beauty और Fitness से जुड़ी ताज़ा खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsलाइफस्टाइल न्यूज़हेल्थमुंह की बदबू दूर करने के लिए क्या लें और किन चीजों से बचें? डेंटिस्ट से जानें