बरसात में बेसन-मैदा को कीड़ों से बचाने का आसान तरीका, डिब्बे में डालें ये 3 चीजें
मैदा-बेसन को कीड़ों से बचाने के लिए अगर आप कई तरीके अपनाती हैं, तो जरा रुक जाइये। डिब्बे में सिर्फ 3 चीजों को डालने से ही बेसन-मैदे से कीड़े दूर रहेंगे।

बारिश का मौसम हर किसी को सुहावना लगता है और हर कोई बालकनी में बैठकर चाय के साथ पकौड़े खाना चाहता है। इस मौसम में कुछ ऐसी चीजें भी हैं, जिन पर अगर ध्यान न दिया जाए तो वह खराब हो सकती है। किचन की कई चीजें ऐसी होती हैं, जिन्हें सुरक्षित रखने के लिए महिलाएं पहले से ही तैयारी कर लेती हैं। बरसातर में खासतौर पर दाल-चावल, आटा, बेसन, मैदा इन चीजों में घुन-कीड़े लगने का डर रहता है। ऐसे में जरूरी है कि पहले ही इन्हें सही रखने की तैयारी कर ली जाए। बेसन-मैदा में कीड़े जल्दी लगते हैं क्योंकि दोनों ही आटे नमी सोखने वाले होते हैं। इन्हें बचाने के लिए आप कुछ चीजों को डिब्बे में डालकर रख सकते हैं, इससे कीड़े आस-पास भी नहीं फटकेंगे।
बेसन-मैदा के डिब्बों में क्या डालकर रखें
कुछ ऐसी चीजें हैं, जो अगर आप मैदा या बेसन के डिब्बे में डाल देंगे तो कीड़े उनकी कड़वाहट या महक से दूर रहेंगे। ऐसे में आपके आटे सुरक्षित और खाने लायक बने रहेंगे। चलिए बताते हैं ये चीजें क्या हैं-
1- नीम के पत्ते
बेसन और मैदा के डिब्बे में नीम की कुछ ताजी और सूखी पत्तियां डालकर रखना एक आसान और असरदार घरेलू उपाय है। नीम की पत्तियों में एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-फंगल गुण पाए जाते हैं, जो खाने को लंबे समय तक सुरक्षित रखने में मदद करते हैं। इसकी तेज महक कीड़ों और छोटे कीटों को डिब्बे के आसपास आने से भी रोकती है। साथ ही, नीम की पत्तियां नमी के प्रभाव को कम करने में भी सहायक होती हैं।
2- तेज पत्ता
तेज पत्ते से भी आप कीड़ों को दूर रख सकते हैं। मैदा-बेसन के डिब्बे में 2-3 तेज पत्ता डाल दीजिए और फिर उसे टाइट से बंद कर दीजिए। ऐसा करने से तेज पत्ता डिब्बे के अंदर की नमी सोखेगा और कीड़ों को लगने से बचाएगा।
3- लाल मिर्च-लौंग
खड़ी लाल मिर्च और लौंग से भी आप बेसन-मैदा के डिब्बे से कीड़ों को दूर भगा सकते हैं। इन दोनों की तीखी महक कीड़ों को पसंद नहीं होती और ये नमी भी सोख लेते हैं। आप 3-4 लौंग और 4-5 सूखी लाल मिर्च लेकर बेसन-मैदा के बीच में डाल दीजिए। कुछ भी बनाने से पहले इन्हें निकाल लीजिएगा।
कैसे स्टोर करें मैदा और बेसन
मैदा और बेसन को स्टोर करने के लिए आपको सिर्फ 2 चीजों का खास ध्यान रखना है। आप मैदा-बेसन को पन्नी में भरकर रखें और फिर किसी एयरटाइट कंटेनर या डिब्बे में रख दें। ऐसा करने से डिब्बे के जरिए सीधे मैदा-बेसन में नमी नहीं पहुंचेगी। साथ ही ये लंबे समय तक कीड़ों से बचे रहेंगे।


