Hindi Newsलाइफस्टाइल न्यूज़फैशनhow to choose perfect trendy comfortable bridal outfit for wedding day
शादी का जोड़ा चुनते समय रखें डिजाइन से लेकर ट्रेंड और कंफर्ट का ध्यान, दिखेंगी परफेक्ट दुल्हन

शादी का जोड़ा चुनते समय रखें डिजाइन से लेकर ट्रेंड और कंफर्ट का ध्यान, दिखेंगी परफेक्ट दुल्हन

संक्षेप:

शादी का जोड़ा अब परंपरा के रंग से निकलकर नए-नए ट्रेंड्स की सवारी करने लगा है। आज की दुल्हन लाल जोड़े में ही नहीं, ग्रे रंग के गाउन में भी नजर आने लगी हैं। सर्दियों की शादी में दुल्हन क्या करेगी पसंद, बता रही हैं स्वाति गौड़

Sat, 1 Nov 2025 06:11 AMAparajita हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

अपनी शादी वाले दिन हर दुल्हन सबसे अलग और सुंदर दिखना चाहती है और इसलिए वह अपनी शादी का सबसे खास जोड़ा तलाशती है। एक समय था, जब लाल, रानी और गुलाबी रंग की साड़ी या लहंगे ही दुल्हन पहनती थी, लेकिन अब समय बदल गया है। आजकल शादी से पहले लड़कियां ब्यूटी पार्लर के साथ-साथ फैशन डिजाइनर के साथ भी मीटिंग तय करती हैं ताकि अपनी पसंद और मिजाज के हिसाब से अपना ब्राइडल ऑउटफिट चुन सकें। शायद यही कारण है कि शादी की साड़ियों और लहंगों का गढ़ कहे जाने वाली पुरानी दिल्ली की नई सड़क और मालीवाड़ा जैसे बाजार भी अब आधुनिक होते जा रहे हैं।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

चर्चित शादियों का प्रभाव

प्रियंका चोपड़ा की शादी वाला लाल जोड़ा इतना वायरल हुआ था कि सभी दुल्हनों ने उसी तर्ज पर अपनी शादी के लहंगे बनवाने शुरू कर दिए थे। उनका राल्फ लॉरेन गाउन तो मीडिया की सुर्खियों में छा गया था। इसी तरह अनुष्का शर्मा, कियारा आडवाणी और आलिया भट्ट का मिनिमलिस्ट ब्राइडल लुक भी बहुत चर्चित हुआ। ग्लोबल शादियों का साफ प्रभाव भी हमारी पारंपरिक भारतीय शादियों पर दिखाई देने लगा है। हेली बीबर और सोफिया रिची जैसी हॉलीवुड हस्तियों द्वारा अपनी शादी में पहने गए बेहद सादे साटन गाउन भी युवा लड़कियों को भा रहे हैं। शादी की साड़ियों और लहंगों के विक्रेता वरुण जैन इस बदलते ट्रेंड के विषय में कहते हैं, ह्यकुछ समय पहले तक भी दुल्हन के जोड़े में नीला, काला, सफेद और ग्रे जैसे रंग शुभ नहीं माने जाते थे। शादी-ब्याह के लिए लाल, पीले या गुलाबी रंगों का ही चुनाव किया जाता था, लेकिन अब समय बदल गया है। आजकल लड़कियां अपने शादी के जोड़े में नए-नए प्रयोग करती हैं। ब्राइडल वियर में दिलचस्प कट्स से लेकर अनूठे रंगों तक हर जगह नयेपन का स्वागत किया जा रहा है, इसलिए हम भी अब मांग के हिसाब से ही शादी के जोड़े बनवा रहे हैं।ह्ण मशहूर हस्तियों की शादियां युवा दुल्हनों के मूड और पसंद को बड़े स्तर पर प्रभावित करती हैं। फैशन पंडितों के हिसाब से इस शादी सीजन में ऐसे ट्रेंड्स का बोलबाला रहेगा, जो व्यक्तित्व की झलक दिखलाने के साथ-साथ फैशन और संस्कृति की मिली-जुली बानगी भी पेश करे। इस बार दुल्हन किस तरह के कपड़ों की ओर रुख करेंगी, आइए जानें:

