सॉफ्ट गुलाब जामुन कैसे बनाएं? जानें दूध, मैदा और चाशनी का सही माप
घर पर गुलाब जामुन बनाते समय क्या वे अंदर से सख्त रह जाते हैं या चाशनी ठीक से नहीं सोखते? इसके लिए जानिए गुलाब जामुन डो का सही रेशियो और चाशनी बनाने का तरीका, जिससे वो सॉफ्ट बन सकते हैं।

गुलाब जामुन का नाम सुनते ही मुंह में मिठास घुलने लगती है। लेकिन घर पर इन्हें बनाते समय कई बार ऐसी गड़बड़ हो जाती है कि गुलाब जामुन बाहर से तो अच्छे दिखते हैं, पर अंदर से सख्त रह जाते हैं। कभी आटा ज्यादा टाइट हो जाता है, तो कभी चाशनी ठीक से नहीं बन पाती। ऐसे में सारी मेहनत खराब लगने लगती है। अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो सबसे पहले दूध पाउडर और मैदे का सही रेशियो समझ लें। साथ ही चाशनी में चीनी और पानी की मात्रा भी सही होनी चाहिए। आइए जानते हैं गुलाब जामुन को सॉफ्ट और रसदार बनाने के लिए कौन-से दो रेशियो याद रखने चाहिए।
सॉफ्ट गुलाब जामुन के लिए सही रेशियो
गुलाब जामुन सॉफ्ट बनाने के लिए सबसे पहले उनकी सामग्री का सही नाप लेना जरूरी है। इसके लिए एक कप दूध पाउडर में एक चौथाई कप मैदा, एक बड़ा चम्मच घी और एक चौथाई छोटा चम्मच बेकिंग सोडा लें। ध्यान रखें कि दूध पाउडर और मैदे को अंदाज से न डालें। मैदा ज्यादा होने पर गुलाब जामुन सख्त हो सकते हैं। वहीं, बेकिंग सोडा भी तय मात्रा में ही डालें, क्योंकि ज्यादा सोडा डालने से स्वाद और बनावट दोनों पर असर पड़ सकता है।
गुलाब जामुन का डो
सबसे पहले एक बर्तन में दूध पाउडर, मैदा और बेकिंग सोडा डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब इसमें घी डालें और हल्के हाथों से मिलाएं। इसके बाद थोड़ा-थोड़ा दूध डालकर नरम डो तैयार करें। ध्यान रखें कि डो को बहुत ज्यादा न गूंथें, वरना गुलाब जामुन की बनावट सख्त हो सकती है। डो तैयार होने के बाद इसे कुछ मिनट के लिए ढककर रख दें। फिर हाथों पर थोड़ा घी लगाकर छोटे-छोटे गोले बनाएं। गोले बनाते समय ध्यान रखें कि उनमें दरारें न हों। अगर गोले फटेंगे, तो तलते समय गुलाब जामुन टूट सकते हैं।
चाशनी के लिए चीनी और पानी का सही नाप
गुलाब जामुन का दूसरा जरूरी रेशियो है चाशनी का। इसके लिए एक कप चीनी में डेढ़ कप पानी लें। खुशबू के लिए चाहें तो दो से तीन इलायची और केसर के दो से चार धागे भी डाल सकते हैं। एक पैन में चीनी और पानी डालकर गर्म करें। चीनी पूरी तरह घुलने तक इसे चलाएं और फिर कुछ मिनट पकने दें। चाशनी को बहुत ज्यादा गाढ़ा करने की जरूरत नहीं है। अगर चाशनी ज्यादा गाढ़ी हो जाएगी, तो गुलाब जामुन इसे आसानी से नहीं सोख पाएंगे। चाशनी हल्की चिपचिपी हो और उसमें चीनी के दाने न रहें, इतना काफी है।
गुलाब जामुन तलते समय रखें ध्यान
गुलाब जामुन को हमेशा धीमी से मध्यम आंच पर तलें। तेल या घी बहुत गर्म होगा, तो वे बाहर से जल्दी भूरे हो जाएंगे, लेकिन अंदर से कच्चे रह सकते हैं। वहीं, बहुत ठंडे तेल में डालने से वे ज्यादा घी सोख सकते हैं। गोले डालने के बाद उन्हें धीरे-धीरे चलाते रहें, ताकि उनका रंग चारों तरफ से एक जैसा आए। जब वे सुनहरे भूरे हो जाएं, तो उन्हें निकाल लें। ध्यान रखें कि एक साथ बहुत सारे गोले न डालें, वरना उन्हें तलने में परेशानी हो सकती है।
चाशनी में डालने से पहले करें ये काम
गुलाब जामुन तलने के तुरंत बाद उन्हें बहुत ठंडी चाशनी में न डालें। चाशनी हल्की गर्म होनी चाहिए, ताकि गुलाब जामुन उसे अच्छी तरह सोख सकें। तले हुए गुलाब जामुन को चाशनी में डालकर कम से कम 1 से 2 घंटे रहने दें। इससे वे अंदर तक रसदार हो सकते हैं। अगर चाशनी बहुत गर्म होगी, तो गुलाब जामुन की बनावट पर असर पड़ सकता है। इसलिए चाशनी और गुलाब जामुन दोनों का तापमान ध्यान में रखें।
गुलाब जामुन सख्त होने से कैसे बचाएं?
- गुलाब जामुन सख्त होने की सबसे आम वजह डो में मैदा ज्यादा डालना, उसे जरूरत से ज्यादा गूंथना और तेज आंच पर तलना हैं। इसलिए सामग्री का नाप सही रखें, डो को नरम बनाएं और गुलाब जामुन को धीरे-धीरे तलें।
- चाशनी का रेशियो भी याद रखें: एक कप चीनी और डेढ़ कप पानी। सही नाप और धीमी आंच का ध्यान रखेंगे, तो घर पर गुलाब जामुन बनाने का रिजल्ट बेहतर हो सकता है।


