केमिकल्स नहीं, चावल से आएगा नेचुरल ग्लो! 30 दिनों का चैलेंज लें, डॉ उपासना ने बताया
केमिकल्स का इस्तेमाल करते-करते अगर आपकी स्किन भी डल पड़ गई है, तो वक्त है नेचुरल रेमेडीज ट्राई करने का। आयुर्वेदिक एक्सपर्ट डॉ उपासना ने दो चीजों से बनने वाली एक फेसपैक शेयर की है, जो 30 दिनों में ही आपको काफी अच्छा रिजल्ट दे सकती है।

ग्लोइंग स्किन पाने के लिए तरह-तरह के नुस्खे आपने ट्राई किए होंगे, लेकिन ज्यादातर तो यही होता है कि कोई खास रिजल्ट देखने को नहीं मिलता। हालांकि आज वाला नुस्खा थोड़ा अलग हटकर है। आयुर्वेदिक एक्सपर्ट डॉ उपासना वोहरा ने इसे शेयर किया है और ये सोशल मीडिया पर लोगों को काफी पसंद आ रहा है। डॉ उपासना ने 30 दिनों का चैलेंज शेयर किया है, जिसमें चावल से बना एक मास्क आपको पूरे एक महीने इस्तेमाल करना है। फायदे की बात करें तो ये फेस मास्क आपकी स्किन को ब्राइट, ग्लोइंग, सॉफ्ट और हेल्दी बनाने में मदद करेगा। अगर आपने तरह तरह के केमिकल्स लगाकर अपनी स्किन का ग्लो गायब कर लिया है, तो एक बार ये रेमेडी ट्राई करना तो बनता है।
ग्लोइंग स्किन के लिए आप भी लें ये 30 डे चैलेंज
डॉ उपासना कहती हैं कि अगर आपको ग्लोइंग, बेदाग और हेल्दी स्किन चाहिए, तो चावलों से बना फेस मास्क लगातार 30 दिनों तक इस्तेमाल कर के देखें। इसके लिए आपको सिर्फ दो चीजों की जरूरत होगी, चावल और थोड़ा सा दूध। हालांकि ध्यान रहे, इसके लिए आपको राशन वाले चावलों का इस्तेमाल करना है। डॉक्टर कहती हैं कि राशन वाले चावल में स्टार्च ज्यादा होता है। वहीं बासमती तो अब सिर्फ नाम के चावल रह गए हैं क्योंकि इनमें स्टार्च और बाकी पोषण ना के बराबर होता है।
इस तरह बनाएं चावल का फेसपैक
इस फेसपैक को बनाने के लिए सबसे पहले थोड़े से राशन वाले चावल लें और उन्हें अच्छी तरह वॉश कर लें। अब इन्हें एक पतीले में डालकर पानी के साथ पकाने के लिए रख दें। डॉक्टर कहती हैं कि पानी की मात्रा थोड़ी ज्यादा रखें, ताकि चावल अच्छी तरह गले हुए बने। चावल पकने के बाद इन्हें एक मिक्सर में डालें और थोड़े से दूध के साथ मिलाकर एक पेस्ट तैयार कर लें। इस पेस्ट को आप फ्रिज में एक से दो दिन के लिए स्टोर कर सकते हैं।
कैसे अप्लाई करें?
ये फेसपैक आपको पूरे 30 दिनों तक अपने चेहरे पर रोज अप्लाई करनी है। इसके लिए पहले अपना चेहरा अच्छी तरह क्लीन कर लें। इसके बाद फेसपैक लगाकर लगभग आधा घंटे के लिए छोड़ दें। आधे घंटे बाद आपको हल्का सा पानी लेना है और चेहरे पर हल्के हाथों से रगड़ते हुए इस पैक को रिमूव कर लेना है। इसके बाद कोई भी अच्छा मॉइश्चराइजर या फेस ऑयल अप्लाई कर लें।
क्या होंगे फायदे?
डॉ उपासना कहती हैं कि ये फेसपैक आपकी स्किन को ग्लोइंग, बेदाग और ब्राइट बनाने में मदद करता है। अगर आप हेल्दी स्किन चाहते हैं तो एक बार इस रेमेडी को ट्राई कर के देख सकते हैं। हालांकि किसी भी रेमेडी से ये उम्मीद रखना ठीक नहीं है कि वो आपकी स्किन का कलर बदल देगी या कुछ मैजिक हो जाएगा। बहुत से लोग कोरियन स्किन पाना चाहते हैं और उसके लिए महंगे प्रोडक्ट्स भी खरीदते हैं। लेकिन ये समझना जरूरी है कि उन लोगों की डाइट, लाइफस्टाइल और क्लाइमेट यहां से काफी अलग है।
जरूरी बात- डॉ उपासना कहती हैं कि अगर आपको वाकई हेल्दी, ग्लोइंग और बेदाग स्किन चाहिए तो सिर्फ स्किनकेयर ही नहीं, साथ में अच्छी डाइट और लाइफस्टाइल का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी हो जाता है।


