
अपने बालों के हिसाब से कैसे चुनें हेयर ब्रश? एक्सपर्ट ने दिया जवाब
कंघे और ब्रश के सही इस्तेमाल पर बॉलीवुड के मशहूर हेयर डिज़ाइनर दर्शन येवालेकर ने अपनी राय दी है, जो टूटते-झड़ते डैमेज बालों की स्थिति में सुधार करने में आपकी मदद करेगा।
आपने आज सुबह बाल बनाने के लिए कौन से कंघे या ब्रश का इस्तेमाल किया? अगर आपको नहीं मालूम है, तो जान लें कि कंघा या ब्रश का चुनाव आपके बालों की सेहत बना भी सकता है और बिगाड़ भी सकता है। बालों की देखभाल के लिए शैंपू, ऑयलिंग के अलावा भी बहुत कुछ जरूरी है।

कंघे और ब्रश के सही इस्तेमाल पर बॉलीवुड के मशहूर हेयर डिज़ाइनर दर्शन येवालेकर ने अपनी राय दी है, जो टूटते-झड़ते डैमेज बालों की स्थिति में सुधार करने में आपकी मदद करेगा। दर्शन कहते हैं "हेल्दी हेयर के लिए एक सही हेयरब्रश का चुनाव बहुत जरूरी है। एक अच्छा ब्रश क्यूटिकल्स को बंद कर, बालों की स्टाइलिंग के दौरान उनकी जड़ों की सेहत को बरकरार रखता है। इन्होंने रणवीर सिंह का 'खिलजी' लुक भी तैयार किया था।
20 से ज़्यादा सालों से, दर्शन बॉलीवुड के जाने-माने सुपरस्टार्स जैसे सलमान खान, रणवीर सिंह, जयदीप अहलावत, विक्की कौशल, अनन्या पांडे का हेयरस्टाइल कर चुके हैं।
गलत हेयर ब्रश के इस्तेमाल से होने वाले हेयर डैमेज पर दर्शन ने कहा, "गलत हेयर ब्रश आपके बालों को नुकसान पहुंचता है, जिससे हेयर फॉल की संभावना बढ़ जाती है। खासकर यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप हेयर ब्रश किस तरह इस्तेमाल कर रहे। कई बार गलत हेयर ब्रश के इस्तेमाल से बालों में उलझन भी हो सकती है। वहीं एक और बात का ध्यान रखें, हेयर ब्रश चुनते वक्त अपने हेयर टाइप को ध्यान में रखें।"
घने, लंबे या पतले बालों के लिए:
अगर आपके बाल घने, लंबे या पतले हैं, तो पैडल ब्रश (paddle brush) का इस्तेमाल करें। आप बड़ा या छोटा कोई भी पैडल ब्रश ले सकते हैं।
घुंघराले बालों के लिए:
अगर आपके बाल घुंघराले हैं, तो हेयरब्रश चुनते वक्त सावधान रहें। दर्शन की माने तो "नहाने के तुरंत बाद, गीले बालों में चौड़े दांतों वाली कंघी की मदद से सिरे से शुरू करके बीच की लंबाई तक कंघी करें। अगर बाल अधिक उलझते हैं, तो आपको डिटैंगलिंग ब्रश का इस्तेमाल करना चाहिए। हेयर स्टाइलिंग से पहले यदि बाल उलझ गए हैं, तो उन्हें दोबारा गीला करें और वापस से सुलझाने का प्रयास करें।
सीधे बालों के लिए:
सीधे बाल वालों को ज्यादातर पैडल ब्रश (paddle brush) इस्तेमाल करना चाहिए। अगर आपके बाल कमजोर हैं, और आसानी से टूटते हैं, तो एक बार डॉक्टर की सलाह जरूर लें। टूटते बालों का कारण समझने के लिए किसी त्वचा विशेषज्ञ से जांच करवाएं। हालांकि, रोजाना बाल झाड़ने के लिए पैडल ब्रश का इस्तेमाल करें।
क्या कोई ऐसा हेयर ब्रश है, जो सभी प्रकार के बालों पर काम करता हो?
इसपर दर्शन कहते हैं "पैडल ब्रश आमतौर पर सभी प्रकार के बालों के लिए फायदेमंद होता है। परंतु सूखे उलझे बालों को सुलझाने के लिए इसे इस्तेमाल न करें। इसलिए, उलझे बालों को तब सुलझाएं जब इनमें हल्की नमी हो। अगर बाल अक्सर उलझे रहते हैं, तो लीव-इन-कंडीशनर का इस्तेमाल करें, इससे बालों को सुलझाना आसान हो जाता है।"
घुंघराले बालों के बारे में बात करें तो, इन्हें ब्रश करना थोड़ा मुश्किल होता है, लेकिन नहाने के बाद जब बाल हल्के गिले हों, तब इन्हें सिरों से ब्रश करें और पहले नीचे की गांठों को धीरे से हटाएं।
हेयर ब्रश करते हुए ये गलतियां न दोहराएं
दर्शन के अनुसार बालों को ब्रश करते हुए जड़ों से शुरुआत न करें। अगर आपके बाल बीच और सिरों पर उलझे हुए हैं, और आप सीधा जड़ों से शुरुआत करते हैं, तो गांठें हटाना मुश्किल हो सकता है। बालों में ब्रश करने के लिए हमेशा सही तरीके का पालन करें, खासकर घुंघराले बालों में ब्रश करने के लिए चौड़े दांतों वाली कंघी का इस्तेमाल करें।
एक्सपर्ट के ये सभी सुझाव बालों का झड़ना कम कर सकते हैं, साथ ही साथ स्कैल्प की सेहत में भी सुधार करते हैं। हेयर फॉल कंट्रोल करने के लिए पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थों का सेवन करें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीकर खुद को हाइड्रेटेड रखें। इसके अलावा स्कैल्प और हेयर हाइजीन का भी पूरा ध्यान रखें।
तो अगली बार जब आप हेयर ब्रश लेने का प्लान करें, तो अपने हेयर टाइप और स्कैल्प एवं बालों से जुड़ी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए ही हेयर ब्रश का चयन करें।

लेखक के बारे में
Anjali Kumariलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




