69 के अनिल कपूर इतने फिट कैसे? कसरत से लेकर डाइट तक जानें उनका रूटीन

लाइव हिन्दुस्तान
share

69 की उम्र में भी अनिल कपूर अपनी फिटनेस को लेकर काफी सक्रिय हैं। जिम में कसरत से लेकर दौड़ने तक, वह लगातार अपने शरीर को एक्टिव रखने पर ध्यान देते हैं। जानिए उनकी फिटनेस से जुड़ी खास बातें।

Anil Kapoor Fitness Routine and Tips
69 की उम्र में भी फिट हैं अनिल कपूर, क्या है उनका रूटीन?

अनिल कपूर को देखकर अक्सर लोग उनकी उम्र का अंदाजा नहीं लगा पाते। 69 की उम्र में भी वह अपने काम के साथ फिटनेस पर भी पूरा ध्यान देते हैं। फिल्मों में कई तरह के किरदार निभाने के लिए शरीर को फिट रखना उनके लिए हमेशा जरूरी रहा है। यही वजह है कि उनकी दिनचर्या में कसरत की खास जगह है। वह सिर्फ जिम में वजन उठाने तक सीमित नहीं रहते, बल्कि अलग-अलग तरह की एक्टीविटीज को अपने रूटीन में शामिल करते हैं। उनके अनुसार फिटनेस का मतलब सिर्फ अच्छा दिखना नहीं, बल्कि खुद को अंदर और बाहर से मजबूत महसूस करना भी है। वह खान-पान को भी कसरत जितना ही जरूरी मानते हैं। आइए जानते हैं अनिल कपूर खुद को फिट रखने के लिए क्या करते हैं।

1. सुबह जल्दी शुरू होता है दिन

अनिल कपूर ने अपनी दिनचर्या के बारे में बताते हुए कहा है कि उनका दिन सुबह करीब 6 बजे शुरू होता है। दिन की शुरुआत वह हल्की कार्डियो एक्सरसाइज से करते हैं। करीब 10 मिनट की इस कसरत को वह शरीर को वॉर्म-अप करने के लिए करते हैं। इसके बाद वह अपनी दिनचर्या के हिसाब से अलग-अलग तरह की कसरत करते हैं।

2. योग और पिलाटेस भी रूटीन में शामिल

अनिल कपूर योग और पिलाटेस करते हैं। इन दोनों में शरीर की ताकत, संतुलन और लचीलेपन पर काम होता है। योग उनके लिए शरीर के साथ दिमाग को शांत रखने का भी एक तरीका है। वह कसरत को सिर्फ शरीर को फिट रखने के लिए नहीं, बल्कि खुद को बेहतर महसूस करने के लिए भी जरूरी मानते हैं।

3. कार्डियो को भी देते हैं जगह

उनकी कसरत में कार्डियो और वजन उठाने वाली एक्सरसाइज दोनों शामिल हैं। यानी वह एक ही तरह की कसरत पर निर्भर नहीं रहते। वह हफ्ते में छह दिन कसरत करने पर ध्यान देते हैं। हालांकि हर व्यक्ति के लिए इतनी कसरत जरूरी नहीं है। अपनी उम्र और शरीर की क्षमता के हिसाब से व्यायाम करना बेहतर रहता है।

4. हर दिन एक जैसी कसरत नहीं

रोज एक ही कसरत करने के बजाय अनिल कपूर अपने रूटीन में अलग-अलग गतिविधियां शामिल करते हैं। कभी डांस, जॉगिंग, रनिंग, साइकिलिंग, तो कभी तेज कसरत उनके रूटीन का हिस्सा रहती है। कसरत में बदलाव रखने से शरीर को अलग तरह की गतिविधि मिलती है और रोज वही एक्सरसाइज करने की बोरियत भी कम होती है।

5. खान-पान को मानते हैं बहुत जरूरी

अनिल कपूर फिट रहने के लिए खान-पान को भी काफी अहम मानते हैं। उन्होंने कहा है कि खाना सिर्फ स्वाद के लिए नहीं, बल्कि शरीर को ताकत और सहनशक्ति देने के लिए भी जरूरी है। उतना ही खाना चाहिए, जितना शरीर और रोज की जरूरत के लिए जरूरी हो।