थ्रीडी वाले डिजाइन

इस शादी के सीजन में सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले स्टाइल्स में 3ऊ डिजाइन शामिल हैं। ये 3ऊ डिजाइन उभरी हुई फूल-पत्तियों की कढ़ाई लिए हुए होते हैं, जो देखने में बेहद खूबसूरत लगते हैं। शानदार एप्लिक वर्क से सजे गाउन शादी के रिसेप्शन या कॉकटेल पार्टी के लिहाज से बेहतरीन लगते हैं।

फ्यूजन वियर का अंदाज

बोल्ड कढ़ाई-कसीदाकारी के साथ-साथ मिनिमलिस्ट स्टाइल और इंडो-वेस्टर्न फ्यूजन वियर वाला लुक नई दुल्हनों का खासा पसंद आ रहा है। उदाहरण के लिए जरदोजी के काम वाले गाउन, लहंगे के अंदाज में बनी घेरदार स्कर्ट और ब्लाउज की जगह स्टाइलिश चोली के साथ ड्रेप की गई साड़ी भारतीय परंपरा और पाश्चात्य संस्कृति का शानदार मिश्रण पेश करते हैं।

घूंघट की आड़ में

पुराने समय में दुल्हन का चेहरा गज भर के घूंघट के पीछे छिपा होता था, जो मुंह-दिखाई की रस्म के समय ही दिखाया जाता था। फिर समय बदला और घूंघट की जगह नेट के झीने दुपट्टे ने ले ली, जो गजरे से सजे बालों पर बस टिका रहता है, लेकिन आप चाहें तो अपने ब्राइडल लुक को नाटकीय बनाने के लिए उसमें घूंघट जोड़ सकती हैं। पारदर्शी वेल को घूंघट की तरह ओढ़ा जा सकता है या अपने वेडिंग गाउन के साथ नेट वाला ऐसा हैट पहना जा सकता है, जिसमें सिर्फ आपकी आंखें नेट से ढकी रहें।

इको फ्रेंडली ब्राइडल वियर

पर्यावरण के प्रति संजीदा युवतियों को ऑर्गेनिक सिल्क, रिसाइकल्ड लेस और प्लांट बेस्ड फैब्रिक से बने कपड़े पसंद आ रहे हैं। इससे शादी का जोड़ा तो खूबसूरत लगता ही है, साथ ही पर्यावरण को भी नुकसान नहीं पहुंचता है।

स्टाइलिश स्टेटमेंट स्लीव्स

फैशन जगत में कुछ भी ट्रेंड से बाहर नहीं होता है, इसलिए पुराने चलन लौटकर वापस जरूर आते हैं। स्टेटमेंट स्लीव्स भी एक ऐसा ही स्टाइल है। अंग्रेजों के समय की चुन्नटों वाली आस्तीन, बेल स्लीव्स या रोमांटिक बिशप स्लीव्स तक हर तरह की आस्तीन शादी के गाउन और लहंगे के ब्लाउज को और ज्यादा खूबसूरत बनाने के लिए काफी हैं।

बोल्ड और मेटेलिक रंग

भारत में हर खुशी का अवसर रंगों से सजा हुआ होता है, तो भला शादी-ब्याह जैसे मौके इससे अछूते कैसे रह सकते हैं? माना कि नई दुल्हनों को आइवरी, बेज और क्रीम जैसे रंग भा रहे हैं, लेकिन इस बार के ब्राइडल ट्रेंड्स में पीच, सी ग्रीन, पाउडर ब्लू और बेबी पिंक जैसे पेस्टल शेड्स के साथ-साथ मेटेलिक गोल्ड और सिल्वर जैसे शोख रंगों का बोलबाला रहेगा। चाहे लहंगा हो या गाउन, ये रंग आपके ब्राइडल ऑउटफिट को और ज्यादा ग्लैमरस बना देंगे।

फिगर के अनुरूप चुनें पोशाक

कोई ड्रेस चाहे कितनी ही सुंदर क्यों न हो, यदि उसकी फिटिंग आपकी कद-काठी के हिसाब से नहीं है, तो वह अच्छी नहीं लगेगी, इसलिए फैशन के ट्रेंड्स अपनी फिगर के अनुसार चुनें:

ए-लाइन स्टाइल: कंधों से कमर तक चुस्त फिटिंग और नीचे से हल्के घेर वाले ए-लाइन ऑउटफिट लगभग सभी तरह की कद-काठी पर अच्छे लगते हैं। इनकी खास बात यह होती है कि लंबी-छरहरी से लेकर छोटे कद, ज्यादा वजन वाली दुल्हनों को भी ए-लाइन लहंगे और गाउन बहुत सुंदर लुक देते हैं।

