
शादी पर दिखना चाहती हैं सबसे सुंदर? यहां जानें कैसे करना है मेकअप आर्टिस्ट का चुनाव
शादी-ब्याह की तैयारियों में एक बड़ा काम है अपने लिए एक अच्छा मेकअप आर्टिस्ट चुनना। क्या हो शादी के लिए मेकअप आर्टिस्ट चुनने का पैमाना और कैसे शादी के दिन आपकी असली खूबसूरती निखर कर आए? बता रही हैं स्वाति शर्मा
अरे हल्का-फुल्का मेकअप ही तो करवाना है..., यह कहकर अक्सर लोग मेकअप आर्टिस्ट के काम को भी हल्के में लेने लगते हैं। ब्याह हो या अन्य कोई मौका, मेकअप आर्टिस्ट की भूमिका को कम नहीं आंकना चाहिए। मेकअप का एक गलत स्टेप भी आपके पूरे लुक को बर्बाद कर सकता है। एक बात याद रखिए, आपके खास मौके पर आए खास मेहमान भले ही आपसे हमेशा मिलते आए हों, लेकिन उस दिन वह आपको दुल्हन के रूप में देखने के लिए आते हैं और आपके लुक का बेसब्री से इंतजार भी करते हैं। खुद आप भी बरसों से अपने ब्राइडल लुक का सपना संजोए बैठी हैं। अब ऐसे में सही तैयारी ही आपको सही मेकअप आर्टिस्ट तक पहुंचा सकती है।

ऐसा नहीं है कि मेकअप आर्टिस्ट का काम अच्छा या बुरा होता है। कई बार समय की पाबंदी के चलते लोगों को कड़वे अनुभव का सामना करना पड़ जाता है, तो कभी-कभी मेकअप आर्टिस्ट भले अच्छा हो, लेकिन शायद वह आपकी उम्मीदों पर खरा न उतर पा रहा हो, ऐसा भी होता है। एक सर्वे के मुताबिक भारत में मेकअप आर्टिस्ट औसतन 15,000 से 30, 000 रुपए तक एक ब्राइडल मेकअप के लिए लेते हैं। इतने पैसे खर्च करने के बाद अपने मन मुताबिक लुक पर आपका पूरा हक बनता है।
समय पर करें बुकिंग
मेकअप आर्टिस्ट चुनने और बुक करने के लिए ब्याह की तारीख नजदीक आने का इंतजार न करें। जिस दिन तारीख तय होती है, उसके कुछ दिनों के भीतर ही मेकअप आर्टिस्ट तलाशना शुरू कर दें। सबसे पहले आप सोशल मीडिया या अपने दोस्तों का सहारा ले सकती हैं। जिनका काम समझ आए, उन्हें शॉर्टलिस्ट करें और एक-एक कर सबसे बात करके उनका चार्ज और उपलब्धता पता करें।
मेकअप ट्रायल जरूर लें
आपने जितने भी मेकअप आर्टिस्ट को चुना है, उनसे बात करके पता करें कि वे डेमो देते हैं या नहीं। आमतौर पर ज्यादातर मेकअप आर्टिस्ट यह सुविधा देते हैं। कुछ इसके पैसे लेते हैं, तो कुछ मुफ्त में यह काम करते हैं। हां, अगर आपको इस बीच किसी अन्य मौके के लिए मेकअप करवाना है, तो अपना पार्टी मेकअप करवाकर भी आप उनके काम को समझ जाएंगी। उनका काम देखने के साथ आपको यह समझने में भी मदद मिलेगी कि आप मेकअप आर्टिस्ट के साथ सहज हो पाएंगी या नहीं और क्या वह आपकी उम्मीदों को समझ पा रही है या नहीं?
इन बातों को पूछने से पीछे न रहें
आपने डेमो के बाद जिस भी मेकअप आर्टिस्ट को पसंद किया है, उनसे कुछ सवाल पूछना न भूलें। इस बाबत मेकअप आर्टिस्ट समृद्धि लूनिया कहती हैं कि मेकअप आर्टिस्ट बुक करने से पहले यह जरूर जान लेना चाहिए कि वह किस ब्रांड का प्रोडक्ट इस्तेमाल करने वाली है। इससे आपको यह पता चल सकेगा कि वह मेकअप के लिए जितने पैसे मांग रही है, वह उचित है या नहीं? कई बार बड़े मेकअप आर्टिस्ट के नाम पर बुकिंग होती है और मेकअप करने के लिए कोई और आता है। यह भी पूछें कि मेकअप पूरा होने में कितना वक्त लगेगा और वह अपनी तरफ से आपको मेकअप के अलावा क्या एक्सेसरीज, नेल एक्सटेंशन, लेंस आदि भी मुहैया करवाएगी?
बुकिंग कैंसिल करनी पड़े तो?
अगर आखिरी मिनट के झटके से बचना चाहती हैं तो पहले से ही यह जान लें कि देरी होने पर या मेकअप कैंसिल करने पर मेकअप आर्टिस्ट की तरफ से क्या किया जाता है। आमतौर पर अगर आपने एडवांस देकर बुकिंग कर ली है और मेकअप आप कैंसिल करती हैं तो आर्टिस्ट आपको एडवांस का पैसा नहीं लौटाती। अगर आर्टिस्ट किसी कारण मेकअप करने में असमर्थ है, तो उन्हें अपनी तरफ से आपको तैयार करने के लिए दूसरे आर्टिस्ट की व्यवस्था करनी होती है। ऐसे में आप उनसे डिस्काउंट की मांग भी कर सकती हैं। अगर वह ऐसा करने में भी असमर्थ हैं, तो आप उनसे अपना एडवांस वापस मांग सकती हैं। ऐसी परिस्थिति का ध्यान रखते हुए आप खुद भी एक बैकअप तैयार रख सकती हैं। अपने लिए अलग आर्टिस्ट बुक करें और परिवार के लिए अलग।

लेखक के बारे में
Kajal Sharmaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




