
सर्दियां शुरू होते ही त्वचा होने लगती है ड्राई, स्किन को हाइड्रेट रखेंगे ये 7 फूड
Foods keep your skin hydrated in winters : सर्दियों में अकसर त्वचा का रूखापन ज्यादातर लोगों को परेशान करता है। जिससे राहत पाने के लिए लोग कई तरह के मॉइस्चराइजर का उपयोग करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं, आप अपनी डाइट में 7 चीजें शामिल करके भी त्वचा को ग्लोइंग और सॉफ्ट बनाए रख सकते हैं।
मौसम में ठंड बढ़ते ही त्वचा का रूखापन एक आम समस्या बन जाता है। दरअसल, बाहर की ठंडी हवा और घर के अंदर मौजूद हीटिंग सिस्टम, त्वचा के प्राकृतिक ऑयल को छीन लेते हैं, जिससे त्वचा शुष्क, परतदार और खुजलीदार हो सकती है। इस समस्या को कम करने के लिए लोग गुनगुने पानी से नहाने से लेकर नियमित रूप से त्वचा पर मॉइस्चराइजर लगाना, ह्युमिडिफायर का उपयोग करना और त्वचा को पूरी तरह ढककर रखने वाले कपड़े पहनते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं आप अपनी डाइट में 7 चीजें शामिल करके भी त्वचा को ग्लोइंग और सॉफ्ट बनाए रख सकते हैं। आइए जानते हैं कैसे-

ठंड के मौसम में त्वचा को ड्राई होने से बचाएंगी ये 7 चीजें
बादाम और अखरोट
बादाम और अखरोट में विटामिन ई और हेल्दी फैट्स मौजूद होते हैं, जो त्वचा को पोषण देकर सर्दियों में महसूस होने वाले रूखेपन को कम करते हैं। स्किन को हाइड्रेट रखने के लिए रोजाना 5-6 बादाम या 2-3 अखरोट खाएं।
एवोकाडो
एवोकाडो में ओमेगा-3 फैटी एसिड्स और विटामिन सी और ई मौजूद होते हैं, जो त्वचा को मॉइस्चराइज करते हैं। ये पोषक तत्व त्वचा को गहराई से हाइड्रेट करके एंटीऑक्सीडेंट के रूप में काम करते हैं, जिससे त्वचा कोमल और स्वस्थ बनी रहती है। आप इसे सलाद या स्मूदी में शामिल करें।
शकरकंद
शकरकंद में बीटा-कैरोटीन और विटामिन ए होता है, जो त्वचा को नमी देता है। यह त्वचा की कोशिकाओं की मरम्मत करता है और यूवी किरणों से होने वाले नुकसान से बचाने में भी सहायक है। आप इसे उबालकर या भूनकर खाएं।
नारियल तेल
नारियल तेल आपकी त्वचा की सुरक्षात्मक परत को मजबूत करके नमी को अंदर ही रोके रखता है। यह त्वचा को कोमल और मॉइस्चराइज बनाए रखने में भी मदद करता है। नारियल तेल को खाने पकाने में जैसे स्मूदी या सब्जियों में इस्तेमाल करें । यह त्वचा को अंदर से हाइड्रेट करके त्वचा के रूखेपन को कम करता है।
हरी पत्तेदार सब्जियां
पालक, मेथी और सरसों का साग में विटामिन ए, सी और आयरन होता है, जो त्वचा को पोषण देता है। इन्हें सूप, सब्जी या स्मूदी में शामिल करें।
सैल्मन या अलसी के बीज
सैल्मन और अलसी के बीज ओमेगा-3 के बेहतरीन स्रोत हैं, जो त्वचा की नमी बनाए रखते हैं। शाकाहारी लोग अलसी के बीज को दही या स्मूदी में मिलाकर खा सकते हैं।
पानी और हर्बल टी
सर्दियों में पानी कम पीने की आदत त्वचा को रूखा बनाती है। रोज 8-10 गिलास पानी पिएं और हर्बल टी जैसे ग्रीन टी या तुलसी की चाय शामिल करें।

लेखक के बारे में
Manju Mamgainलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


