
बिना दवाई के फौरन कैसे कम करें हाई ब्लड प्रेशर, गुरुग्राम के डॉक्टर ने बताए 5 आसान तरीके
Tips to Control High Blood Pressure: बीपी की समस्या कई बड़ी बीमारियों को सीधी दावत देती है। अगर बीपी बढ़ गया है और आपके पास दवा नहीं है, तो कुछ तरीकों से फौरन ब्लड प्रेशर कंट्रोल में कर सकते हैं। गुरुग्राम के डॉक्टर ने 5 तरीके बताए हैं।
हाई ब्लड प्रेशर कई बड़ी बीमारियों को सीधा न्योता देता है। कहा जाता है हाई बीपी से हार्ट अटैक, ब्रेन स्ट्रोक का खतरा हमेशा बना रहता है। लोग बीपी को काबू में रखने के लिए दवा का सहारा लेते हैं लेकिन अगर कभी दवाई खत्म हो जाए। तो इलाज के लिए डॉक्टर के पास जल्द से जल्द पहुंचने की कोशिश करें। अगर डॉक्टर के पास जाने में समय लग रहा है, तो कुछ आसान और असरदार तरीके हैं, जिनकी मदद से आप फौरन बढ़ी हुई बीपी को कंट्रोल में कर सकते हैं। गुरुग्राम के सीके बिड़ला हॉस्पिटल के एसोसिएट डायरेक्टर डॉक्टर तुषार तायल ने हाई ब्लड प्रेशर को कम करने के 5 आसान टिप्स बताए हैं।
हाई ब्लड प्रेशर के लक्षण-
- चक्कर आना
- थकान
- कमजोरी
- धुंधला दिखना
- सांस लेने में परेशानी होना
- उल्टी या मतली बनना
बीपी बढ़ने पर क्या करें-
1- सबसे पहले आप शांति से बैठ जाइये और स्ट्रेस बिल्कुल लेना बंद करें। घबराने या स्ट्रेस लेने से बीपी कम नहीं होगा बल्कि बढ़ जाएगा। अगर गाना सुनने से आपको आराम मिलता है, तो रिलैक्सिंग सॉन्ग सुनें।
2- गहरी सांस लें। 4 सेकेंड तक नाक से सांस अंदर खींच लें और फिर 4 सेकेंड तक अंदर सांस को रोककर रखिए। फिर 4 सेकेंड तक सांस को मुंह से धीरे-धीरे छोड़ें। ऐसा आपको 5 मिनट तक करना है। इससे नर्वस सिस्टम रिलैक्स होगा, हार्ट रेट कम होगा और बीपी भी कंट्रोल में आएगी।
3- एक से दो ग्लास पानी पिएं। पानी आप ठंडा, नॉर्मल, गुनगुना कैसा भी पिएं। कई बार शरीर में पानी की कमी से भी ब्लड प्रेशर हाई होने लगता है।
4- अगर आपने ज्यादा टाइट कपड़े पहने हुए हैं, तो उन्हें थोड़ा ढीला करें। कपड़े टाइट पहनने से शरीर असहज महसूस करता है और फिर ये सिग्नल दिमाग तक जाता है। धीरे-धीरे खून का बहाव कम होने लगता है और फिर ब्लड प्रेशर बढ़ने लगता है।
5- अपने खाने की चीजों में ज्यादा नमक और कैफीन की मात्रा कम करें। नमक या ज्यादा चाय-कॉफी पीने से भी बीपी बढ़ने का खतरा रहता है।
इमरजेंसी सिग्नल- अगर आपका बीपी 180/120 से ज्यादा बना हुआ है। सिर-सीने में तेज दर्द, सांस लेने में तकलीफ, धुंधला दिखने पर ये बड़े खतरे की घंटी है। किसी की मदद लें और फौरन अस्पताल पहुंच जाए।
नोट- यह खबर सामान्य जानकारियों पर आधारित है। किसी भी तरह की विशेष जानकारी के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ से उचित सलाह लें।

लेखक के बारे में
Deepali Srivastavaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




