धूप की वजह से हाथ-पैर हो गए काले? इस पैक को करें ट्राई
धूप में ज्यादा रहने से हाथ-पैर भी काले और बेजान दिखने लगते हैं। अगर आप भी इससे परेशान हैं, तो घर पर बना यह आसान पैक लगा सकते हैं। इसे बनाने के लिए घर में मिलने वाली कुछ चीजें ही चाहिए।

गर्मी और धूप में हमारा चेहरा ही नहीं, हाथ और पैर भी काफी प्रभावित होते हैं। बाहर निकलते समय हम चेहरे पर तो ध्यान दे देते हैं, लेकिन हाथ-पैर को अक्सर इग्नोर कर देते हैं। लगातार धूप में रहने से यहां की त्वचा थोड़ी काली और बेजान दिखने लगती है। अगर आपके हाथ-पैर भी ऐसे ही नजर आने लगे हैं, तो घर पर ये पैक बनाकर देख सकते हैं। इसमें यूज होने वाली लगभग सभी चीजें घर में आसानी से मिल जाएंगी। चलिए जान लेते हैं इसके बारे में -
पैक बनाने के लिए चाहिए
1 बड़ा चम्मच चावल का आटा
आधा छोटा चम्मच कॉफी
थोड़ी सी ईनो
1 छोटा चम्मच शैम्पू
थोड़ा सा नींबू का रस
जरूरत के हिसाब से पानी
ऐसे बनाएं पैक
- एक कटोरी में चावल का आटा और कॉफी डालें। अब इसमें शैम्पू, थोड़ा नींबू का रस और थोड़ी सी ईनो डालें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें।
- अब इसमें जरूरत के हिसाब से थोड़ा पानी डालें। इसे अच्छी तरह मिलाकर ऐसा पेस्ट बनाएं जो हाथ और पैरों पर आसानी से लग सके।
- अब इस पेस्ट को हाथों और पैरों पर अच्छी तरह लगाएं। हल्के हाथों से करीब 10 से 12 मिनट तक मसाज करें। बहुत जोर से रगड़ने की जरूरत नहीं है, क्योंकि इससे त्वचा में जलन हो सकती है।
- मसाज करने के बाद हाथ-पैर को पानी से अच्छी तरह धो लें। हल्के हाथों से पोंछें और बाद में मॉइस्चराइजर लगा लें।
इस पैक से क्या फायदा हो सकता है?
- इससे त्वचा पर जमी धूल और गंदगी साफ करने में मदद मिलती है। पैक हटाने के बाद हाथ-पैर थोड़े साफ और फ्रेश दिख सकते हैं।
- अगर धूप और धूल की वजह से हाथ-पैर काफी डल लग रहे हैं, तो यह पैक त्वचा को कुछ समय के लिए साफ और बेहतर दिखाने में मदद कर सकता है।
(लगातार धूप में रहने से हुई टैनिंग समय के साथ हल्की होती है। यह पैक त्वचा की ऊपरी गंदगी हटाकर उसे थोड़ा साफ दिखा सकता है, लेकिन इससे तुरंत टैनिंग पूरी तरह खत्म नहीं होगी)
इन बातों का ध्यान रखें
- जोर से रगड़ें नहीं: ज्यादा स्क्रब करने से त्वचा लाल हो सकती है।
- पहले पैच टेस्ट करें: नींबू और ईनो से कुछ लोगों को जलन हो सकती है। इसलिए पहले थोड़ा सा लगाकर देखें।
- जलन हो तो तुरंत धो लें: अगर लगाने के बाद जलन, खुजली या लालिमा हो तो इसे तुरंत पानी से साफ कर लें।
- धूप से बचें: बाहर निकलते समय हाथों और पैरों को ढककर रखें। खुले हिस्सों पर सनस्क्रीन भी लगा सकते हैं।
- रोज ना लगाएं: इस तरह के पैक को बार-बार लगाने की जरूरत नहीं है। हफ्ते में एक या दो बार काफी है।
रोज की देखभाल भी जरूरी
हाथ-पैर को साफ और अच्छा रखने के लिए सिर्फ इस पैक पर निर्भर ना रहें। रोज नहाते समय हाथ-पैर को अच्छी तरह साफ करें, स्किन ड्राई हो तो मॉइस्चराइजर लगाएं और धूप में निकलते समय त्वचा को ढककर रखें। इससे टैनिंग को बढ़ने से रोकने में मदद मिलेगी।


