गणपति बप्पा की मूर्ति के पीछे 5 तरीकों से करें सजावट, देख लें बैकड्रॉप डेकोरेशन आइडिया
गणेश चतुर्थी पर बप्पा को घर लाने से पहले ही भक्त उनके सजावट की तैयारियां करने लगते हैं। इस बार बप्पा को घर लाने से पहले उनका दरबार सजाना चाहते हैं तो इन 5 क्रिएटिव बैकड्रॉप डेकोरेशन आइडिया को जरूर सेव कर लें।

गणेश चतुर्थी से पहले ही भक्त उनके घर में आने की तैयारियां करने लगते हैं। हर साल बप्पा को घर लाते हैं और उनका सुंदर दरबार सजाते हैं। तो इस बार भी कुछ हटके करने का विचार कर लें। मूर्ति के पीछे बैकड्रॉप सजाने के लिए ये 5 आइडिया अभी से नोट कर लें। जो फटाफट सज जाएंगे और आपकी बहुत सारी मेहनत की भी जरूरत नहीं पड़ेगी।
पाम की पत्तियों से सजाएं
बप्पा की मूर्ति के पीछे सजावट करने के लिए बहुत सारे पैसे नहीं खर्च करने हैं तो बस ये क्रिएटिव आइडिया को नोट कर लें। आसपास से पाम की पत्तियों को ले आएं। ये पत्तियां सजावट के लिए सबसे ज्यादा डिमांड में रहती हैं और आपके बप्पा का बैकड्रॉप भी इसी से सजेगा। सबसे पहले आठ से दस पत्तियों को लें। इसे अपने मूर्ति और सजावट के अनुसार छोटा कर लें। अब थोड़े मोटे साइज के फोम के टुकड़े को लें जो लगभग आठ इंच बड़ा और ऊंचा हो। इसे पानी से भिगोकर गीला कर लें और फिर निचोड़ दें। जिससे पानी ना टपके लेकिन ये भारी हो जाए। अब इसे रखकर इसमे पत्तियों को गाड़ दें। इसके साथ ही कुछ नकली गुलाब के फूल और छोटे फूलों को भी साथ में गाड़ दें और बस आगे बप्पा की मूर्ति को रखें। ये आइडिया बहुत कमाल का है और छोटी जगह पर सजाने के लिए परफेक्ट है।
ऑनलाइन खरीदे राउंड शेप रिंग
इन दिनों बप्पा के बैकड्रॉप की सजावट के लिए राउंड शेप रिंग ऑनलाइन बड़े ही आसानी से मिल जा रही हैं। इन्हें खरीदें और बप्पा की मूर्ति के पीछे रख दें। इस रिंग को आप कपड़े से ढंककर सजाएं या फिर फूलों का घेरा बनाएं। ये दोनों ही तरह से सुंदर दिखते हैं।
कार्डबोर्ड पर बनाएं बैकग्राउंड
जिस जगह पर आपको बप्पा की मूर्ति रखनी है उस जगह के हिसाब से कार्डबोर्ड काट लें। उस पर हरे रंग के घास वाले मैट को चिपकाएं और कुछ नकली फूलों को बीच-बीच में लगाकर सुंदर बैकग्राउंड बनाएं। इसे आप दीवार के सहारे खड़ा करें या फिर दीवार में चिपकाएं। दोनों ही तरह से ये सुंदर दिखेगा।
थर्माकोल की गिलासों से करें डेकोरेशन
थर्माकोल की डिस्पोजल वाली गिलासों को लें और उसे व्हाइट एंड रेड कलर से पेंट कर लें। इन गिलासों को एक के ऊपर एक रखकर पिलर बनाएं और दोनों तरफ रखकर ऊपर से इन्हीं गिलासों की तली को काटकर फूल बनाकर रखें।
आइसक्रीम की डंडी से बनाएं बैकड्रॉप डिजाइन
आइसक्रीम की डंडियों को खरीदकर लाएं और उन्हें एक के ऊपर एक रखकर गोंद से चिपकाकर जाली तैयार करें। अब इस जालीदार ढांचे को फूलों से, नेट के कपड़े से या फिर असली फूलों की माला से सजाकर गणपति जी के पीछे का बैकग्राउंड तैयार करें।


