
शराब पीने से पहले क्या खाएं, ताकि न चढ़ पाए नशा; न हो हैंगओवर, न्यू ईयर पार्टी से पहले डायटीशियन ने बताया
अगर आप भी नए साल पर दोस्तों के साथ ड्रिंक करने का प्लान बना रहे हैं तो डायटीशियन से पहले ही जान लें, शराब पीने से पहले क्या खाया जाता है, ताकि शरीर पर शराब का असर काफी हद तक कम हो।
नए साल 2026 का जश्न, ज्यादातर लोग 31 दिसंबर की शाम से, अपने दोस्तों और परिजनों के साथ मिलकर पार्टी करते हुए एन्जॉय करना पसंद करते हैं। हालांकि डॉक्टर अच्छी सेहत के लिए शराब का सेवन नहीं करने की सलाह देते हैं। लेकिन कुछ लोगों के लिए नए साल का जश्न इसके बिना अधूरा रहता है। ऐसे में अगर आप भी नए साल पर दोस्तों के साथ ड्रिंक करने का प्लान बना रहे हैं तो डायटीशियन से पहले ही जान लें, शराब पीने से पहले क्या खाया जाता है, ताकि शरीर पर शराब का असर काफी हद तक कम हो। सीके बिड़ला अस्पताल की न्यूट्रिशनिस्ट डॉ. दीपाली शर्मा कहती हैं कि यूं तो शराब का सेवन सेहत को नुकसान पहुंचाता है। लेकिन आप अगर नए साल पर दोस्तों के साथ ड्रिंक करने का प्लान बना रहे हैं तो ऐसा करने से पहले खाया गया सही फूड नशा एकदम नहीं चढ़ने देता, जिससे पेट पर कम असर होता है और अगले दिन हैंगओवर भी हल्का बना रहता है। शराब पीने से पहले, प्रोटीन, स्वस्थ वसा और फाइबर से भरपूर पौष्टिक भोजन खाएं। यह शराब के अवशोषण को धीमा करने में मदद करता है और पेट को खाली होने से बचाता है।
शराब पीने से पहले क्या खाएं, ताकि न चढ़ें नशा
-कभी भी खाली पेट शराब का सेवन ना करें। ऐसा करने से रक्त में शराब का अवशोषण तेजी से होने लगता है। जो गंभीर निर्जलीकरण, शरीर के इलेक्ट्रोलाइट असंतुलित होने का कारण बन सकते हैं। परिणामस्वरूप उल्टी, मांसपेशियों में कमजोरी और हृदय गति को नियंत्रित करने में कठिनाई हो सकती है। जब पेट भरा होता है, तो शराब खून में धीरे-धीरे जाती है और लिवर को उसे तोड़ने का ज्यादा समय मिलता है।
-शराब पीने से पहले हेल्दी फैट, प्रोटीन और कॉम्प्लेक्स कार्ब्स का सेवन अच्छा रहता है, यह सभी चीजें धीरे-धीरे डाइजेस्ट होकर ब्लड शुगर को कंट्रोल रखने में मदद करती हैं।
-एवोकाडो, नट्स और सीड्स (जैसे बादाम, अखरोट, चिया सीड्स) बेहतरीन ऑप्शन हैं। इनमें मौजूद फैट पेट में एक तरह की प्रोटेक्टिव लेयर बना देता है जिससे शराब धीरे अवशोषित होती है। बाहर निकलने से पहले एक मुट्ठी बादाम खा लेना भी काफी फायदेमंद है।
-प्रोटीन रिच फूड जैसे अंडे, ग्रीक योगर्ट, पनीर, टोफू, या चिकन- पेट में लंबे समय तक रहते हैं और पीते समय चक्कर, कमजोरी या सिरदर्द जैसी समस्याओं का कारण नहीं बनते हैं।
-कॉम्प्लेक्स कार्ब्स जैसे ओट्स, ब्राउन राइस, शकरकंद, होल ग्रेन- ये धीरे-धीरे एनर्जी देते रहते हैं। शराब ब्लड शुगर गिरा देती है, जिसकी वजह से कमजोरी, चिड़चिड़ापन और उलझन होती है। एक वेज-चिकन रैप, होल व्हीट सैंडविच, या नट्स के साथ पोहा-ये सब अच्छे प्री-ड्रिंक ऑप्शन हैं।
-फाइबर रिच फल और सब्जियां (जैसे केला, सेब, सलाद) शराब के अवशोषण को और धीमा कर देते हैं। खासकर केला बहुत अच्छा है क्योंकि इसमें पोटैशियम होता है, जो शराब के असर को कम कर देता है।
-बहुत मसालेदार, तला हुआ या ज्यादा खट्टा खाना, पीने से पहले अवॉइड करना चाहिए। ये पेट में जलन बढ़ा देते हैं और शराब के साथ मिलकर एसिड रिफ्लक्स का कारण बनते हैं।
- शराब का सेवन करने से पहले हाइड्रेशन भी जरूरी है। शराब पीने से पहले एक बड़ा ग्लास पानी या इलेक्ट्रोलाइट वाला ड्रिंक पी लें। ऐसा करने से हैंगओवर काफी कम महसूस होगा।
सलाह-
शराब पीने से पहले हेल्दी फैट के साथ प्रोटीन और कॉम्प्लेक्स कार्ब्स का कॉम्बिनेशन बनाए रखें। इससे नशा धीरे चढ़ेगा, ब्लड शुगर कंट्रोल में रहेगा और पेट भी सुरक्षित रहेगा।
डिस्क्लेमर- हिन्दुस्तान लाइव किसी भी स्थिति में शराब के सेवन को बढ़ावा नहीं देता है। हालांकि, जो लोग शराब का सेवन करते हैं, उन्हें इसके असर से बचाने के लिए डायटीशियन की सलाह दी गई है।

लेखक के बारे में
Manju Mamgainलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




