DIY Hacks: पुरानी राखी को फेंकने की न करें गलती! बना सकते हैं ब्रेसलेट समेत ये 5 खूबसूरत चीजें
रक्षाबंधन के बाद राखी घर में घूमती रहती है और फिर उन्हें हम किसी डिब्बे में बंद करके रख देते हैं और फिर पुरानी राखियों का ढेर हर साल बढ़ता है। अगर आपके घर पर भी ऐसा है, तो आप उससे कुछ अच्छी चीजों को सजा सकते हैं। चलिए आपको ट्रेंडी आइडिया बताते हैं।

रक्षाबंधन का त्योहार बीत गया और 4-5 दिन बाद भाइयों की कलाई से राखियां उतर जाएंगी और फिर वह घर की अलमारियों या फिर किसी मेज पर रखी हुई दिखाई देंगी। कुछ ही लोग हैं, जो राखी को लंबे समय तक बांधते हैं, वरना ज्यादातर लोग राखी उतारकर रख सकते हैं। अगर आपके घर पर भी पुराना राखियां काफी इकट्ठा हो चुकी हैं, तो उन्हें फेंकने की गलती न करें। इन राखियों से आप नए और काम की कुछ चीजें बना सकते हैं। इनसे आप ब्रेसलेट समेत कुछ डेकोरेटिव आइटम्स को सजा सकते हैं। चलिए आपको 5 हैक्स बताते हैं, जिनमें पुराना राखियों का इस्तेमाल हो जाएगा।
1. पुरानी राखी से बनाएं स्टाइलिश ब्रेसलेट
अगर राखी का धागा मजबूत है, तो उसे दोबारा इस्तेमाल करके ब्रेसलेट बनाया जा सकता है। राखी में लगे मोती, बीड्स या छोटे सजावटी फूलों को निकालकर धागे में दोबारा पिरोएं। जरूरत के हिसाब से धागे की लंबाई कम-ज्यादा करके दोनों सिरों पर गांठ लगा दें। चाहें तो इसमें कुछ नए बीड्स जोड़कर इसे और ट्रेंडी लुक दिया जा सकता है।
2. गिफ्ट पैकिंग को बनाएं खास
पुरानी राखी के धागे और सजावटी हिस्सों का इस्तेमाल गिफ्ट पैकिंग में भी किया जा सकता है। किसी गिफ्ट बॉक्स या पेपर पैकेट को सामान्य रिबन की जगह राखी के धागे से बांधें और बीच में राखी का फूल या मोती वाला हिस्सा लगा दें। इससे गिफ्ट पैकिंग को एक पर्सनल और यूनिक टच मिलेगा। खास बात यह है कि इसके लिए अलग से महंगा डेकोरेशन मटेरियल खरीदने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।
3. पूजा की थाली सजाएं
जन्माष्टमी आ रही है और अगर आपके पास कई पुरानी राखियां हैं, तो उनका इस्तेमाल पूजा की थाली को सजाने में किया जा सकता है। राखी से मोती, गोटा, सितारे या फूल निकालकर थाली के किनारों पर चिपका दें। इसके लिए पुरानी स्टील या पीतल की थाली भी इस्तेमाल की जा सकती है। थोड़े से सजावटी सामान के साथ यह थाली त्योहारों और खास मौकों पर इस्तेमाल करने के लिए तैयार हो जाएगी।
4. फोटो फ्रेम को दें नया लुक
पुरानी राखी से साधारण फोटो फ्रेम को सजाया जा सकता है। इसके लिए किसी पुराने या सादे फोटो फ्रेम की सतह पर राखी के मोती, फूल और सजावटी हिस्सों को अलग करके चिपका दें। आप इन्हें फ्रेम के चारों कोनों या किनारों पर लगा सकती हैं। बस ऐसे आप सिंपल फोटो फ्रेम को नया लुक दे सकते हैं।
5. हेयर बैंड भी सजेगा
आपके पास हेयर बैंग साधारण है, तो उसे सजाने के लिए राखियों का इस्तेमाल करें। राखी के फूल निकालकर बैंड पर चिपका दें और उसे सजा लें। इससे आपका सिंपल हेयर बैंड भी अट्रैक्टिव और कूल दिखेगा।


