जन्माष्टमी पर लड्डू गोपाल को लगाना है माखन-मिश्री का भोग, जानें मक्खन बनाने का तरीका
Janmashtami Bhog Prasad: जन्माष्टमी के मौके पर घरों में लोग लड्डू गोपाल की स्थापना कर उनकी पूजा और भोग लगाते हैं। कान्हा जी को प्रिय माखन मिश्री का भोग लगाना है तो इसे बनाने का तरीका जान लें।

जन्माष्टमी का त्योहार भाद्रपद माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को मनाया जाता है। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को बड़े ही धूम-धाम से मनाया जाता है। बहुत सारे घरों में लड्डू गोपाल को भोग प्रसाद लगाने के साथ ही जन्म भी कराया जाता है। भगवान श्रीकृष्ण को पूरे 56 भोग लगाने की मान्यता है। लेकिन उन्हें सबसे ज्यादा प्रिय माखन मिश्री है। अगर आप जन्माष्टमी के पावन मौके पर अपने कान्हा जी को माखन मिश्री खिलाना चाहती हैं तो इसे घर में ही बना सकती हैं। जानें क्या है सफेद मक्खन बनाने की विधि।
सफेद मक्खन बनाने की विधि
सफेद मक्खन को बनाने के लिए वैसे तो मलाई का इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन अगर आप एक साथ ढेर सारी ताजी मलाई इकट्ठा नहीं कर पा रही हैं तो फ्रेश क्रीम से भी इसे बना सकती है। ये काफी आसान है और इसका स्वाद भी लाजवाब होता है। मक्खन बनाने के लिए फुल क्रीम दूध को उबालकर फ्रिज में डाल दें। इसके ऊपर जमी मलाई को किसी बर्तन में निकालकर फ्रिज में स्टोर करें। करीब 7-8 दिन के दूध की मलाई को हर दिन एक बर्तन में फ्रिज में स्टोर कर लें।
जब पर्याप्त मात्रा में मलाई इकट्ठा हो जाए तो इसे फ्रीजर से बाहर निकाल लें। रूम टेंपरेचर पर आने के बाद इसे बड़े फूड प्रोसेसर या फिर बड़े मिक्सी के जार में डालें। साथ में करीब आधा या एक कप ठंडा पानी डालकर चलाएं। कुछ ही देर में मक्खन ऊपर आ जाएगा और पानी नीचे बैठ जाएगा। अगर थोड़ी देर चलाने पर मक्खन नहीं निकल रहा तो मिक्सी को थोड़ा सा और चलाएं। कुछ ही देर में मक्खन जार में ऊपर की तरफ इकट्ठा हो जाएगा और पानी नीचे रह जाएगा।
बस इस मक्खन को किसी बर्तन में निकाल लें। फ्रिज में स्टोर कर आप इसे करीब 5-6 दिन तक इस्तेमाल में ला सकते हैं। कान्हा जी को भोग लगाने के लिए बस मिश्री मिलाकर प्रसाद चढ़ाएं।
