घर पर तैयार हो जाएगा नारियल का शुद्ध तेल, सीखें बनाने का आसान तरीका
नारियल के तेल का इस्तेमाल स्किन से लेकर कुकिंग तक में किया जाता है। वैसे तो मार्केट में नारियल के कई तरह के तेल मिलते हैं लेकिन आप इसे घर पर भी बना सकते हैं। यहां सीखिए घर पर शुद्ध नारियल का तेल बनाने का आसान तरीका।
नारियल का इस्तेमाल पूजा से लेकर खाने में किया जाता है। स्किन केयर में भी लोग इसका इस्तेमाल करते हैं। वैसे तो मार्केट में अलग-अलग ब्रांड के नारियल तेल आसानी से मिल जाते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि आप नारियल से घर पर ही तेल बनाकर तैयार कर सकते हैं। यहां हम जिस तरीके से नारियल का तेल बनाने का तरीका बता रहे हैं उससे आप शुद्ध नारियल तेल तैयार कर सकते हैं। यह तरीका आपके रुपये बचाता है और आपको बाजार के मिलावटी प्रोडक्ट्स से दूर रखने में मदद कर सकता है। यहां सीखिए कैसे बना सकते हैं नारियल का तेल-
कैसे बनता है नारियल का तेल
नारियल का शुद्ध तेल बनाने के लिए सबसे पहले हरे नारियल की जटा को छीलकर हटा दें और फिर किसी भारी चीज से नारियल को फोड़ दें। अब टूटे नारियल के अंदर से नारियल को निकाल लें। अब मिक्सर ग्राइंडर में नारियल को पीस लें। जरूरत लगे तो पानी डालकर नारियल का एक स्मूद पेस्ट बना लें। अब एक सूती कपड़े को बड़े कटोरे पर डालें और इसके ऊपर इस पेस्ट को डालें। अब कपड़े की एक पोटली बनाएं और अच्छे से ट्विस्ट करते हुए सारा रस निचोड़ लें। अब नारियल के इस दूध को 12 से 24 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें। ऐसा करके दूध से क्रीम अलग हो जाएगी। अब ऊपर जो क्रीम आए उसे एक पैन में अलग कर दें। अब इस क्रीम को लो से मीडियम आंच पर गर्म कर लें। बस बीच-बीच में इस क्रीम को चलाते रहें। अब धीरे-धीरे पानी सूख जाएगा और तेल अलग होने लगेगा। कुछ ही देर में नारियल का रंग डार्क ब्राउन हो जाएगा तब एक बर्तन पर स्टील की छन्नी रखें और इसे अच्छे से छान लें। अब कांच के एक कंटेनर में नारियल के तेल को भर लें। ध्यान रखें कि इसे कांच के कंटेनर में स्टोर करने से पहले ठंडा कर लें।
तेल बनाने के लिए अपनाएं ये टिप
- नारियल का तेल बनाने के लिए हमेशा पूरी तरह पके हुए नारियल का इस्तेमाल करें, इससे तेल ज्यादा निकलता है।
- नारियल का गूदा पीसते समय गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें, इससे दूध अच्छी तरह निकलता है।
- तेल को हमेशा मीडियम या धीमी आंच पर पकाएं, तेज आंच से तेल की क्वालिटी खराब हो सकती है।
- पकाते समय बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि वह तले में न लगे।
- तेल निकालने के बाद उसे पूरी तरह ठंडा करके साफ और सूखी कांच की बोतल में भरें।


