पेपर बैग: AIIMS डॉक्टर ने बताया पैनिक अटैक में तुरंत राहत का आसान तरीका
पैनिक अटैक के दौरान तेज सांसें, घबराहट और सीने में जकड़न आम लक्षण हैं। AIIMS दिल्ली की डॉक्टर प्रियंका सेहरावत बता रही हैं कि ऐसे समय में एक साधारण पेपर बैग कैसे तुरंत राहत दे सकता है।
अचानक घबराहट, दिल की तेज धड़कन, सांस फूलना और सीने में जकड़न- ये सभी पैनिक अटैक के आम लक्षण हैं। कई बार बिना किसी वास्तविक खतरे के व्यक्ति को ऐसा महसूस होने लगता है जैसे वह नियंत्रण खो रहा हो या हार्ट अटैक आ रहा हो। Mayo Clinic के अनुसार, पैनिक अटैक तीव्र भय की स्थिति होती है, जो शरीर में गंभीर शारीरिक प्रतिक्रियाएं पैदा कर सकती है। ऐसे में एक साधारण सा पेपर बैग तुरंत राहत देने में मदद कर सकता है।
AIIMS दिल्ली की जनरल फिजिशियन और न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. प्रियंका सेहरावत बताती हैं कि बार-बार पैनिक अटैक आने वाले लोगों के लिए पेपर बैग एक आसान लेकिन असरदार उपाय हो सकता है।
पैनिक अटैक के दौरान शरीर में क्या होता है?
पैनिक अटैक के समय व्यक्ति बहुत तेज-तेज सांस लेने लगता है, जिसे मेडिकल भाषा में हाइपरवेंटिलेशन कहा जाता है। इस प्रक्रिया में शरीर से कार्बन डाइऑक्साइड जरूरत से ज्यादा बाहर निकल जाती है। डॉ. सेहरावत के अनुसार, जब खून में कार्बन डाइऑक्साइड की मात्रा कम हो जाती है, तो शरीर का pH बैलेंस बिगड़ जाता है। इसका असर घबराहट, दिल की धड़कन बढ़ना, सीने में भारीपन, सांस लेने में तकलीफ, कंधों या पीठ में दर्द और सीने में जकड़न के रूप में दिखता है।
पेपर बैग कैसे करता है काम?
डॉ. प्रियंका बताती हैं कि ऐसे में पेपर बैग सांस लेने की प्रक्रिया को नियंत्रित करने में मदद करता है। व्यक्ति को एक साधारण पेपर बैग (आकार मायने नहीं रखता) लेकर अपनी नाक और मुंह को उससे ढकना चाहिए और उसे हल्के से सील कर लेना चाहिए। इसके बाद धीरे-धीरे 6 से 10 बार सांस अंदर-बाहर लेनी चाहिए।
पेपर बैग के अंदर सांस लेने से वही कार्बन डाइऑक्साइड दोबारा शरीर में जाती है, जो पैनिक अटैक के दौरान तेजी से बाहर निकल रही होती है। इससे खून में CO₂ का स्तर सामान्य होता है, pH बैलेंस सुधरता है और कुछ ही मिनटों में लक्षण कम होने लगते हैं।
कब जरूरी है डॉक्टर से सलाह लेना?
हालांकि पेपर बैग अस्थायी राहत दे सकता है, लेकिन डॉ. सेहरावत यह भी जोर देकर कहती हैं कि अगर किसी व्यक्ति को बार-बार पैनिक अटैक आते हैं, तो उसे केवल घरेलू उपायों पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। ऐसे मामलों में मनोचिकित्सक या मनोवैज्ञानिक से सलाह लेना जरूरी है, ताकि यह समझा जा सके कि दवाइयों, थेरेपी या लाइफस्टाइल में किन बदलावों की जरूरत है।
हेल्थ नोट: पेपर बैग पैनिक अटैक के दौरान एक सरल और तुरंत राहत देने वाला उपाय हो सकता है, लेकिन यह स्थायी इलाज नहीं है। मानसिक स्वास्थ्य को गंभीरता से लेना और सही समय पर विशेषज्ञ की मदद लेना सबसे जरूरी कदम है।

लेखक के बारे में
Shubhangi Guptaपरिचय एवं अनुभव
शुभांगी गुप्ता एक अनुभवी जर्नलिस्ट हैं जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वह पिछले 4+ वर्षों से देश के प्रतिष्ठित डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म लाइव हिंदुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) से जुड़ी हुई हैं। यहां वह बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर कार्यरत हैं। इससे पहले शुभांगी लगभग एक साल अमर उजाला डिजिटल में भी काम कर चुकी हैं।
करियर का सफर
लाइव हिंदुस्तान में शुभांगी लाइफस्टाइल टीम का हिस्सा हैं, जहां वह हेल्थ, फिटनेस, फैशन, ब्यूटी, फूड और रिश्तों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लगातार पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार कर रही हैं।
विशेषज्ञता
शुभांगी की लेखन शैली की खास बात यह है कि वह जटिल विषयों को भी बेहद सरल और समझने योग्य भाषा में प्रस्तुत करती हैं। उनका मानना है कि अच्छी पत्रकारिता केवल जानकारी देने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि पाठकों की रोजमर्रा की जिंदगी को बेहतर और आसान बनाने में भी सहायक होनी चाहिए। इसी सोच के साथ वह एक्सपर्ट्स की राय, रिसर्च और अपने व्यक्तिगत अनुभवों को जोड़कर ऐसे ‘हैंडी टिप्स’ साझा करती हैं जिनसे पाठक खुद को सीधे जुड़ा हुआ महसूस करते हैं।
पुरस्कार
लाइव हिंदुस्तान में काम करते हुए शुभांगी को ज्यादा रीडर एंगेजमेंट के लिए मंथली अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है, जो उनके कंटेंट की लोकप्रियता और प्रभाव को दर्शाता है। डिजिटल ट्रेंड्स और ऑडियंस की पसंद को समझना उनकी बड़ी ताकत है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि
शुभांगी ने जर्नलिज्म के साथ-साथ एल.एल.बी की पढ़ाई भी की है, जिससे उनके कंटेंट में तथ्यात्मक मजबूती और संतुलित दृष्टिकोण देखने को मिलता है। वह पत्रकारिता को सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि समाज से जुड़ने और लोगों की जिंदगी में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम मानती हैं।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




