बदलते मौसम में स्किन का ख्याल रखने के लिए बनाएं हर्बल पाउडर, नहाते समय कर सकते हैं यूज
नहाने के लिए अलग-अलग तरह के साबुन या बॉडी वॉश का इस्तेमाल करते हैं तो एक बार घर के बने हर्बल पाउडर को यूज करके देखें। बदलते मौसम में ये स्किन के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।
बदलते मौसम में स्किन का ख्याल रखने के लिए हर्बल चीजों का इस्तेमाल किया जा सकता है। यहां हम नहाने के लिए हर्बल पाउडर बनाने का तरीका बता रहे हैं। ये स्किन को कई तरह से फायदा पहुंचा सकता है। इसमें इस्तेमाल होने वाली सभी चीजें नेचुरल हैं। यहां सीखिए कैसे बनाएं हर्बल बाथ पाउडर।
हर्बल बाथ पाउडर बनाने के लिए आपको चाहिए
- 1 कप हरी मूंग दाल
- 1/2 कप चना दाल
- 1 कप कटी हुई खस की जड़
- 20 ग्राम हल्दी
- 2 बड़े चम्मच चंदन पाउडर
- 4 बड़े चम्मच सूखी गुलाब की पंखुड़ियां
- 4 बड़े चम्मच सूखे संतरे के छिलके
- 1 कप नीम की पत्तियां
हर्बल बाथ पाउडर बनाने का तरीका
इस पाउडर को बनने के लिए दाल, खस की जड़ और नीम की पत्तियों को हल्का गर्म होने तक भून लें। आप चाहें तो इन्हें धूप में भी सुखा सकते हैं। फिर बाकी चीजें मिलाएं। आप संतरे के छिलके का पाउडर, चंदन पाउडर और गुलाब का पाउडर इस्तेमाल कर सकते हैं। या फिर इन्हें घर पर भी सुखाकर इस्तेमाल कर सकते हैं।
हर्बल बाथ पाउडर में इस्तेमाल होने वाली चीजों के फायदे
1) हरी मूंग दाल हल्का एक्सफोलिएशन करने में मदद करती है। ये डेड स्किन हटाने और त्वचा को मुलायम करने में मदद करता है।
2) चना दाल स्किन की सफाई और हल्की एक्सफोलिएशन में मदद करती है। उबटन में ये क्लींजिंग बेस की तरह काम कर सकती है।
3) खस की जड़ खुशबूदार होती है और ये पारंपरिक रूप से ठंडक देने वाले उबटन में इस्तेमाल होती है।
4) हल्दी में करक्यूमिन होता है, जिसमें एंटी इंफ्लामेटरी और एंटीऑक्सिडेंट गुण पाए जाते हैं, जो रेडनेस या जलन को शांत करने में मदद करते हैं।
5) चंदन पाउडर त्वचा को सुखदायक महसूस करा सकता है और एक्सट्रा तेल को कुछ हद तक अबसॉर्ब कर सकता है।
6) सूखी गुलाब की पंखुड़ियां त्वचा को सॉफ्ट और फ्रेश महसूस करा सकती हैं।
7) सूखे संतरे के छिलके एक्सफोलिएशन और ब्राइटनिंग में मदद कर सकते हैं।
8) नीम की पत्तियां एंटी इंफ्लामेटरी गुणों के कारण एक्ने और ऑयली स्किन के लिए इस्तेमाल की जाती हैं।
डिस्क्लेमर: यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर मौजूद यूजर-जनरेटेड कंटेट पर आधारित है। लाइव हिंदुस्तान ने इन दावों की स्वतंत्रता पुष्टि नहीं की है और न ही इनका समर्थन करता है। याद रखें कि हर किसी की स्किन अलग-अलग होती है, इसलिए किसी भी तरह के नुस्खे को अपनाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें। अगर आपकी स्किन सेंसिटिव है या आपको किसी भी तरह की एलर्जी है, तो किसी नई चीज को लगाने से पहले एक्सपर्ट की सलाह लें।


