रक्षाबंधन पर सूट-साड़ी के साथ करें मिनिमल मेकअप, 10 मिनट में हो जाएंगी रेडी!
रक्षाबंधन पर सूट या साड़ी पहन रही हैं, तो साथ में मिनिमल मेकअप लुक ट्राई कर सकती हैं। मिनिमल मेकअप में आपको नेचुरल लुक मिलेगा, जिससे खूबसूरती और भी निखर कर आएगी। फॉलो करें ये स्टेप बाय स्टेप तरीका।

त्योहारों पर सजना-संवरना हर लड़की को पसंद होता है। खासकर जब रक्षाबंधन जैसा फेस्टिवल हो, तब तो स्पेशल तरीके से रेडी होना बनता है। इस दिन क्या ड्रेस पहनने वाली हैं, ये तो आपने अब तक डिसाइड कर लिया ही होगा। लेकिन मेकअप कैसा रखना है, इसे ले कर ज्यादातर गर्ल्स कन्फ्यूज रहती हैं। कई लड़कियां शिकायत करती हैं कि उन्हें मेकअप करना ही नहीं आता। अगर आपका भी यही हाल है, तो टेंशन वाली बात बिल्कुल नहीं। क्योंकि मिनिमल मेकअप आप आराम से कर सकती हैं। आजकल तो वैसे भी मिनिमल मेकअप का ही जमाना है और सूट-साड़ी के साथ ये काफी ज्यादा सुंदर लगता है। यहां हम आपके साथ स्टेप बाय स्टेप तरीका शेयर कर रहे हैं, बस इसे फॉलो करें और पाएं खूबसूरत मेकअप लुक।
रक्षाबंधन पर करें मिनिमल मेकअप, स्टेप बाय स्टेप सीखें
स्टेप 1- स्किन प्रेप से करें शुरुआत
मेकअप शुरु करने से पहले स्किन को तैयार करना जरूरी है। इसके लिए सबसे पहले अपना बेसिक स्किनकेयर रूटीन फॉलो करें, जैसे फेसवॉश, टोनर और मॉइश्चराइजर। दिन का टाइम है तो सनस्क्रीन लगाना बिल्कुल ना भूलें। इसके बाद आप एक प्राइमर लगा सकती हैं, जिससे मेकअप की फिनिश स्मूद आती है और ये लॉन्ग लास्टिंग भी रहता है। अपनी स्किन टाइप के हिसाब से आप एक अच्छा प्राइमर चुन सकती हैं।
स्टेप 2- हेवी फाउंडेशन की जगह लाइट रखें बेस
मिनिमल मेकअप का मतलब ही यही है कि मेकअप को जितना हो सके नेचुरल रखा जाए। ऐसे में फुल कवरेज फाउंडेशन को अवॉइड ही करें। आजकल लाइट कवरेज वाले फाउंडेशन, टिंट और बीबी क्रीम आने लगे हैं, जो काफी नेचुरल लुक देते हैं। चेहरे पर कहीं ज्यादा दाग-धब्बे हों या डार्क सर्कल्स तो आप कंसीलर लगा सकती हैं। इसके बाद थोड़ा सा लूज पाउडर या कॉम्पैक्ट की मदद से बेस को सेट कर लें।
स्टेप 3- आंखों का मेकअप भी रखें सिंपल
आंखों का मेकअप जितना हो सके नेचुरल ही रखें। इसके लिए आप पलकों पर हल्का न्यूड या ब्राउन आईशैडो लगा सकती हैं। इसके बाद पतला सा आईलाइनर और मस्कारा लगाएं। सूट-साड़ी के साथ काजल भी काफी सुंदर लगता है, इसलिए वो लगाना ना भूलें। फिर अपनी आइब्रो को आईब्रो पेंसिल या पाउडर की मदद से हल्का डिफाइन कर लें।
स्टेप 4- नेचुरल ग्लो देगा हल्का ब्लश
सॉफ्ट और ग्लोई मेकअप लुक के लिए गालों पर हल्का सा ब्लश जरूर लगाएं। आप हल्का पिंक या पिच शेड वाला ब्लश चुन सकती हैं। इन्हें अपनी चीकबोंस पर अप्लाई करें। साथ ही आप अपनी नाक की टिप, चीकबोंस, आंखों के कोने और ठुड्डी पर बिल्कुल हल्का सा हाइलाइटर भी लगा सकती हैं। नेचुरल ग्लोइंग लुक मिलेगा।
स्टेप 5- लिप्स पर लगाएं सॉफ्ट लिपस्टिक शेड
मेकअप लुक को मिनिमल रखने के लिए लिपस्टिक की शेड भी थोड़ी सी सॉफ्ट ही सिलेक्ट करें। आप अपने आउटफिट के हिसाब से न्यूड पिंक, रोज, पीच या सॉफ्ट ब्राउन शेड चुन सकती हैं। हालांकि अगर आपको बिल्कुल ही नेचुरल लुक चाहिए तो टिंटेड लिप बाम भी एक अच्छा ऑप्शन है।
ऐसे कंप्लीट करें अपना रक्षाबंधन लुक
सूट या साड़ी के साथ अपना लुक कंप्लीट करने के लिए छोटी सी बिंदी लगाना ना भूलें। इसके साथ ही आप कानों में झुमकी या स्टड्स भी पहन सकती हैं और हाथों में चूड़ियां तो लुक में चार चांद लगा देंगी। बस ध्यान रखें कि अगर आपका आउटफिट ज्यादा हेवी है, तो ज्वैलरी लाइट ही रखें। वरना लुक थोड़ा ओवर लग सकता है।


