चेहरे की खोई चमक लौटा देगा केसर वाला दूध, ट्रेंड में है ये ब्यूटी ड्रिंक, जानें कैसे और कब पिएं?
चेहरे पर निखार और कसावट लाने के लिए इन दिनों ब्यूटी ड्रिंक केसर-मिल्क काफी चर्चा में है। लड़कियां चेहरे की रंगत सुधारने और कोलेजन बूस्ट करने के लिए केसर वाला दूध पीना पसंद कर रही हैं। चलिए आपको बताते हैं इसके फायदे और कैसे पिएं?

चेहरे को चमकदार और कसावट देने के लिए लोग कई तरह के ब्यूटी टिप्स और ट्रीटमेंट्स का सहारा लेते हैं। ये ब्यूटी ट्रीटमेंट्स कुछ समय के लिए अच्छे लगते हैं लेकिन लंबे समय के लिए इनके कई नुकसान होते हैं। ऐसे में आजकल के लोग घरेलू चीजों पर ज्यादा भरोसा कर रहे हैं। इन दिनों ब्यूटी में केसर वाला दूध काफी ट्रेंड कर रहा है और लोग इसे सीक्रेट ब्यूटी ड्रिंक कह रहे हैं। ऐसा कहा जा रहा है कि इसे पीने से चेहरे पर निखार आएगा और कसावट भी मिलेगी। चलिए आपको बताते हैं केसर वाले दूध को पीने से क्या वाकई स्किन को फायदे मिलेंगे और इसे कैसे पीना है।
केसर और दूध ही क्यों?
केसर में एंटीऑक्सीडेंट्स, विटामिन (A, B, C) और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं। इसके अलावा इसमें क्रोसिन (Crocin), क्रॉसेटिन (Crocetin) और सैफ्रानल (Safranal) जैसे यौगिक होते हैं। दूध को नैचुरल क्लींजर माना जाता है और इसमें लैक्टिक एसिड, विटामिन ए-डी, प्रोटीन जैसे तत्व होते हैं। दोनों ही चीजें स्किन के लिए फायदेमंद माने जाते हैं।
केसर-मिल्क ड्रिंक पीने के फायदे
त्वचा पर निखार- केसर-मिल्क में मौजूद तत्व आपकी स्किन को ग्लो देंगे। इसमें मौजूद विटामिन्स और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण त्वचा को डीप क्लींजिंग करते हैं और नैचुरल ग्लो लाने में मदद करते हैं।
कसावट के लिए फायदेमंद- बढ़ती उम्र के साथ त्वचा का कोलेजन कम होने लगता है और ऐसे में स्किन ढीली-लटकती हुई दिखती है। केसर-दूध पीने से कोलेजन बूस्ट होता है और त्वचा पर कसावट आती है।
स्किन टोन सही करें- कई लोगों का चेहरे कही पर काला तो कही सफेद दिखता है। अनइवेन स्किन टोन देखने में अच्छा नहीं लगता है। केसर-मिल्क पीने से इसमें भी राहत मिलती है।
मुंहासों से छुटकारा- ऐसा कहा जा रहा है दूध-केसर में मौजूद तत्व त्वचा को अंदर से साफ करते हैं, जिससे मुंहासों से भी राहत मिलती है। इसके अलावा गर्मी में होने वाले दाने भी नहीं होते।
रूखापन दूर करें- दूध और केसर त्वचा पर नमी बनाकर रखेंगे। अगर आपकी त्वचा ज्यादा रूखी है, तो ड्राईनेस खत्म करने में मदद करेगा। दूध को मॉइश्चराइजिंग एजेंट भी माना जाता है।
कैसे और कब पीना चाहिए?
गुनगुने दूध में 3-4 केसर के धागे डालकर 10 मिनट के लिए छोड़ दें। ध्यान रखें कि दूध गर्म हो और केसर डालने के बाद इसे उबालने या गर्म करने की जरूरत नहीं है। सिर्फ 1 कप दूध में ही केसर डालकर पीना है और दिन में सिर्फ एक बार ही पीना हो। अगर आप 2-3 कप पीते हैं, तो ये नुकसान करेगा। केसर की तासीर गर्म होती है। आप इसे सुबह, शाम या रात में किसी भी टाइम पी सकते हैं। अगर आपको दूध सूट नहीं करता है, तो इसे न पिएं।


