चायपत्ती या कॉफी? बालों की मेहंदी में क्या मिलाएं, जानें किससे मिलेगा गहरा रंग और शाइन
बालों की मेहंदी में कुछ लोग चायपत्ती का पानी डालकर पेस्ट बनाते हैं, तो वहीं कुछ लोग कॉफी पाउडर का इस्तेमाल करते हैं। अब सवाल है कि इन दोनों में से बेहतर क्या है? अच्छे रंग के लिए क्या मिलाना चाहिए, आइए जानते हैं।

बालों को नेचुरली कलर करने के लिए मेहंदी का इस्तेमाल सदियों से किया जा रहा है। मेंहदी पाउडर का पेस्ट बनाकर लगाने से सफेद बाल तो कवर हो ही जाते हैं, साथ में बालों को अच्छी कंडीशनिंग भी मिलती है। इसलिए महीने में एक बार तो कम से कम मेंहदी बालों में लगा ही लेनी चाहिए। खैर, मेंहदी का पेस्ट बनाने के लिए आमतौर पर दो चीजों का इस्तेमाल किया जाता है- चायपत्ती का पानी और कॉफी पाउडर। कुछ लोग चायपत्ती के पानी से मेंहदी का घोल तैयार करते हैं, तो वहीं कुछ लोग कॉफी पाउडर मिलाना प्रिफर करते हैं। अब सवाल है कि इन दोनों में से ज्यादा फायदेमंद क्या है। अक्सर लोग इन दोनों को ले कर कन्फ्यूज रहते हैं। तो चलिए आज इसी कन्फ्यूजन को दूर करते हैं-
मेंहदी में चायपत्ती का पानी मिलाने के फायदे
आपने देखा होगा कि अक्सर दादी-नानी चायपत्ती के पानी से ही मेंहदी का घोल तैयार करती हैं। दरअसल चायपत्ती के पानी में टैनिन जैसे कंपाउंड मौजूद होते हैं, जो मेंहदी के कलर को बिल्ड अप करने में भूमिका निभाते हैं। अगर आपको मेहंदी को थोड़ा डार्क देना चाहते हैं, तो सादे पानी की जगह चायपत्ती का पानी इस्तेमाल करना बेहतर होता है। इसके अलावा चायपत्ती का पानी बालों को नेचुरली शाइनी और सॉफ्ट बनाने में भी मदद कर सकता है।
कैसे करना है इस्तेमाल- मेहंदी घोलने के लिए आपको जितने पानी की जरूरत हो, उतना पानी एक पैन में गर्म करने रख दें। इसमें 2-3 चम्मच चायपत्ती एड करें और उसका रंग आने तक पका लें। चायपत्ती का पानी जैसे ही ठंडा हो, इसे मेंहदी में थोड़ा-थोड़ा डालकर एक पेस्ट तैयार कर लें। मेंहदी के घोल को आप रातभर के लिय रखकर छोड़ सकते हैं, इससे मेंहदी का कलर अच्छा डेवलप होता है।
मेंहदी के घोल में कॉफी मिलाने से क्या होता है?
मेंहदी का घोल बनाने में कई लोग कॉफी पाउडर या कॉफी के पानी का इस्तेमाल भी करते हैं। दरअसल कॉफी पाउडर मिलाने से बालों को नेचुरली एक ब्राउन टिंट मिलता है, जो देखने में काफी ज्यादा सुंदर लगता है। अगर आप बालों को हल्की भूरी शाइन देना चाहते हैं, तो कॉफी पाउडर का इस्तेमाल बेहतर रहेगा। इसके अलावा कॉफी हेयर ग्रोथ में भी मदद कर सकती है।
कैसे इस्तेमाल करें- मेंहदी में 1-2 चम्मच कॉफी पाउडर एड कर के उसका पेस्ट तैयार कर सकते हैं। या फिर चायपत्ती के पानी की तरह कॉफी का पानी तैयार कर लें और उसे मिलाकर मेंहदी का पेस्ट तैयार करें।
चायपत्ती या कॉफी, दोनों में से कौन बेहतर है?
अगर आप अपने बालों को थोड़ा डार्क मेंहदी का रंग देना चाहते हैं और साथ ही हल्की शाइन भी चाहते हैं, तो चायपत्ती का पानी इस्तेमाल कर सकते हैं। वहीं अगर बालों को हल्की भूरी शाइन देनी है, तो कॉफी पाउडर इस्तेमाल करना ज्यादा बेहतर है। हालांकि ध्यान रहे कॉफी आपको ज्यादा मात्रा में नहीं मिलानी है, वरना मेंहदी का टेक्चर खराब हो सकता है।
काम की टिप- मेंहदी का पेस्ट बनाने के लिए आप थोड़ा सा कॉफी पाउडर और चायपत्ती का पानी दोनों भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे बालों को काफी अच्छा डार्क कलर मिलता है और साथ ही शाइन भी कमाल की आती है।
(Images Credit- Pinterest)


