
क्या आप भी 40 की उम्र में दिखती हैं 20 जैसी? जानें करीना कपूर की न्यूट्रिशनिस्ट इसे क्यों मानती हैं बुरा
बॉलीवुड की न्यूट्रिशनिस्ट रुजुता दिवेकर सीजनल और लोकल चीजें खाने पर जोर देती हैं। वह डायटिंग के भी खिलाफ हैं। अब उनका कहना है कि जो लोग अपनी कम उम्र से छोटे दिखते हैं , उन्हें खुश नहीं होना चाहिए। रुजुता ने इसकी वजह भी बताई।
दुनिया में ज्यादातर लोग ऐसे हैं जो अपनी उम्र से छोटे दिखना चाहते हैं। एंटी-एजिंग ट्रीटमेंट के लिए लोग ना जाने कितना पैसा खर्च करते हैं। इस बीच करीना कपूर की न्यूट्रिशनिस्ट रुजता दिवेकर ने कुछ ऐसा कहा है जो कि बढ़ती उम्र की चिंता करने वालों को राहत देगा। वहीं जो लोग कम उम्र के दिखते है, उन्हें बुरा लग सकता है। रुजता का मानना है कि इंसान जितनी उम्र का है उसे उतना दिखना चाहिए। उन्होंने हेल्थ अच्छे होने के कुछ पैरामीटर्स भी बनाए, चेक करें क्या आपमें ये सब हैं?

70 की हैं तो 70 का दिखना जरूरी
रुजुता दिवेकर एंटी-एजिंग के खिलाफ हैं। वह लोगों को हेल्दी खुशहाल लाइफ जीने के लिए प्रमोट करती हैं। रुजता ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट किया है जो एक इवेंट का है। इसमें वह बता रही हैं कि अच्छी हेल्थ किसी भी शेप, साइज में हो सकती है। किसी का मोटा, पतला, छोटा या बड़ा होना मायने नहीं रखता। वह बोलीं, 'अगर आप 40 साल की उम्र में 20 की लगती हैं तो यह कॉम्प्लिमेंट नहीं है। 70 की उम्र में 70 की लगें, 20 की उम्र में 20 की, यह बहुत बढ़िया बात है। आपके अंदर उतनी ही अंतर्दृष्टि आती है, उतनी ही सहानुभूति आती है, उतनी ही दयालुता आती है।' रुजता बोलीं उम्र के साथ शरीर का साइज थोड़ा बढ़ जाना प्रकृति की देन के रूप में लेना चाहिए और यह शरीर के लिए जरूरी है ताकि यह ठीक से चल सके।
रुजुता ने बताए ये मार्कर
रुजता ने यह भी कहा कि वेट और हेल्थ देश के प्राइमरी चैलेंज हैं। उन्होंने कुछ मार्कर भी बताए जो कि हेल्दी शरीर के लक्षण हैं जैसे सुबह उठकर रिफ्रेश फील करना, अच्छी तरह सोना, बिना किसी गिल्ट के खाना एंजॉय करना। इसमें सीजनल मिठाइयां जैसे पिन्नी और गाजर का हलवा सब शामिल हैं। साथ ही अपने पैरों पर खड़े होकर स्टेबल और स्ट्रॉन्ग फील करना।
रेग्युलर पीरियड्स भी जरूरी
रुजुता ने बताया कि महिलाओं को रेग्युलर बिना दर्द की मेंस्ट्रुअल साइकल भी महत्वपूर्ण होती है। वह बोलती हैं, 'हमें जानना चाहिए कि हमारा शेप और साइज यह तय नहीं करता कि हम कितने हेल्दी हैं। आपको सिर्फ इस बात की चिंता करनी चाहिए कि जब आप अपने दोनों पैरों पर खड़ी हैं तो क्या हल्का फील कर रही हैं? अगर ऐसा है तो आप ठीक हैं।'

लेखक के बारे में
Kajal Sharmaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




