लटकती स्किन पर ना करवाएं महंगा ट्रीटमेंट, ढीली त्वचा टाइट करने के लिए रामबाण है ये फेस पैक
एक उम्र के बाद स्किन लटकने की समस्या होने लगती है। इस समस्या से निपटने के लिए ज्यादातर लोग महंगे ट्रीटमेंट्स करवाते हैं। ऐसे में ढीली त्वचा टाइट करने के लिए यहां घर पर फेस पैक बनाने का तरीका बता रहे हैं।

भागदौड़ भरी लाइफ का असर स्किन पर साफ दिखाई देता है। पहले ये परेशानी बढ़ती उम्र के साथ दिखती थी, लेकिन अब कम उम्र में ही चेहरे पर फीकी रंगत और ढीलापन नजर आने लगा है। इस समस्या से निपटने के लिए ज्यादातर लोग महंगे प्रोडक्टस और ट्रीटमेंट लेते हैं। लेकिन इन सब से अच्छा है कि आप घर के बने फेस पैक का इस्तेमाल करें। यहां स्किन टाइटनिंग के लिए बेस्ट फेस पैक बनाने का तरीका बता रहे हैं। जानिए-
स्किन टाइटनिंग फेस पैक बनाने के लिए आपको चाहिए
-एक चम्मच मसूर दाल का पाउडर
-एक चम्मच मूंग दाल का पाउडर
-एक चम्मच चावल का पाउडर
-एक चम्मच चंदन का पाउडर
-जरूरत के मुताबिक बादाम का दूध
-चार से पांच बादाम का तेल
स्किन टाइटनिंग फेस पैक बनाने की विधि
इस फेस पैक को बनाने के लिए सबसे पहले सभी पाउडर को एक साथ लें और फिर अच्छी तरह से मिक्स कर लें। अब इस फेस पैक में बादाम का दूध डालें और अच्छे से मिक्स करें। अब इस पैक में 4 से 5 बूंद बादाम का तेल मिलाएं। अच्छी तरह से मिक्स करने के बाद एक स्मूद पेस्ट बनाएं। फेस पैक लगाने के लिए तैयार है।
कैसे लगाएं फेस पैक
फेस पैक लगाने से पहले त्वचा को तैयार करना बहुत जरूरी है। इसलिए सबसे पहले चेहरा साफ करें।अगर आपकी त्वचा पर डेड स्किन है, तो पैक लगाने से पहले हल्का सा स्क्रब कर लें। इससे पैक का असर अच्छा होगा। इसे लगाने के लिए अपनी उंगलियों या एक साफ ब्रश की मदद से पैक को चेहरे पर लगाएं। इसे हमेशा नीचे से ऊपर की तरफ लगाएं। आंखों और होठों के आस-पास की सेंसेटिव स्किन को छोड़ दें।
कैसे साफ करें फेस पैक
अपने हाथों में थोड़ा सा गुनगुना सादा पानी लें और चेहरे पर थपथपाएं। पैक को दोबारा थोड़ा गीला और मुलायम होने दें। उंगलियों को सर्कुलर मोशन में घुमाते हुए 1 मिनट के लिए चेहरे की हल्की मालिश करें। इससे पैक आसानी से छूट जाएगा और ब्लड सर्कुलेशन भी बढ़ेगा। अंत में चेहरे को ठंडे या सामान्य पानी से अच्छी तरह धो लें। फिर हल्के हाथों से थपथपाकर सुखाएं और रगड़ें बिल्कुल नहीं।
डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल आपकी जानकारी के लिए है। साथ ही याद रखें कि हर किसी की स्किन अलग-अलग होती है, इसलिए किसी भी तरह के नुस्खे को अपनाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें। अगर आपकी स्किन सेंसिटिव है या आपको किसी भी तरह की एलर्जी है, तो किसी नई चीज को लगाने से पहले एक्सपर्ट की सलाह लें।