वह अपनी डाइट में न्यूट्रिशन का पूरा ध्यान रखते हैं। नाश्ते में अंडे और सब्जियां, दलिया या फलों के साथ प्रोटीन ड्रिंक्स जैसी चीजें लेते हैं। दोपहर के खाने में सलाद के साथ क्विनोआ या ब्राउन राइस और चिकन या मछली लेते हैं। रात का खाना हल्का रखते हैं और इसमें मछली या चिकन के साथ सब्जियां शामिल करते हैं।

6. पानी पीने पर भी देते हैं ध्यान

अनिल कपूर ने बताया है कि सुबह उठने के बाद वह गुनगुना पानी पीते हैं और दिनभर में करीब 4 से 5 लीटर पानी पी लेते हैं। हालांकि पानी की जरूरत हर व्यक्ति के शरीर, मौसम और दिनभर की गतिविधि पर निर्भर करती है। इसलिए हर किसी के लिए एक जैसी मात्रा सही नहीं होती।

फिटनेस का मतलब सिर्फ अच्छा दिखना नहीं!

अनिल कपूर के लिए फिटनेस सिर्फ कैमरे के सामने अच्छा दिखने तक सीमित नहीं है। उन्होंने फिटनेस को खुद के बारे में अच्छा महसूस करने से भी जोड़ा है। उनका मानना है कि शरीर फिट रहेगा तो अलग-अलग तरह के काम और रोल करना आसान रहता है। यही वजह है कि वह अपनी दिनचर्या में कसरत को लगातार जगह देते हैं।

नोट: अनिल कपूर की फिटनेस दिनचर्या में जिम, कार्डियो, साइकिलिंग, दौड़ना और खान-पान जैसी कई चीजें शामिल हैं। उनकी सबसे खास बात यह है कि वह फिटनेस को किसी एक उम्र या किसी एक लक्ष्य तक सीमित नहीं रखते। हालांकि किसी सेलिब्रिटी की पूरी दिनचर्या को वैसे ही अपनाना जरूरी नहीं है। अपनी उम्र, शरीर और क्षमता के हिसाब से कसरत और खान-पान तय करना ज्यादा सही रहता है।

Shubhangi Gupta

लेखक के बारे में

Shubhangi Gupta

परिचय एवं अनुभव

शुभांगी गुप्ता एक अनुभवी जर्नलिस्ट हैं जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वह पिछले 4+ वर्षों से देश के प्रतिष्ठित डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म लाइव हिंदुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) से जुड़ी हुई हैं। यहां वह बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर कार्यरत हैं। इससे पहले शुभांगी लगभग एक साल अमर उजाला डिजिटल में भी काम कर चुकी हैं।


करियर का सफर

लाइव हिंदुस्तान में शुभांगी लाइफस्टाइल टीम का हिस्सा हैं, जहां वह हेल्थ, फिटनेस, फैशन, ब्यूटी, फूड और रिश्तों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लगातार पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार कर रही हैं।


विशेषज्ञता

शुभांगी की लेखन शैली की खास बात यह है कि वह जटिल विषयों को भी बेहद सरल और समझने योग्य भाषा में प्रस्तुत करती हैं। उनका मानना है कि अच्छी पत्रकारिता केवल जानकारी देने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि पाठकों की रोजमर्रा की जिंदगी को बेहतर और आसान बनाने में भी सहायक होनी चाहिए। इसी सोच के साथ वह एक्सपर्ट्स की राय, रिसर्च और अपने व्यक्तिगत अनुभवों को जोड़कर ऐसे ‘हैंडी टिप्स’ साझा करती हैं जिनसे पाठक खुद को सीधे जुड़ा हुआ महसूस करते हैं।


पुरस्कार

लाइव हिंदुस्तान में काम करते हुए शुभांगी को ज्यादा रीडर एंगेजमेंट के लिए मंथली अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है, जो उनके कंटेंट की लोकप्रियता और प्रभाव को दर्शाता है। डिजिटल ट्रेंड्स और ऑडियंस की पसंद को समझना उनकी बड़ी ताकत है।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि

शुभांगी ने जर्नलिज्म के साथ-साथ एल.एल.बी की पढ़ाई भी की है, जिससे उनके कंटेंट में तथ्यात्मक मजबूती और संतुलित दृष्टिकोण देखने को मिलता है। वह पत्रकारिता को सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि समाज से जुड़ने और लोगों की जिंदगी में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम मानती हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsलाइफस्टाइल न्यूज़फिटनेस69 के अनिल कपूर इतने फिट कैसे? कसरत से लेकर डाइट तक जानें उनका रूटीन