भूनकर या उबालकर- सेहत के लिए कौन सा भुट्टा है ज्यादा फायदेमंद? हेल्थ एक्सपर्ट ने बताया सही जवाब
भुट्टा कभी न कभी आपने जरूर खाया होगा उबला या फिर भुना हुआ। क्या आप जानते हैं कौन सा भुट्टा ज्यादा फायदेमंद होता है, चलिए आपको बताते हैं। इसके बाद आप सही तरीके से भुट्टा खाना जान लेंगे।

भुट्टा ऐसी चीज है, जिसे हम कभी भी खा सकते हैं। बस, ट्रेन, मूवी थिएटर, घर या बाहर कहीं भी आपने भुट्टा लिया होगा और मजे से खाया होगा। कभी आपने बॉयल स्वीट कॉर्न खाया होगा तो कभी भुने हुए भुट्टे का स्वाद लिया होगा। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि एक ही चीज को हम दो तरह से खा सकते हैं, ऐसे में ज्यादा फायदेमंद कौन होगा? भुट्टा सेहत के लिए फायदेमंद होता है और दोनों ही तरीकों के अपने अलग फायदे हैं। हेल्थ एक्सपर्ट के मुताबिक, अधिकतर लोगों को नहीं पता कि कौन सा भुट्टा सेहत के लिए ज्यादा अच्छा माना जाता है।
भुट्टा में क्या पाया जाता है
भुट्टे में कार्बोहाइड्रेट, फाइबर, प्रोटीन, और विटामिंस जैसे विटामिन सी, बी6 और फोलेट जैसे खास तत्व होते हैं। इसे खाने से शरीर में एनर्जी बनी रहती है और पाचन भी बेहतर रहता है। इसमें मौजूद तत्व आंखों की रोशनी बढ़ाने में मदद करते हैं। भुट्टे में मौजूद फाइबर पेट को जल्दी भरता है और इससे वेट लॉस में मदद मिलती है।
उबला या भुना हुआ कौन सा सही?
- उबला भुट्टा खाने के फायदे-
- उबला भुट्टा पेट के लिए हल्का होता है और आसानी से पच जाता है। उबालने पर भुट्ट के पोषक तत्व कही जाते नहीं है और इसे खाने से शरीर में एनर्जी आती है। बच्चों से बुजुर्गों तक के लिए उबला भुट्टा खासतौर पर फायदेमंद होता है। जिन लोगों के दांत कमजोर होते हैं, उनके लिए भी उबला भुट्टा सही होता है।
- भुना हुआ भुट्टा खाने के फायदे-
- भुट्टा भूनकर खाने का पुराना तरीका है और इसे भूनने के लिए आंच पर सेका जाता है। इसे बिना पानी और तेल के भून सकते हैं, ऐसे में इसके पोषक तत्वों में खास कमी नहीं आती है। भूनने से भुट्टे में मौजूद प्राकृतिक शुगर कारमेलाइज हो जाती है, जिससे इसका स्वाद भी बढ़ जाता है। हालांकि, भुना हुआ भुट्टा शुगर पेशेंट के लिए सही नहीं होता लेकिन वजन कंट्रोल करने में सहायक होता है। अगर आप भूनने के बाद इस पर नमक, मक्खन लगाकर खाते हैं, तो ये उतना हेल्दी नहीं रह जाता है।
कौन सा खाना है सही?
भुट्टा आप दोनों तरीकों से खा सकते हैं लेकिन भूनकर खाना ज्यादा सही होता है, बस आप ज्यादा नमक ऊपर से न डालें। उबला हुआ भुट्टा भी खा सकते हैं लेकिन ये कमजोर दांत वाले लोगों के लिए ज्यादा सही है। वैसे तो भुना और उबला दोनों ही भुट्टा सेहत के लिए सही होता है।


