
विंटर स्किन केयर में सरसों का तेल: कब फायदेमंद, कब नुकसानदायक?
सर्दियों में रूखी और बेजान त्वचा से परेशान हैं? आयुर्वेद में इस्तेमाल होने वाला सरसों का तेल क्या वाकई स्किन के लिए फायदेमंद है या इसके नुकसान भी हैं- जानिए एक्सपर्ट की राय।
सर्दियों के मौसम में ठंडी हवा और कम नमी की वजह से त्वचा रूखी, खिंची हुई और बेजान नजर आने लगती है। ऐसे में लोग केमिकल-फ्री और घरेलू उपायों की तलाश करते हैं। भारत में पारंपरिक रूप से इस्तेमाल होने वाला सरसों का तेल सर्दियों में स्किन केयर के लिए अक्सर इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन सवाल यह उठता है कि क्या सरसों का तेल हर तरह की त्वचा के लिए सुरक्षित है?
सरसों के तेल में ओमेगा-3 और ओमेगा-6 फैटी एसिड, विटामिन E और एंटी-बैक्टीरियल गुण पाए जाते हैं। ये तत्व त्वचा की नमी को बनाए रखने में मदद करते हैं और स्किन बैरियर को मजबूत करते हैं। सर्दियों में शरीर पर सरसों के तेल से मालिश करने से ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है जिससे त्वचा में नेचुरल ग्लो आता है और ड्रायनेस कम होती है। यही वजह है कि पुराने समय से ठंड के मौसम में बच्चों और बड़ों की तेल मालिश की जाती रही है।
हालांकि, स्किन एक्सपर्ट्स मानते हैं कि सरसों का तेल एक मजबूत और हीटिंग ऑयल होता है। इसकी तासीर गर्म होती है जिससे यह कुछ लोगों की त्वचा पर जलन, रेडनेस या रैशेज पैदा कर सकता है। खासतौर पर सेंसिटिव या एक्ने-प्रोन स्किन वालों को इसे सीधे चेहरे पर लगाने से बचना चाहिए। कुछ मामलों में यह पोर्स को ब्लॉक कर सकता है जिससे पिंपल्स और ब्लैकहेड्स की समस्या बढ़ सकती है।
सही तरीका क्या है?
- नहाने से पहले या रात में हल्का गुनगुना करके बॉडी मसाज करें।
- चेहरे के लिए: 2–3 बूंदें किसी हल्के तेल (नारियल/बादाम) के साथ मिलाकर लगाएं।
- बहुत ज्यादा मात्रा में ना लगाएं- थोड़ा ही काफी है।
डर्मेटोलॉजिस्ट्स के अनुसार, सरसों का तेल चेहरे की बजाय शरीर की त्वचा के लिए ज्यादा उपयुक्त माना जाता है। घुटनों, कोहनियों, एड़ियों और हाथों जैसी बहुत ज्यादा रूखी जगहों पर इसका इस्तेमाल फायदेमंद हो सकता है। अगर चेहरे पर लगाना हो तो पहली बार सरसों का तेल इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट करना बेहद जरूरी है, ताकि किसी तरह की एलर्जी या रिएक्शन से बचा जा सके।
ब्यूटी टिप: सरसों का तेल सर्दियों में बॉडी स्किन के लिए फायदेमंद हो सकता है, लेकिन चेहरे पर इसे सोच-समझकर और सीमित मात्रा में ही इस्तेमाल करना चाहिए।

लेखक के बारे में
Shubhangi Guptaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




