गंदे-चिपचिपे एग्जॉस्ट फैन को साफ कर देगा ये तरीका, नए जैसा चमकाने के लिए अपनाएं

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

एग्जॉस्ट फैन का मुख्य काम अशुद्ध हवा को बाहर निकालना और वेंटिलेशन में सुधार करना होता है। इसका इस्तेमाल रसोईघर में जरूर किया जाता है। किचन में इस्तेमाल होने की वजह से ज्यादातर घरों के एग्जॉस्ट फैन गंदे-चिपचिपे होते हैं, इन्हें साफ करने के लिए यहां दिए तरीके को अपनाएं।

गंदे-चिपचिपे एग्जॉस्ट फैन को साफ कर देगा ये तरीका, नए जैसा चमकाने के लिए अपनाएं

भारतीय घरों में कुछ मिले या ना मिले एग्जॉस्ट फैन जरूर मिलेगा। ज्यादातर घरों की किचन में इसका इस्तेमाल किया जाता है। इसका मुख्य काम वेंटिलेशन बनाए रखना होता है और धूएं-स्मेल को बाहर निकालना होता है। क्योंकि इसका इस्तेमाल किचन में ज्यादा किया जाता है इसलिए ये बहुत जल्दी गंदा और चिपचिपा हो जाता है। ये एक ऐसी चीज है जिसे लोग सालों तक साफ नहीं करते हैं। घर की डीप क्लीनिंग के समय पर भी ज्यादातर घरों में इसे ऊपर से ही साफ कर दिया जाता है। जिसकी वजह से कई बार एग्जॉस्ट फैन से आवाज सुनाई देने लगती है, तो कई बार चिकनाहट से तेल टपकने लगता है। ऐसे में सबसे अच्छा है कि समय-समय पर इसकी सफाई होती रहे। इसे साफ करने के लिए इंटरनेट पर तमाम हैक्स और टिप्स मिल जाएंगे। लेकिन यहां बताई ट्रिक को अपनाकर आप चिपचिपे एग्जॉस्ट फैन को नए की तरह चमका सकते हैं। ये तरीका इंस्टाग्राम पर शशांक अलशी ने शेयर किया है।

सबसे पहले करें ये काम

एग्जॉस्ट फैन को साफ करने के लिए सबसे पहले शटर को हटाएं और उसके बाहरी हिस्से को निकाले। ये हिस्सा आसानी से अलग हो जाता है। फिर पंखे के ब्लेड को साफ करने के लिए नारियल तेल में रुई भिगोकर ब्लेड और किनारों पर अच्छी तरह लगाएं। इसे पंखड़ी पर 30 मिनट के लिए छोड़ दें। ऐसा करने से पंखड़ी पर चिपकी हुई चिकनाई आसानी से ढीली हो जाती है। 30 मिनट पूरे होने के बाद पंखे के ब्लेड को कपड़े या टिशू से पोंछ दें। ऐसा करके ग्रीस आसानी से निकल जाएगा। इसे पोंछने के लिए एक मोटे कपड़े का इस्तेमाल करना सबसे अच्छा रहेगा।

एग्जॉस्ट से अलग होने वाले हिस्सों को यूं करें साफ

एग्जॉस्ट से अलग होने वाले हिस्सों को साफ करने के लिए एक टब में गर्म पानी भरे और उसमें डिटर्जेंट पाउडर और थोड़ा सा ड्रेनएक्स मिलाएं। अब सभी हिस्सों को 5 मिनट के लिए इस पानी में डुबो दें। अगर आपका टब छोटा है, तो हिस्सों को घुमाते रहें ताकि सब कुछ समान रूप से भीग जाए। गीला होने के बाद ब्रश से हल्का सा रगड़ने पर चिकनाई आसानी से निकल जाएगी। अगर बहुत समय से एग्जॉस्ट साफ नहीं हुआ है तो हो सकता है कि थोड़ा समय लगे।

पानी में क्यों मिलाएं ड्रेनएक्स

ड्रेनएक्स एक शक्तिशाली नाली साफ करने वाला पाउडर है जो ग्रीस, तेल और जिद्दी जमाव को तोड़ देता है, जिससे बुरी तरह से जाम या चिकनी सतहों को साफ करना आसान हो जाता है। ड्रेनएक्स का इस्तेमाल करते समय हाथों को ग्लव्स से कवर करें।

Avantika Jain

लेखक के बारे में

Avantika Jain
अवंतिका जैन ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री ली है। फिलहाल वह बतौर सीनियर कॉन्टेंट प्रोड्यूसर लाइव हिंदुस्तान में लाइफस्टाइल सेक्शन के लिए लिखती हैं। एंटरटेनमेंट से जुड़ी खबरों को लिखने और वीडियोज बनाने में भी इनकी रुचि है। 5 साल से भी ज्यादा समय से पत्रकारिता कर रहीं अवंतिका लाइव हिन्दुस्तान से पहले ईटीवी भारत के दिल्ली डेस्क पर काम कर चुकी हैं। नई जगहों को एक्सप्लोर करना, नए लोगों से जुड़ना और फिल्में/वेब सीरीज देखने की शौकीन हैं। और पढ़ें
लाइफस्टाइल न्यूज़ , सेहत , रेसिपी , फैशन , ब्यूटी और फिटनेस से जुड़ी ताज़ा खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।