काम की बात: गंदे दरवाजे-खिड़की साफ करने के लिए रोजाना अपनाएं ये क्लीनिंग रूटीन, बिना दाग के हमेशा चमकेंगे
रोजाना घर की सफाई में ज्यादातर लोग खिड़की और दरवाजों को साफ करना भूल जाते हैं। ऐसे में धूल की वजह से इन पर अक्सर गंदे दाग चिपक जाते हैं। ऐसे में इन्हें साफ रखने और हमेशा चमकदार बनाने के लिए अपनाएं ये नुस्खे।

खिड़की और दरवाजे घर के उन हिस्सों में शुमार हैं जो सबसे ज्यादा गंदे होते हैं। हवा में मौजूद धूल के कण, मिट्टी, और गाड़ियों से निकलने वाला धुआं लगातार खिड़कियों और दरवाजों पर जमा होता रहता है। इसके अलावा घर के अंदर की खिड़कियां खाना के धुएं के चक्कर में चिकनी हो जाती है। खिड़कियां घरों में फिल्टर की तरह काम करती हैं और वह सारी गंदगी सोख लेती हैं। इसके अलावा दरवाजों को हम दिन में कई बार छूते हैं। ऐसे में हमारे हाथों में प्राकृतिक तेल, पसीना और कभी-कभी कुछ गंदगी होती है, जो दरवाजे से चिपक सकती है। ऐसे में इस गंदगी को साफ करने के लिए एक सिंपल क्लीनिंग हैक बताया है। इस हैक को अपनाकर आप दरवाजे और खिड़कियां खासकर कांच की खिड़कियों और सिंथेटिक पेंट्स पर जमा गंदगी को अच्छे से साफ कर सकते हैं। यहां देखिए खिड़की और दरवाजे साफ करने का आसान तरीका जिसे रोजाना की सफाई में आपको शामिल करना चाहिए।
दरवाजे की सफाई के लिए बनाएं क्लीनर
इस क्लीनर को बनाने के लिए आपको चाहिए आधा कप विनेगर, थोड़ा सा लिक्विड डिश वॉश, 4 से 5 बूंद नींबू का तेल और तीन कप गर्म पानी।
कैसे बनाएं क्लीनर
इस क्लीनर को बनाने के लिए सबसे पहले बताई गई चीजों को सही मात्रा में लें और फिर अच्छी तरह से मिक्स कर लें। इस मिक्स को या तो किसी चौड़े बर्तन में बनाएं या फिर आप एक बालटी में भी इसे बना सकते हैं। अच्छी तरह से जब ये मिक्स तैयार हो जाए तो इसे सफाई के लिए इस्तेमाल करें।
कैसे इस्तेमाल करें क्लीनर
इसे इस्तेमाल करने के लिए पहले खिड़की और दरवाजे को सूखे कपड़े से अच्छी तरह से साफ कर लें। ध्यान करें कोनो को मिस न करें क्योंकि यहीं पर सबसे ज्यादा धूल और मकड़ी के जाले छिपे होते हैं।
एक बार ड्राई क्लीनिंग करने के बाद इस मिक्स में एक कपड़ा डालें और अच्छी तरह से इसे गीला होने दें। पूरी चरह से जब ये गीला हो जाए तो इसे निचोड़ कर इस्तेमाल करें। इस कपड़े से खिड़की और दरवाजे को अच्छी तरह से पोंछ लें। दरवाजे के ऊपरी हिस्से से लेकर हैंडल तक को अच्छी तरह से पोंछे, खिड़की के भी कोनों को अच्छे से साफ करें। फिर साफ ड्राई कपड़े से इसे दोबारा पोंछ दें।
टिप- बताए गए मिक्स को बनाकर एक बोतल में भर लें। फिर रोजाना जितनी जरूरत हो उतने मिक्स को निकालें और सफाई के लिए इस्तेमाल करें।न