मरमेड कट: इस शादी सीजन में मरमेड कट लहंगों और गाउन का बोलबाला रहेगा। कमर से लेकर घुटनों तक बिल्कुल चुस्त फिटिंग वाला यह स्टाइल घुटनों से नीचे तक घेर लिए होता है। यह स्टाइल देखने में जलपरी सरीखा लुक देता है, इसलिए इसे मरमेड कट कहा जाता है। छरहरी काया वाली युवतियों पर यह स्टाइल बहुत खूबसूरत लगता है।

शीथ ड्रेस: बेहद पतली और लंबी दुल्हनों को अक्सर अपने फिगर के अनुरूप कपड़े चुनने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसी दुल्हनें अपने लिए शीथ ड्रेस वाला कट चुन सकती हैं। रिसेप्शन या कॉकटेल पार्टी में शीथ कट गाउन बहुत अच्छा लगेगा।

बॉल गाउन: हालांकि यह स्टाइल पूरी तरह वेस्टर्न है, लेकिन आजकल दुल्हनों को बहुत पसंद आ रहा है। सगाई या रिसेप्शन जैसे अवसरों पर नई दुल्हनें बॉल गाउन बड़े चाव से पहन रही हैं। कमर पर से चुस्त और नीचे से खूब घेरदार यह अंदाज किसी परी जैसा लुक देता है। इस स्टाइल में कमर की खूबसूरती को उभारकर दिखाने पर जोर दिया जाता है।

शानदार शरारा: कुछ अलग हट कर पहनने की चाह रखने वाली दुल्हनें अपनी शादी में लहंगे या साड़ी की बजाय शरारा भी पहन सकती हैं।

एक्सेसरीज हों शानदार

अपने ब्राइडल ऑउटफिट का चुनाव करते समय उसके साथ पहनी जाने वाली एक्सेसरीज पर भी ध्यान अवश्य दें अन्यथा लुक फीका लगेगा। मैचिंग ज्वेलरी के साथ-साथ हेयर एक्सेसरीज, फुटवियर और हैंडबैग का चुनाव भी सोच-समझ कर करें।

भारी लहंगे के साथ आभूषण हल्के रखें। नाजुक चोकर या रानीहार, पारंपरिक चूड़ियां और नथ के साथ छोटा-सा मांगटीका अच्छा लगेगा।

गाउन के साथ सिर पर टियारा, कानों में स्टड्स और गले में पर्ल नेकलेस बेहद खूबसूरत लगेगा।

आजकल झीने दुपट्टे चलन में हैं ताकि हेयर स्टाइल दिख सके। ऑर्किड और गुलाब जैसे फूलों के साथ बालों में गुंथे मोती आपके हेयर स्टाइल और ज्यादा आकर्षक बना देंगे।

आजकल तरह-तरह की हेयर एक्सेसरीज भी चलन में हैं। आकर्षक हेयर क्लिप से लेकर खूबसूरत जूड़ा पिन तक आप कुछ भी चुन सकती हैं। ’लहंगे के साथ में मैचिंग पोटली बैग बहुत आकर्षक लगता है, वहीं गाउन के साथ में खूबसूरत क्लच साथ करें। ’वैसे तो ब्राइडल वियर के साथ हील्स ही जंचती हैं, लेकिन अब बहुत-सी युवतियां अपने लहंगे के साथ मैचिंग स्नीकर्स पहनना भी पसंद कर रही हैं ताकि पैरों में दर्द न हो।

Aparajita

लेखक के बारे में

Aparajita
अपराजिता शुक्ला लाइव हिन्दुस्तान मैं बतौर कॉन्टेंट प्रोड्यूसर काम कर रही हैं। फैशन, ट्रैवल, हेल्थ एंड फिटनेस की खबरों पर उनकी अच्छी पकड़ है और पिछले 6 वर्षों से मीडिया में एक्टिव हैं। लाइव हिन्दुस्तान से पहले अपराजिता ने अमर उजाला में तीन साल काम किया है। पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के साथ बी. कॉम में ग्रेजुएशन की डिग्री यूनिवर्सिटी ऑफ इलाहाबाद से ली है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।