
गले में खाना अटक जाए तो क्या करें? अकेले हों तो डॉक्टर की बताई ये टिप्स बचा सकती हैं जान!
Choking: ऐसा कई बार होता है जब हम कुछ खा रहे होते हैं और वो अचानक गले में अटक जाता है। अगर आप अकेले हैं, तो सिचुएशन और भी सीरियस हो सकती है। इस स्थिति से कैसे निपटना है, आइए डॉक्टर से जानते हैं।
ऐसा कई बार होता है जब हम कुछ खा रहे होते हैं और वो अचानक गले में अटक जाता है। ऐसी स्थिति कई बार काफी गंभीर भी हो जाती है। तेज खांसी और सांस लेने में तकलीफ होना, ये कुछ आम लक्षण हैं जो चोकिंग के दौरान देखने को मिलते हैं। ऐसी स्थिति में कई बार लोग पानी पी लेते हैं, जिससे चीजें और भी खराब हो सकती हैं। खासतौर से अगर आप अकेले हैं, तो सिचुएशन और भी सीरियस हो सकती है। अब सवाल है कि इस स्थिति में क्या किया जाना चाहिए? ऑर्थो और स्पोर्ट्स सर्जन डॉ ओबैदुर रहमान ने एक वीडियो पोस्ट के जरिए इसी बारे में विस्तार से बताया है। किसी भी इमरजेंसी सिचुएशन से निपटने के लिए ये लाइफ सेविंग टिप्स जरूर जान लें।
सबसे पहले जान लें क्या नहीं करना है?
जैसे ही लोगों के गले में खाना अटक जाता है, तो वो सबसे पहले पानी पीते हैं। डॉ रहमान कहते हैं कि ऐसा करने से आपका खाना अंदर नहीं जाता, बल्कि चीजें और भी खराब हो जाती हैं। इसके अलावा आपको इस स्थिति में कभी भी लेटना नहीं चाहिए, इससे सांस की नली बंद हो सकती है। अपने मुंह में उंगली डालने से भी बचें, इससे खाना अंदर की तरफ पुश हो सकता है और सूजन बढ़ सकती है। सबसे जरूरी है कि पैनिक हो कर इधर-उधर ना भागें और अपनी मदद खुद करें।
फिर क्या करना सही है?
कुर्सी की मदद से सेल्फ-हाइम्लिक करें
अकेले में चोकिंग होने पर आप कुर्सी की मदद से सेल्फ-हाइम्लिक कर सकते हैं। इसके लिए अपने नाभि से ऊपर वाले हिस्से को, किसी मजबूत कुर्सी की बैक पर रखें। अब अपने शरीर को नीचे की तरफ तेज झटका दें। ऐसा तब तक रिपीट करें, जब तक ब्लॉकेज दूर ना हो जाए।
मुट्ठी बनाकर थ्रस्ट दें
अपने एक हाथ से मुट्ठी बनाकर उसे नाभि के ठीक ऊपर रखें। दूसरे हाथ से मुट्ठी को पकड़ें और अंदर और ऊपर की तरह तेज दबाव डालें। इसे तब तक रिपीट करते रहें, जब तक अटका हुआ पार्टिकल बाहर ना आ जाए।
शोल्डर ब्लेड के बीचों-बीच थपथपाएं
अपनी हथेली से दोनों शोल्डर ब्लेड्स के बीच में थपथपाएं। इससे जो भी पार्टिकल अटका हुआ है, वो बाहर आ जाएगा।
टेबल या काउंटरटॉप का सहारा लें
कोई भी हार्ड सर्फेस जैसे टेबल का काउंटरटॉप के सहारे पेट को टिका कर नीचे की और दवाब डालें। इससे तेज एब्डॉमिनल थ्रस्ट बनता है, जो ब्लॉकेज को बाहर निकालने में मदद कर सकता है।
सांस आ रही हो तो खांसते रहें
अगर आप ठीक से सांस ले पा रहे हैं, तो लगातार तेज तेज खांसते रहें। तेज और गहरी खांसी खाने के छोटे टुकड़ों को बाहर निकालने में मदद कर सकती है।
स्पीकर पर करें इमरजेंसी कॉल
स्थिति गंभीर होने पर तुरंत इमरजेंसी नंबर डायल करें। इसके लिए फोन हमेशा स्पीकर पर रखें, ताकि अगर आप बोल भी ना पाएं, तो आपको ट्रेस किया जा सके और मदद भेजी जा सके।
दरवाजा खोलकर रखें
चोकिंग जैसी स्थिति में अगर आप अकेले हैं, तो घर के दरवाजे खोलकर रखें। ताकि बाहर से कोई दूसरा आ कर आपकी मदद कर सके।
नोट: यह आर्टिकल सोशल मीडिया पर साझा किए गए यूज़र-जनित कंटेंट पर आधारित है। लाइव हिंदुस्तान ने इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है और ना ही इनका समर्थन करता है।

लेखक के बारे में
Anmol Chauhanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




