राजस्थानी गट्टे बनते हैं टाइट? इस सीक्रेट ट्रिक से बनेंगे एकदम सॉफ्ट

लाइव हिन्दुस्तान
share

राजस्थानी गट्टे बेसन से बनाए जाते हैं, ये स्वाद में काफी अच्छे लगते हैं और इसे टमाटर और दही की ग्रेवी के साथ तैयार किया जाता है। लेकिन अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि गट्टे काफी टाइट बनते हैं। ऐसे में इन्हें सॉफ्ट बनाने के लिए यहां देखिए सीक्रेट ट्रिक्स।

gatte ki sabji
गट्टे की सब्जी

राजस्थानी गट्टे राजस्थान की पारंपरिक डिश है, जिसमें बेसन के मसालेदार गट्टे बनाकर दही वाली ग्रेवी में पकाए जाते हैं। ये स्वाद में काफी अच्छे लगते हैं और इसे लंच या डिनर में बनाकर खाया जा सकता है। हालांकि, अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि गट्टे काफी टाइट या सख्त बनते हैं। जिसकी वजह से गट्टे का स्वाद अच्छा नहीं आता और सब्जी का मजा भी पूरी तरह से खत्म हो जाता है। गट्टे टाइट होने के कई कारण हो सकते हैं और अगर आप चाहते हैं कि ये सॉफ्ट बनें तो यहां हम कुछ सीक्रेट ट्रिक्स बता रहे हैं, जिन्हें अपनाकर गट्टे काफी सॉफ्ट बनेंगे।

क्यों टाइट हो जाते हैं गट्टे?

- बेसन टाइट होने का सबसे कॉमन कारण बेसन का आटा ज्यादा कसकर गूंथना या गट्टों को जरूरत से ज्यादा उबालना हो सकता है।

- बेसन में पानी कम डालने से गट्टे सख्त हो जाते हैं।

- आटा बहुत ज्यादा गूंथने से भी गट्टे टाइट हो सकते हैं।

- गट्टे के रोल को बहुत मोटा बनाने पर अंदर तक ठीक से नहीं पकते।

- बहुत देर तक उबालने से ये रबड़ जैसे हो सकते हैं।

बेसन के गट्टे सॉफ्ट बनाने की सिंपल ट्रिक्स

1) मोयन कम न रखें

1 कप बेसन में लगभग 2 बड़े चम्मच तेल डालें। बेसन को तेल के साथ अच्छी तरह मसलें। बेसन में मोयन सही है या नहीं इसे चेक करने के लिए मुट्ठी में दबाकर बेसन को हल्का बांधें अगर ये बंध जाए तो तो मोयन सही है।

2) पानी एकदम ज्यादा न डालें

थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर नरम आटा बनाएं। बहुत सूखा या कड़ा आटा लगाने से गट्टे काफी सख्त हो सकते हैं ।

3) आटा बहुत ज्यादा न गूंथें

गट्टे के आटे को बस इतना गूंथें कि मसाले अच्छी तरह मिल जाएं और आटा चिकना हो जाए। बहुत देर तक जोर लगाकर गूंथने की जरूरत नहीं।

4) दही से हो सकते हैं सॉफ्ट

1 कप बेसन में 1–2 चम्मच दही गट्टों को नरम रखने में मदद करता है। इसलिए बहुत ज्यादा दही न डालें।

5) बेकिंग सोडा की जरूरत नहीं

सोडा डालकर गट्टे सॉफ्ट तो हो जाते हैं लेकिन ट्रेडिशनल गट्टों में सोडा जरूरी नहीं है। ज्यादा सोडा डालने से स्वाद और बनावट खराब हो सकती है।

6) रोल बहुत मोटे न बनाएं

लगभग 1 से डेढ़ सेंटीमीटर मोटे लंबे रोल बनाएं। बहुत मोटे रोल बाहर से पककर अंदर से अलग टेक्सचर के हो सकते हैं।

7) पानी तेज उबाल पर रखें

पानी में गट्टे डालने से पहले पानी को अच्छी तरह उबाल लें। फिर गट्टे उबालने के लिए पानी में थोड़ा नमक और 1 चम्मच तेल डालकर अच्चे से उबाल लें।

8) ओवरकुक बिल्कुल न करें

गट्टे उबालने के लिए आम तौर पर 8 से 12 मिनट पर्याप्त होते हैं, लेकिन मोटाई के अनुसार समय बदल सकता है। जब गट्टे ऊपर आने लगें और पक जाएं तो इन्हें निकाल लें।

9) तुरंत ठंडे पानी में डालें

उबले हुए गट्टों को निकालकर 2 से 3 मिनट ठंडे पानी में डाल दें। इससे उनकी गर्मी में आगे पकने की प्रक्रिया रुकती है और टेक्सचर बेहतर रहता है।

10) ग्रेवी में भी बहुत देर न पकाएं

गट्टे पानी में पहले ही पक चुके होते हैं। दही की ग्रेवी में डालने के बाद 5 से 7 मिनट धीमी आंच काफी होती है। बहुत देर पकाने पर गट्टे सख्त हो सकते हैं।

Avantika Jain

लेखक के बारे में

Avantika Jain
अवंतिका जैन ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री ली है। फिलहाल वह बतौर सीनियर कॉन्टेंट प्रोड्यूसर लाइव हिंदुस्तान में लाइफस्टाइल सेक्शन के लिए लिखती हैं। एंटरटेनमेंट से जुड़ी खबरों को लिखने और वीडियोज बनाने में भी इनकी रुचि है। 5 साल से भी ज्यादा समय से पत्रकारिता कर रहीं अवंतिका लाइव हिन्दुस्तान से पहले ईटीवी भारत के दिल्ली डेस्क पर काम कर चुकी हैं। नई जगहों को एक्सप्लोर करना, नए लोगों से जुड़ना और फिल्में/वेब सीरीज देखने की शौकीन हैं। और पढ़ें
Hindi News , Lifestyle News in Hindi , Health News , Recipe , Fashion , Beauty और Fitness से जुड़ी ताज़ा खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsलाइफस्टाइल न्यूज़खानाराजस्थानी गट्टे बनते हैं टाइट? इस सीक्रेट ट्रिक से बनेंगे एकदम सॉफ्ट