
ऑफिस के माहौल को ध्यान में रखें फैशन, यहां सीखें स्टाइलिंग टिप्स
आप जैसे कपड़े पहनती हैं, जिस तरह की एक्सेसरीज का चुनाव करती हैं... ये सब बातें सहकर्मियों के बीच आपकी छवि बनाने में अहम भूमिका निभाती हैं। ऑफिस के लिए ज्वेलरी और एक्सेसरीज का चुनाव करते वक्त किन बातों का ध्यान, बता रही हैं शांभवी
आधुनिक वर्कप्लेस सिर्फ अच्छे काम की ही मांग नहीं करता, बल्कि अपने कर्मचारियों से यह अपेक्षा भी रखता है कि वे गरिमामय भी दिखें। आपके कपड़े इस लक्ष्य को प्राप्त करने में जहां सबसे जरूरी भूमिका निभाते हैं, वहीं आपके द्वारा पहने जाने वाले जेवर और एक्सेसरीज आपकी स्टाइल और प्रोफेशनलिज्म को एक अलग आयाम देते हैं। ऑफिस में अपनेे लुक को बेहतर बनाने में जेवर अहम भूमिका निभाते हैं, बस आपको सही जेवर के चुनाव का तरीका मालूम होना चाहिए। ऑफिस के लिए जेवर चुनते वक्त किन बातों का रखें ध्यान ताकि आपका प्रोफेशनल लुक और निखरे, आइए जानें :
कैसा है ऑफिस का माहौल
ऑफिस के लिए तरह-तरह के जेवर और एक्सेसरीज की खरीदारी करने से पहले अपने ऑफिस के माहौल और ड्रेस कोड को समझना जरूरी है। कुछ ऑफिस में एक तयशुदा फॉर्मल ड्रेस कोड होता है, वहीं कुछ अपने यहां सेमी-फॉर्मल लुक को बढ़ावा देते हैं। जिस ऑफस में सेमी-फॉर्मल ड्रेस कोड होता है, वहां एक्सेसरीज और जेवर के मामले में तरह-तरह के प्रयोग करने की गुंजाइश भी ज्यादा होती है। पहले यह देखें कि आपके सहकर्मी और बॉस इस मामले में किस तरह के प्रयोग कर रहे हैं और फिर उसके मुताबिक ही अपने लिए एक्सेसरीज का चुनाव करें। आपका लक्ष्य सौम्य और आकर्षक दिखना होना चाहिए, न कि गलत वजहों से सबके आकर्षण का केंद्र बनना।
कम में दिखाएं कमाल
ऑफिस में बड़े-बड़े पेंडेंट या फिर बहुत बड़े आकार के इयररिंग पहनकर आना समझदारी नहीं। ऑफिस के लिए एक्सेसरीज का चुनाव करते वक्त इस बात को ध्यान में रखें कि यहां कम चीजों में आपको ज्यादा प्रभाव छोड़ना है। एक्सेसरीज और जेवर को अपने लुक का केंद्र बिंदु बनाने की गलती न करें। ऐसे जेवर चुनें, जो दिखने में सुरुचिपूर्ण लगें। साधारण चेन के साथ एक छोटा-सा पेंडेंट, स्टड इयररिंग या फिर एक सुंदर-सी घड़ी आपके ऑफिस के लुक को आकर्षक बनाने के लिए काफी है।
शोर पर भी दें ध्यान
चूड़ियों की छन-छन और पायलों की खन-खन घर में तो अच्छी लगती है, पर ऑफिस में यही खनक शोर में तब्दील हो जाती है। सन्नाटे भरी मीटिंग में यह लोगों का ध्यान भटकाने का काम कर सकती है। ऐसे में बेहतर होगा कि ऑफिस में इस तरह की एक्सेसरीज पहनने से बचा जाए। चूड़ियों की जगह एक या दो ब्रेसलेट पहनें। पायल आदि पहनकर ऑफिस न जाएं। एक्ससेरीज के मेटीरियल की गुणवत्ता पर भी ध्यान दें। अगर आर्टिफिशियल जेवर पहन रही हैं, तो वो भी अच्छी गुणवत्ता वाला चुनें ताकि आपका पूरा लुक आकर्षक लगे।
चुनें सही इयररिंग
इयररिंग के महत्व को अक्सर हम सब कम आंकते हैं,जबकि सच्चाई यह है कि इयररिंग हमारे चेहरे को उभारने में अहम भूमिका निभाते हैं। प्रोफेशनल लुक के लिए हमेशा छोटे-से मध्यम आकार का इयररिंग चुनें। डायमंड स्टड इयररिंग या फिर छोटे आकार के हूप इयररिंग ऑफिस के लिए मुफीद रहेंगे। अगर आपके कान में कई सारे छेद हैं, तो हर छेद में इयररिंग पहनने की जगह प्रभावी लुक के लिए बस एक जोड़ा इयररिंग ही पहनें।
चुनें प्राकृतिक रंग
जेवर के मामले में तरह-तरह के रंग झट से हमारा ध्यान अपनी ओर खींच लेते हैं। पर ऑफिस में ये रंग-बिरंगे जेवर आपके लुक को संवारने में प्रभावी साबित नहीं होंगे। ऑफिस के लिए न्यूट्रल रंग वाले जेवर ही चुनें। गोल्ड, सिल्वर, मोती या फिर डायमंड के जेवर ऑफिस के लिए ठीक रहेंगे। अगर आप रंगीन जेवर पहनकर ऑफिस जा रही हैं, तो इस बात का ध्यान रखें कि वे आपके कपड़े से मेल खाते हुए हों।
हाथों को न भूलें
ऑफिस के लिए एक्सेसरीज का चुनाव करते वक्त अपने हाथों की अनदेखी न करें। ऑफिस में काम करते हुए या प्रजेंटेशन देते वक्त लोगों का सबसे ज्यादा ध्यान आपको हाथों पर ही जाएगा। खूबसूरत-सी घड़ी, सुंदर अंगूठी या फिर ब्रेसलेट की मदद से अपने हाथों की खूबसूरती को निखारें। साथ ही इस बात का भी ध्यान रखें कि हाथों में बहुत ज्यादा एक्ससेरीज न हों। ज्यादा एक्सेसरीज की वजह से ऑफिस में लिखते वक्त या कंप्यूटर पर काम करने में आपको दिक्कत हो सकती है।

लेखक के बारे में
Kajal Sharmaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




