क्या RO के पानी से बाल धोने से हेयरफॉल रुकेगा? डॉक्टर ने बताया सच
बाल झड़ने से परेशान हैं तो पानी बदलने की सलाह आपने भी जरूर सुनी होगी। इन दिनों RO के पानी से बाल धोने की बात खूब हो रही है। लेकिन क्या इससे सच में हेयर फॉल कम होता है? चलिए जान लेते हैं।

आजकल हेयरफॉल एक बहुत कॉमन प्रॉब्लम बन चुकी है। बालों को मजबूत और हेल्दी रखने के लिए लोग तेल, शैंपू और तरह-तरह के घरेलू नुस्खे अपनाते हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर इस बात के भी खूब चर्चे हैं कि RO के पानी से बाल धोने से हेयर फॉल कम हो सकता है। कई लोगों को लगता है कि अगर नल के पानी की जगह RO का पानी इस्तेमाल किया जाए, तो बालों का झड़ना बंद हो जाएगा। लेकिन क्या सिर्फ पानी बदलने से ऐसा सच में होता है?
स्किन एक्सपर्ट डॉ. अंकुर सरीन के अनुसार, RO का पानी बालों को बाहर से कुछ हद तक बेहतर कर सकता है, खासकर अगर आपके इलाके का पानी बहुत ज्यादा खारा है। चलिए जानते हैं इस बारे में उनकी क्या राय है।
हार्ड वाटर से बालों को क्या नुकसान होता है?
कई इलाकों के पानी में कैल्शियम और दूसरे मिनरल्स काफी मात्रा में होते हैं। ऐसे पानी को आमतौर पर हार्ड वाटर कहा जाता है। अगर लगातार इसी पानी से बाल धोए जाएं, तो पानी में मौजूद मिनरल्स बालों की ऊपरी सतह पर जमा हो सकते हैं। इससे बाल रूखे, बेजान और उलझे हुए लगते हैं।
क्या आरओ का पानी हेयर फॉल कम करता है?
यहां एक बात समझना बहुत जरूरी है, बालों की क्वालिटी और बालों का झड़ना एक ही चीज नहीं है।
- RO का पानी, हार्ड वॉटर की वजह से बालों की बाहरी सतह पर होने वाली कुछ परेशानियों को कम करने में मदद कर सकता है। इससे बाल थोड़े नरम और बेहतर भी दिख सकते हैं। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि आरओ का पानी बालों की जड़ों को मजबूत कर देगा या हेयर फॉल रोक देगा।
फिर बाल झड़ने की वजह क्या हो सकती है?
अगर आपके बाल लगातार झड़ रहे हैं तो सिर्फ पानी को इसकी वजह मानना सही नहीं होगा। इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं।
- शरीर में पोषक तत्वों की कमी: शरीर में कुछ विटामिन या मिनरल्स की कमी होने पर बालों की सेहत पर असर पड़ता है। इसलिए लंबे समय से बाल झड़ रहे हों तो खान-पान पर भी ध्यान देना जरूरी है।
- प्रोटीन की कमी: बालों के लिए प्रोटीन जरूरी होता है। खाने में पर्याप्त प्रोटीन ना मिलने पर भी हेयरफॉल हो सकता है।
- परिवार में पहले से समस्या होना: कुछ लोगों में बाल झड़ने की समस्या परिवार से भी जुड़ी हो सकती है। ऐसे मामलों में सिर्फ पानी बदलने से खास फायदा नहीं होता।
- तनाव और डेली रूटीन: बहुत ज्यादा तनाव, नींद की कमी और खराब दिनचर्या भी बालों की सेहत को प्रभावित करती है। इसलिए बालों की देखभाल के साथ अपनी रोज की आदतों पर भी ध्यान दें।
- कुछ बीमारियां: थायरॉइड जैसी कुछ स्वास्थ्य समस्याओं या शरीर में होने वाले दूसरे बदलावों के कारण भी बाल ज्यादा झड़ते हैं। अगर अचानक बहुत ज्यादा बाल झड़ने लगें, तो डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है।
तो क्या बालों के लिए आरओ का पानी इस्तेमाल करें?
अगर आपके घर का पानी बहुत ज्यादा हार्ड है और उससे बाल रूखे, खुरदरे या बेजान महसूस होते हैं, तो RO या दूसरे साफ पानी का इस्तेमाल करने से बालों की क्वालिटी बेहतर हो सकती है। लेकिन अगर आपका मकसद सिर्फ हेयर फॉल रोकना है, तो पानी बदलने पर ही निर्भर ना रहें। बाल झड़ने की असली वजह पता करना ज्यादा जरूरी है। यानी RO का पानी बालों की देखभाल में मदद कर सकता है, लेकिन यह हेयर फॉल का इलाज नहीं है। अगर बाल बहुत ज्यादा झड़ रहे हैं, तो त्वचा एक्सपर्ट से सलाह लेना सबसे बेहतर रहेगा।


