6 आसान तरीकों से बिना तंदूर के बनाएं होटल स्टाइल नान, हमेशा बनेगा मुलायम और फूला
दाल मखनी, शाही पनीर और दम आली वगैराह के साथ नान का स्वाद बढ़िया लगता है। अगर आप नान घर पर बनाना चाहते हैं तो यहां हम 6 टिप्स बता रहे हैं जिन्हें अपनाकर आप होटल जैसा मुलायम और फूला हुआ नान बना सकते हैं।

नान एक ऐसी ब्रेड है जिसका ऑर्डर रेस्तरां में सबसे ज्यादा किया जाता है। इसे कई तरह से बनाया जाता है। इसमें गार्लिक नान, बटर नान और आलू नान जैसी कई वैरायटी आती हैं जिनका स्वाद दाल मखनी के साथ लाजवाब लगता है। रेस्तरां जैसा नान घर पर भी तैयार हो जाता है। बस इसके लिए तंदूर चाहिए होता है। लेकिन अगर आपके पास तंदूर नहीं है तो आप लोहे के तवे पर भी इसे बना सकते हैं लोहे के तवे पर बना नान दिखने में भी रेस्तरा जैसा लगता है। यहां कुछ टिप्स बता रहे हैं जिन्हें अपनाकर आप घर पर रेस्तरां जैसा नान बना सकते हैं।
1) आटा अच्छी तरह गूंथें
घर पर नान बनाने के लिए आटा सही तरह से लगा होना चाहिए। इसे लगाने के लिए मैदा में दही, थोड़ा तेल या घी, नमक, चीनी और अगर चाहें तो थोड़ा यीस्ट या बेकिंग पाउडर मिलाकर नरम आटा गूंथें। आटा लगाने के बाद उसे कम से कम 1-2 घंटे के लिए ढककर रखें। अगर आटा सही लगा होगा तो नान बिल्कुल रेस्तरां के जैसा बनेगा।
2) तवा सही चुनें
अगर आप रेस्तरां जैसे नान बनाना चाहते हैं तो लोहे के तवे का इस्तेमाल करें। नान बनाने के लिए लोहे का तवा सबसे अच्छा रहता है क्योंकि उस पर नान अच्छी तरह चिपकता है। वहीं नॉन-स्टिक तवे को उल्टा करके नान सेंकना मुश्किल हो सकता है।
3) एक तरफ पानी लगाएं
होटल में मिलने वाला नान एक तरफ से फूला होता है और दूसरी तरफ से फ्लैट होता है लेकिन पूरी तरह से सिका होता है। घर पर बनने वाले नान को तवे पर चिपकाना जरूरी होता है, इसलिए बेले हुए नान की एक तरफ हल्का पानी लगाएं और पानी वाली तरफ से तवे पर चिपका दें। इससे नान तवे से नहीं गिरेगा।
4) तेज आंच रखें
तवे पर नान तभी अच्छा बनेगा जब आंच को सही रखा जाएगा। नान बनाने के लिए तवे को पहले से अच्छी तरह गरम कर लें। फिर मीडियम-तेज से तेज आंच पर नान को बनाएं। इससे नान जल्दी फूलता है और चिपकी वाली तरफ से अच्छा तरह सिक जाता है।
5) तवा उल्टा करके सेकें
जब नीचे की तरफ नान अच्छे से पक जाए और ऊपर बुलबुले दिखने लगें, तो तवे को उल्टा करके सीधे आंच पर रखें ताकि ऊपर की सतह भी तंदूरी जैसी सिक जाए।
6) चिपकाएं धनिया कलौंजी
एक बार जब नान तवे पर चिपक जाए तब अपनी उंगलियों से नान को हल्का दबाएं। फिर थोड़ी कलौंजी और फ्रेश कटा हुआ हरा धनिया डालें। धनिया और कलौंजी नान पर चिपकाने से ये दिखने में बहुत अच्छा लगता है।


