बिना एक्सरसाइज कैलोरी बर्न करने के 5 तरीके, अब मजे-मजे में होगा वेट लॉस
Weight Loss Tips: डेली रूटीन में छोटे-छोटे बदलाव कर के बिना एक्सरसाइज भी ना सिर्फ अपने शरीर को एक्टिव रख सकते हैं, बल्कि बॉडी की एक्स्ट्रा कैलोरी भी बर्न कर सकते हैं।

स्लिम और फिट बने रहना हर किसी की चाहत होती है, लेकिन हर बार जिम जाना या एक्सरसाइज करना सभी के लिए पॉसिबल नहीं हो पाता है। ऐसे में आप अपनी डेली रूटीन में छोटे-छोटे बदलाव करके बिना एक्सरसाइज के भी ना सिर्फ अपने शरीर को एक्टिव रख सकते हैं, बल्कि बॉडी की एक्स्ट्रा कैलोरी भी बर्न कर सकते हैं। इसके लिए बस आपको अपनी दिनचर्या में कुछ मजेदार और हल्की-फुल्की आदतों को शामिल करना होगा। चलिए जानते हैं बिना एक्सरसाइज के भी शरीर को एक्टिव और फिट बनाए रखने के लिए कुछ आसान और मजेदार से उपाय।
टहलने से बर्न होगी कैलोरी
कैलोरी बर्न करने का सबसे आसान और असरदार तरीका है पैदल चलना। एक व्यक्ति रोज 30 मिनट की नॉर्मल वॉक से लगभग 133 कैलोरी बर्न कर सकता है। अगर चलने की स्पीड तेज हो तो कैलोरी की मात्रा बढ़ भी सकती है। अगर आप बिना एक्सरसाइज के शरीर की एक्स्ट्रा कैलोरी को बर्न करना चाहते हैं, तो पैदल चलना इसका सबसे आसान तरीका है। आप फोन पर बात करते-करते पैदल चलें। नजदीकी दुकान से सामान लाना हो तो बाइक या कार से जाने के बजाय पैदल जाएं। पैट्स को टहलाने के लिए निकलें या घर में बच्चा हो तो उसे लेकर टहलने निकल जाएं। इस तरह से आप अपने डेली रूटीन में छोटे बदलाव कर के खुद को फिट और एक्टिव रख सकते हैं।
गार्डनिंग भी है अच्छा तरीका
गार्डेनिंग करना सिर्फ घर को सुंदर बनाने का तरीका नहीं, बल्कि कैलोरी बर्न करने का भी एक बेहतरीन जरिया है। जब आप गार्डनिंग करते समय खुदाई करते हैं, गार्डन की गंदगी को साफ करते हैं, प्लांट्स में पानी डालते हैं तो इन सभी चीजों को करते हुए आपका बॉडी एक्टिव रहती है और अच्छी मात्रा में कैलोरी बर्न होती है। गार्डनिंग करने का एक फायदा यह भी है कि इससे मूड फ्रेश रहता है और स्ट्रेस कम होता है, जो हमारी मेंटल हेल्थ के लिए भी फायदेमंद है।
खेल-खेल में बर्न करें कैलोरी
अगर आपको मस्ती के साथ कैलोरी बर्न करनी है, तो इसके लिए सबसे आसान और मजेदार तरीका है कि आप खेल-कूद में इंटरेस्ट दिखाएं। आप बच्चों के साथ खेल सकते हैं, पैट्स के पीछे भाग सकते हैं या दोस्तों के साथ हल्के-फुल्के गेम खेल सकते हैं। दौड़-भाग वाले खेल खेलने से 30 मिनट में ही आप लगभग 140 कैलोरी बर्न कर सकते हैं। सबसे खास बात यह है कि खेलते समय टाइम का भी पता नहीं चलता है और ना ही थकान होती है। मस्ती-मस्ती में शरीर की अच्छी एक्सरसाइज भी हो जाती है।
डांसिंग का आईडिया भी है बेस्ट
अगर आपको डांस में इंटरेस्ट है तो यह भी कैलोरी बर्न करने का एक मजेदार तरीका है। घर पर ही अपना मनपसंद म्यूजिक लगाकर, इस पर थिरकना आपके लिए बेस्ट एक्सरसाइज हो सकती है। हल्का-फुल्का स्लो डांस भी 30 मिनट में लगभग 110 कैलोरी बर्न कर सकता है। वहीं अगर आप तेज म्यूजिक में फुल एनर्जी से भरा हुआ डांस करते हैं तो 30 मिनट में 220 कैलोरी तक बर्न कर सकते हैं। सबसे खास बात यह है की डांसिंग सिर्फ फिटनेस मेंटेन करने का तरीका नहीं बल्कि इससे मन को खुशी भी मिलती है और मूड रिफ्रेश होता है।
साइकलिंग है मजेदार तरीका
अगर आप बिना एक्सरसाइज के शरीर को फिट रखना चाहते हैं, तो साइकलिंग भी एक मजेदार तरीका है। साइकिल चलाने से कैलोरी तेजी से बर्न होती हैं। जितनी तेजी से आप साइकिल चलाते हैं, उतनी ही ज्यादा कैलोरी बर्न होती हैं। साइकिल चलाने से फुल बॉडी की एक्सरसाइज होती है। इसके अलावा साइक्लिंग पैरों की ताकत बढ़ाती है, स्टैमिना इंप्रूव करती है और हार्ट हेल्थ का भी ख्याल रखती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




