
डेंटिस्ट के पास जाने से पहले न करें ये 7 गलतियां, पढ़िए डॉक्टर की जरूरी सलाह
डेंटिस्ट के पास जाने की तैयारी सिर्फ दांत साफ करने तक सीमित नहीं है, बल्कि सही जानकारी और सही आदतों के साथ जाना ही आपके इलाज को सफल और दर्द रहित बनाता है। डॉक्टरों की सलाह मानकर और इन छोटी बातों का ध्यान रखकर आप बेहतर इलाज पा सकते हैं।
अधिकांश लोग दांत दर्द या किसी परेशानी के समय ही दंत चिकित्सक के पास जाते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि डॉक्टर के पास जाने से पहले की गई कुछ छोटी-सी गलतियां जांच और इलाज दोनों को प्रभावित कर सकती हैं? दंत चिकित्सकों के अनुसार, सही तैयारी न केवल इलाज को आसान बनाती है बल्कि सही निदान में भी मदद करती है। मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल,(वैशाली) के डेंटिस्ट डॉ. निशांत त्यागी कहते हैं कि डेंटिस्ट के पास जाने की तैयारी सिर्फ दांत साफ करने तक सीमित नहीं है, बल्कि सही जानकारी और सही आदतों के साथ जाना ही आपके इलाज को सफल और दर्द रहित बनाता है। डॉक्टरों की सलाह मानकर और इन छोटी बातों का ध्यान रखकर आप न केवल बेहतर इलाज पा सकते हैं, बल्कि अपने दांतों और मसूड़ों को लंबे समय तक स्वस्थ भी रख सकते हैं।
1. दर्द निवारक दवाएं खुद से न लें
कई लोग दांत में दर्द होने पर डॉक्टर के पास जाने से पहले पेनकिलर ले लेते हैं। इससे दर्द तो कुछ समय के लिए कम हो सकता है, लेकिन इससे समस्या की गंभीरता छिप सकती है। डॉक्टर बताते हैं कि दर्द की असली वजह समझने के लिए लक्षणों का सही दिखना जरूरी होता है। इसलिए बिना सलाह के दवाएं लेने से बचें।
2. दांतों को जरूरत से ज्यादा जोर से साफ न करें
डेंटिस्ट के पास जाने से पहले लोग कई बार ज्यादा जोर से ब्रश करते हैं या टूथपिक का इस्तेमाल करते हैं। इससे मसूड़ों में सूजन या खून आ सकता है, जो जांच को प्रभावित कर सकता है। डॉक्टर सलाह देते हैं कि सामान्य तरीके से हल्के हाथ से ब्रश करें, ताकि मसूड़ों की असली स्थिति देखी जा सके।
3. धूम्रपान और तंबाकू से दूर रहें
दंत चिकित्सक के पास जाने से पहले धूम्रपान या तंबाकू का सेवन करने से बचना चाहिए। इससे मुंह में दुर्गंध होती है और मसूड़ों की सही स्थिति का आकलन करना मुश्किल हो जाता है। इसके अलावा, तंबाकू मुंह के कैंसर और मसूड़ों की बीमारियों का भी बड़ा कारण होता है।
4. खाली पेट या बहुत भारी भोजन से बचें
कुछ लोग खाली पेट डेंटिस्ट के पास जाते हैं, जिससे इलाज के दौरान चक्कर या कमजोरी महसूस हो सकती है। वहीं, बहुत भारी भोजन करने से उल्टी या असहजता हो सकती है। डॉक्टर हल्का और संतुलित भोजन करके आने की सलाह देते हैं, ताकि इलाज आराम से हो सके।
5. अपनी परेशानी छुपाएं नहीं
कई मरीज शर्म या डर के कारण अपनी आदतें या लक्षण डॉक्टर को पूरी तरह नहीं बताते, जैसे रात में दांत पीसना, मुंह से बदबू, या खून आना। डॉक्टरों के अनुसार, सही इलाज के लिए पूरी जानकारी देना जरूरी है। कोई भी जानकारी छोटी नहीं होती।
6. मुंह के छालों या सूजन को नजरअंदाज न करें
अगर मुंह में छाले, सूजन या घाव हैं, तो इन्हें नजरअंदाज न करें और डॉक्टर को जरूर बताएं। कुछ मामलों में ये संक्रमण या अन्य गंभीर समस्याओं के संकेत हो सकते हैं।
7. पुराने मेडिकल रिकॉर्ड साथ लाना न भूलें
अगर आपको मधुमेह, ब्लड प्रेशर या कोई अन्य बीमारी है, तो उसकी जानकारी और दवाओं की सूची डॉक्टर को देना जरूरी है। इससे इलाज सुरक्षित और प्रभावी बनता है।

लेखक के बारे में
Manju Mamgainलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




