सस्ते हो रहे भुट्टे! इस ट्रिक से 8 महीने तक फ्रीजर में करें स्टोर, स्वीट कॉर्न खा कर मजा आएगा
Tips to Store Sweet Corn: बरसात में मौसम में भुट्टे काफी सस्ते मिल रहे हैं। ऐसे में आप थोड़े ज्यादा भुट्टे ले कर इन्हें स्टोर कर सकते हैं। स्वीट कॉर्न खाना पसंद है, तो मौसम जाने के बाद भी आराम से इसका मजा उठा सकते हैं।

बरसात के मौसम में ताजे और मीठे भुट्टे बहुत ही सस्ते दामों पर मिलने लगते हैं। इनका इस्तेमाल कई डिशेज में किया जाता है। कई लोग इन्हें बॉयल कर के स्वीट कॉर्न चाट बना लेते हैं, तो कई बार पास्ता, सैंडविच, सलाद, सूप और पिज्जा जैसी दूसरी डिशेज में भी इस्तेमाल करते हैं। लेकिन हमेशा मार्केट में आपको सस्ते और अच्छे भुट्टे नहीं मिलने वाले। ऐसे में क्यों ना आप स्वीट कॉर्न के दाने निकालकर स्टोर कर लें? ये स्वीट कॉर्न आराम से 6-8 महीने तक चल जाते हैं। यानी बारिश का मौसम एक खत्म हो भी जाए, इसके बाद भी आप ताजे स्वीट कॉर्न का मजा ले सकते हैं। इसे स्टोर करने का तरीका बहुत ही सिंपल है, आपको कोई ज्यादा तामझाम करने की जरूरत नहीं है। तो आइए जानते हैं इससे जुड़ी कुछ टिप्स।
6-8 महीने के लिए स्टोर करें स्वीट कॉर्न
जब भी बाजार में ताजे और मीठे भुट्टे सस्ते मिलने लगें, तो उन्हें थोड़ी ज्यादा मात्रा में खरीद लाएं। इनके दानों को आप अगले 6-8 महीनों के लिए स्टोर कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले भुट्टे को अच्छी तरह छीलकर साफ कर लें, इसके बाल भी निकाल दें। फिर भुट्टे के सारे दाने निकालकर एक बर्तन में रख दें।
काम की टिप: भुट्टे को दो भागों में तोड़ लें। इस तरह से इसके दाने निकालना आसान हो जाता है और काम भी काफी जल्दी निपट जाता है।
पानी में उबाल लें भुट्टे के दाने
अब एक बड़ा बर्तन गैस पर चढ़ाएं और उसमें लगभग दो लीटर के करीब पानी लें। इसमें एक चम्मच चीनी भी मिला दें। जैसे ही पानी में उबाल आ जाए, भुट्टे के दाने उसमें डाल दें। इन्हें लगभग डेढ़ से दो मिनट के लिए उबलने दें, आप देखेंगे कि पानी में उबाल आने लगेगा। बस इसी स्टेज पर आपको गैस बंद कर देनी है। ध्यान रहे आपको कॉर्न को बहुत ज्यादा नहीं उबालना है, वरना वो ज्यादा सॉफ्ट हो कर गल जाते हैं।
तुरंत बर्फ वाले पानी में ट्रांसफर करें
कॉर्न को हल्का सा ब्लांच करने के बाद आपको तुरंत इसे ठंडे पानी में मिला देना है। एक बर्तन में बर्फ वाला बिल्कुल चिल्ड पानी लें और जैसी ही कॉर्न हल्के से उबल जाएं, इन्हें निकालकर इस पानी में ट्रांसफर कर दें। इससे कॉर्न का कुकिंग प्रॉसेस रुक जाएगा।
इस तरीके से सुखाकर स्टोर करें
कॉर्न को ठंडे पानी से निकालकर एक छलनी में कर लें, ताकि सारा एकस्ट्रा पानी निकल जाए। अब इन्हें किसी साफ सूती कपड़े पर फैलाकर पंखे के नीचे सूखने के लिए रख दें। जब कॉर्न पूरी तरह ड्राई हो जाएं, तो इन्हें किसी जिप लॉक बैग या एयर टाइट कंटेनर में स्टोर करें और फ्रिजर में रख दें। अब अगले 6-8 महीने तक, जब भी आपको कॉर्न खाने का मन करे, फ्रीजर से निकालिए और एंजॉय कीजिए।
जरूरी बात- कभी-कभी 2 से 3 घंटे का पावर कट आमतौर पर ठीक रहता है। लेकिन अगर आपके यहां 5-6 घंटे लाइट नहीं आती या बहुत ज्यादा पावर कट की समस्या होती है, तो इस तरह से कॉर्न स्टोर ना करें।
लेखक के बारे में
Anmol Chauhanअनमोल चौहान लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में टकंटेंट प्रोड्यूसर हैं। वह लाइफस्टाइल सेक्शन के लिए हेल्थ, रिलेशनशिप, फैशन, ट्रैवल और कुकिंग टिप्स से जुड़े विषयों पर लिखती हैं। डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए रीडर-सेंट्रिक और सरल भाषा में उपयोगी जानकारी प्रस्तुत करना उनके लेखन की खास पहचान है।
करियर की शुरुआत
अनमोल ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत 2024 में लाइव हिन्दुस्तान से की। बतौर फ्रेशर, वह डिजिटल मीडिया के कंटेंट फॉर्मेट, रीडर बिहेवियर और सर्च ट्रेंड्स को समझते हुए लाइफस्टाइल और फूड से जुड़े प्रैक्टिकल विषयों पर काम कर रही हैं, जिनमें डेली कुकिंग टिप्स, आसान रेसिपी आइडियाज़ और किचन हैक्स शामिल हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि
अनमोल चौहान ने दिल्ली विश्वविद्यालय से इतिहास और राजनीति विज्ञान में स्नातक (BA) की पढ़ाई की है। इसके बाद उन्होंने भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC) से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया। इस अकादमिक पृष्ठभूमि ने उन्हें सामाजिक समझ, फैक्ट-बेस्ड रिपोर्टिंग और जिम्मेदार पत्रकारिता की मजबूत नींव दी।
लेखन शैली और दृष्टिकोण
अनमोल का मानना है कि लाइफस्टाइल जर्नलिज्म का उद्देश्य सिर्फ ट्रेंड बताना नहीं, बल्कि रोजमर्रा में काम आने वाली, भरोसेमंद और आसानी से अपनाई जा सकने वाली जानकारी देना होना चाहिए। उनकी स्टोरीज में हेल्थ, फूड और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत किया जाता है।
विशेषज्ञता के क्षेत्र
लाइफस्टाइल और डेली लाइफ हैक्स
हेल्थ, फिटनेस और वेलनेस
रिलेशनशिप और इमोशनल वेल-बीइंग
कुकिंग टिप्स, किचन हैक्स और आसान रेसिपी आइडियाज
फैशन और एथनिक स्टाइलिंग
ट्रैवल और सीजनल डेस्टिनेशन


