हाथ-पैरों का रंग निखार देगी ये DIY पॉलिश! सिर्फ 4 चीजों से बनाएं, पार्लर का खर्चा बचाएं
अगर आपके हाथ-पैर भी टैनिंग और डेड स्किन की वजह से डल पड़ गए हैं, तो ये DIY पॉलिश बनाकर तैयार करें। बिना पार्लर में पैसे खर्च किए, आपके हैंड एंड फीट दोनों ब्राइट और सॉफ्ट होने शुरू हो जाएंगे।

अपने चेहरे का हम जितना ध्यान रखते हैं, शायद ही हाथों-पैरों का रखते हों। यही वजह है कि अक्सर हाथ-पैरों का रंग काफी डल पड़ जाता है और टैनिंग के साथ-साथ डेड स्किन की वजह से त्वचा बेजान दिखने लगती है। पार्लर में जा कर पेडिक्योर और मैनीक्योर कराना एक ऑप्शन है, लेकिन इसमें काफी पैसे और टाइम खर्च हो जाता है। ऐसे में अगर आप घर पर ही हाथों पैरों की देखभाल का कोई नेचुरल तरीका ढूंढ रही हैं, तो आज वाली रेमेडी आपके ही लिए है। अपनी रसोई में रखी कुछ चीजों की मदद से ही आप अपने हैंड और फीट दोनों को ब्राइट और सॉफ्ट बना सकती हैं। कहीं बाहर जाने का झंझट नहीं है और ना ही पैसे खर्च करने की जरूरत है। तो चलिए फटाफट जान लेते हैं इस रेमेडी के बारे में।
हाथ-पैरों को निखारने के लिए बनाएं DIY पॉलिश
धूप में टैनिंग, धूल मिट्टी और डेड स्किन की वजह से अक्सर हाथ पैरों का बुरा हाल हो जाता है। कई लोग शिकायत करते हैं कि उनके हाथ और पैरों का रंग काफी डल पड़ गया है और वो सॉफ्ट भी नहीं रहे। ऐसे में आप पार्लर जाने के बजाए ये DIY पॉलिश घर में तैयार कर सकती हैं। इसके लिए आपको थोड़ी सी चायपत्ती, बॉडी वॉश, बेसन, नींबू, बेकिंग सोडा और पानी या दही की जरूरत होगी।
इस तरह तैयार करें हैंड एंड फीट ब्राइटनिंग पॉलिश
हैंड एंड फीट ब्राइटनिंग पॉलिश बनाने के लिए एक बाउल में थोड़ी सी नॉर्मल चायपत्ती लें। अब इसमें कोई भी बॉडीवॉश एड कर दें। अगर आपके पास बॉडीवॉश ना हो, तो थोड़ा सा माइल्ड शैंपू भी मिला सकती हैं। अब इसमें दो चम्मच बेसन, एक नींबू का रस, थोड़ा सा बेकिंग सोडा और पानी मिलाकर एक पेस्ट तैयार कर लें। अगर आपके हाथों या पैरों की स्किन काफी रूखी है, तो पानी की जगह दही या कच्चे दूध का इस्तेमाल भी कर सकती हैं।
इस तरह इस्तेमाल करें
इस ब्राइटनिंग पॉलिश को अपने हाथों और पैरों पर लगाएं और 15-20 मिनट के लिए ड्राई होने छोड़ दें। जैसे ही ये हल्की सूख जाए, तो हल्के हाथों से मसाज करते हुए स्किन को कुछ देर लिए रगड़ें। इससे डेड स्किन रिमूव होती है और स्किन पहले से ज्यादा सॉफ्ट और ब्राइट लगती है। इसके बाद सादे पानी से हाथों और पैरों को वॉश कर लें, फिर कोई भी लोशन या ऑयल अप्लाई कर लें।
क्या-क्या होंगे इस ब्राइटनिंग पॉलिश के फायदे?
- बेसन और हल्की मसाज, डेड स्किन को हटाने में मददगार है। इससे त्वचा ज्यादा साफ और सॉफ्ट महसूस होती है।
- नींबू ब्राइटनिंग का काम करता है, जिससे टैनिंग भी कुछ तक रिमूव हो सकती है।
- पॉलिश के बाद हाथों-पैरों की स्किन ज्यादा सॉफ्ट नजर आ सकती है।
- हाथों पैरों पर जमी गंदगी साफ होने में मदद मिलती है।
जरूरी सावधानी- कोई भी रेमेडी ट्राई करने से पहले एक बार पैच टेस्ट करना जरूरी होता है। खासकर अगर आपकी स्किन सेंसेटिव है, तो नींबू और सोडा त्वचा को इरिटेट करने का काम कर सकते हैं। वहीं अगर त्वचा पर कोई कट, रैश, एलर्जी या खुजली हो रही है; तो बेहतर होगा कि कोई भी नुस्खा इस्तेमाल ना करें।


