दिवाली पर रंगोली बनाना मुश्किल लगता है? ये 5 टिप्स जान कर सुंदर डिजाइन बना लेंगी
संक्षेप: हर कोई सुंदर रंगोली बना पाए, यह तो जरूरी नहीं। अगर आपको भी रंगोली बनाना थोड़ा मुश्किल लगता है, तो चिंता ना करें। आज हम आपके लिए कुछ आसान और काम की टिप्स लेकर आए हैं, जिनसे आप भी शानदार रंगोली बहुत ही आसानी से बना लेंगी।

कोई भी तीज-त्योहार हो, बिना रंगोली के सजावट अधूरी लगती है। खासतौर से जब बात दिवाली के त्योहार की हो, तब तो रंगोली बनाना बहुत ही जरूरी है। घर के द्वार पर बनी रंगोली ना सिर्फ सुंदर दिखती है, बल्कि इसे शुभता और मां लक्ष्मी के आगमन का प्रतीक भी माना जाता है। कहते हैं, जहां रंगोली होती है, वहां पॉजिटिव एनर्जी और खुशियां अपने आप चली आती हैं। लेकिन हर कोई सुंदर रंगोली बना पाए, यह तो जरूरी नहीं। कभी डिजाइन बिगड़ जाता है, तो कभी रंग सही नहीं बैठते। अगर आपको भी रंगोली बनाना थोड़ा मुश्किल लगता है, तो चिंता ना करें। आज हम आपके लिए कुछ आसान और काम की टिप्स लेकर आए हैं, जिनसे आप भी शानदार रंगोली बहुत ही आसानी से बना लेंगी। चलिए जानते हैं कैसे।
फूलों से बनेगी नैचुरल और रंगीन रंगोली
अगर आपके पास रंगोली बनाने के लिए रंग नहीं हैं या समय बहुत कम है, तो फूलों की पत्तियों से रंगोली बनाना एक शानदार तरीका हो सकता है। आप गुलाब, गेंदे, कमल या अन्य रंग-बिरंगे फूलों की पत्तियां लेकर सुंदर डिजाइन की रंगोली बना सकती हैं। इसके बॉर्डर यानी आउटलाइन के लिए हरी पत्तियों का इस्तेमाल करें। इससे रंगोली में नेचुरल और ताजगी भरा लुक आता है। साथ ही, रंगोली के चारो ओर छोटे-छोटे दीये जलाकर रख दें, इससे आपकी रंगोली और भी खूबसूरत दिखेगी।
आसान शुरुआत से बनेगी परफेक्ट डिजाइन
अगर आप रंगोली बनाने में थोड़ी कच्ची हैं, तो शुरुआत छोटे डिजाइन से करें। सबसे पहले जमीन पर सेंटर पॉइंट तय करें और वहां से बाहर की ओर छोटे-छोटे पैटर्न बनाते हुए बड़ा शेप बनाएं। कोशिश करें कि हर डिजाइन सेंटर के चारों ओर बराबर आकार में बने, इससे रंगोली बैलेंस्ड और परफेक्ट दिखेगी। धीरे-धीरे जब डिजाइन पूरा बन जाए, तो उसे रंगों या फूलों से भरें। इस तरीके से आप बड़ी रंगोली भी आसानी से बना सकती हैं।
सर्कुलर शेप के लिए इस्तेमाल करें ये चीजें
रंगोली में सर्कुलर शेप बनाना कई बार मुश्किल होता है। लेकिन अगर आप बैंगल, प्लेट या बॉटल के ढक्कन जैसी चीजों का इस्तेमाल करें, तो शेप एकदम परफेक्ट बनता है। आपको बस इन चीजों को रंगोली बनाने वाली जगह पर रखना है, अब उसके चारों ओर रंग भरें और फिर धीरे से उस चीज को उठा लें। इसके अलावा बड़े डिजाइन में रंग भरने के लिए चाय की छलनी या आटा छानने वाली छलनी का इस्तेमाल करें। इससे रंग बराबर मात्रा में फैलेंगे और रंगोली बहुत सुंदर लगेगी।
ईयरबड और चम्मच का करें इस्तेमाल
रंगोली में फूलों के डिजाइन बनाते समय ईयरबड और चम्मच बहुत काम आते हैं। छोटे फूलों के लिए ईयरबड और बड़े फूलों के लिए चम्मच का उपयोग करें। बस रंग की कुछ बूंदें डालें और चम्मच या ईयरबड से उसे धीरे-धीरे फैलाते हुए पंखुड़ी का आकार दें। यह तरीका बहुत आसान है और इससे फूल एकदम परफेक्ट और सुंदर बनते हैं।
मिनटों में तैयार करें आसान स्टैंसिल रंगोली
रंगोली बनाने के लिए आप स्टैंसिल का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। मार्केट में अलग-अलग डिजाइन के स्टैंसिल आसानी से मिल जाते हैं। अगर आपके पास समय नहीं है या बहुत बड़ी रंगोली बनाना मुश्किल लग रहा है, तो मार्केट में मिलने वाले स्टैंसिल आपके काम आ सकते हैं। इसके लिए बस स्टैंसिल को जमीन पर रखकर उसके अंदर अपनी पसंद के रंग भरें और फिर सावधानी से स्टैंसिल को हटा दें। बस, आपकी रंगोली तैयार। यह तरीका बहुत ही आसान है और इससे कुछ ही मिनटों में सुंदर डिजाइन बनकर तैयार हो जाती है।

लेखक के बारे में
Anmol Chauhanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




