एक ही स्वाद की दाल खाकर हो गए हैं बोर? बदलें तड़का लगाने का स्टाइल, सीखें 3 तरीके
दाल हर भारतीय घर में सबसे ज्यादा बनाई जाने वाली डिशेज में से एक है। बहुत से घरों में दाल एक ही तरह से बनाई जाती है, लेकिन अगर आप एक ही स्वाद की दाल खाकर बोर हो गए हैं तो तड़का लगाने का स्टाइल बदलें। सीखें दाल में तड़का लगाने के 3 अलग तरीके।

पोषक तत्वों से भरपूर दाल भारतीय खाने की जान है। ज्यादातर घरों में ये रोजाना बनने वाली चीजों में से एक हैं। दाल को रोटी या फिर चावल के साथ खाया जाता है इसलिए इसका स्वाद अच्छा होना जरूरी है। अगर आप एक ही फ्लेवर की दाल खाकर बोर हो गए हैं तो दाल में तड़का लगाने का तरीका बदलें। यहां हम 3 तरह से दाल में तड़का लगाने का तरीका बता रहे हैं। इन तड़कों का फ्लेवर काफी अलग होता है और ये दाल के स्वाद को काफी ज्यादा बढ़ा देते हैं।
अदरक लहसुन वाला तड़का
बारिश के मौसम में अदरक और लहसुन दोनों बहुत ज्यादा फायदेमंद माने जाते हैं। ऐसे में उबली दाल को फ्लेवरफुल बनाने के लिए अदरक लहसुन का तड़का लगाएं। इसके लिए अदरक को धोएं और फिर छीलकर कद्दूकस कर लें। अब लहसुन को भी छील लें और कद्दूकस कर लें। अब एक तड़का पैन में घी गर्म करें और फिर उसमें जीरा और हींग डालें अच्छे से चटकाने के बाद इसमें साबुत लाल मिर्च डालें अब इसमें कद्दूकस किया लहसुन डालें और हल्का ब्राउन होने के बाद कद्दूकस किया अदरक डालें। अच्छे से पकाएं और फिर इसमें अपनी पसंद के मसाले डालकर दाल में मिलाएं।
ढाबा स्टाइल प्याज टमाटर वाली दाल
इस दाल को बनाने के लिए सबसे पहले प्याज, टमाटर, हरी मिर्च को बारीक काट लें। फिर एक कढ़ाई में घी गर्म करें। इसके बाद इसमें जीरा, हींग और साबुत लाल मिर्च डालकर चटकाएं। अब इसमें प्याज डालें और अच्छे से भूनें। फिर इसमें टमाटर और हरी मिर्ची डालें। अच्छी तरह से मिक्स करने के बाद इसमें नमक, लाल मिर्ची पाउडर, धनिया पाउडर, हल्दी पाउडर डालें और फिर इसमें थोड़ा सा पानी डालकर पकाएं। दाल डालने से पहले थोड़ी कसूरी मेथी डालें और फिर दाल डालकर अच्छे से मिलाएं।
मसालों के साथ लगाएं तड़का
दाल में कुछ अलग टेस्ट चाहते हैं तो मसालों के साथ तड़का लगाएं। इसके लिए आपको जरूरत होगी एक टुकड़ा दालचीनी, चार लौंग, दो से तीन काली मिर्च, साबुत लाल मिर्च। इसे बनाने के लिए कढ़ाई में घी गर्म करने के बाद जीरा, हींग, लौंग, काली मिर्च, साबुत लाल मिर्च डालकर चटकाएं। फिर इसमें नमक, लाल मिर्ची पाउडर, धनिया पाउडर, हल्दी पाउडर डालें और अच्छे से मिक्स करें। इस दाल को बनाने के लिए दाल उबालते समय इसमें कुछ टमाटर के टुकड़े डालें।
टिप
- दाल का तड़का लगाने के लिए घी का इस्तेमाल करें।
- दाल में अच्छी रंगत के लिए हरा धनिया जरूर डालें।


