हार्ट अटैक के बाद अनुराग कश्यप ने घटाया 27 किलो वजन, बोले- 11 दिन तक सिर्फ लिक्विड डाइट और...
डायरेक्टर-एक्टर अनुराग कश्यप ने हाल ही में अपना हेल्थ अपडेट दिया है। उन्होंने बताया कि वह हार्ट अटैक से जूझ चुके हैं और इसके बाद कैसे उन्होंने 27 किलो वजन कम किया। चलिए आपको उनकी वेट लॉस जर्नी के बारे में बताते हैं।

फिल्म निर्देशक और एक्टर अनुराग कश्यप किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। वह सालों से इंडस्ट्री में काम कर रहे हैं और लोगों की तारीफें बटोर रहे हैं लेकिन उनकी जिंदगी में ऐसा समय भी आया जब उन्हें लगा कि अब सब खत्म हो रहा है। उनका वजन बढ़ गया था, उन्हें दिल का दौरा भी पड़ा और साथ ही अस्थमा के अटैक भी आ रहे थे। उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि आखिर ऐसा क्यों हुआ जबकि वह रेगुलर एक्सरसाइज करते थे। अनुराग कश्यप ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में अपनी हेल्थ बारे में बताया। उन्होंने कहा कि हार्ट अटैक और अस्थमा अटैक से जूझने के बाद मैंने 27 किलो वजन कम करके लोगों को चौंका दिया था।
क्या हुआ था
पेमा वेलवेस रिट्रीट के साथ इंटरव्यू में अनुराग कश्यप ने कहा कि ऐसा समय आया था जब उन्होंने सोचा कि अब इस वजन को कंट्रोल करना पड़ेगा। मेरे बाल झड़ रहे हैं, शरीर मोटा होता जा रहा था। मुझे हार्ट अटैक आया था और कई अस्थमा अटैक भी हुए। मैं स्टेरॉयड ले रहा था और पूरी तरह से टूटकर बिखर गया था।
वजन बढ़ा और बाल सफेद हुए
अनुराग बताते हैं कि मैंने वजन कम करने के लिए कई चीजें आजमाईं। मैं डी-एडिक्शन प्रोग्राम में भी गया लेकिन उससे कोई फायदा नहीं हुआ। मैं और भी जगहों पर गया लेकिन कोई खास मदद नहीं मिली। मुझे बिल्कुल समझ नहीं आ रहा था कि आखिर मेरे साथ हुआ क्या है। उन्होंने कहा सिर्फ वजन ही नहीं बढ़ रहा था बल्कि बाल झड़ रहे थे और सफेद भी हो रहे थे। मैं सोच रहा था कि मैं पहले जैसे ही रूटीन को फॉलो कर रहा हूं फिर ऐसा क्यों हो रहा है।
किससे मिली मदद
अनुराग ने बताया कि एक होलिस्टिक अप्रोच से मुझे मदद मिली, जिसमें 11 दिन की सख्त लिक्विड डाइट थी। 11 दिन की लिक्विड डाइट पर रहने के बाद मैंने फर्क महसूस किया और 27 किलो वजन कम कर लिया। वहां के योग टीचर ने मुझे प्रणायाम सिखाया। इससे मुझे शांत रहना और तनाव दूर करना आया। हम सिर्फ काम और फिर खाना और इसके बाद सोने के बारे में सोचते हैं। हम वेलनेस के लिए समय नहीं निकालते, जो हमें निकालना चाहिए।
हार्ट अटैक के बाद क्यों बढ़ता है वजन
कार्डियोलॉजिस्ट डॉक्टर्स का मानना है कि हार्ट अटैक के बाद शरीर शारीरिक और मानसिक तनाव झेलता है, जिसकी वजह से वजन बढ़ जाता है। अस्थमा को कंट्रोल करने के लिए स्टेरॉयड वाली दवाइयां दी जाती हैं, जिसकी वजह से शरीर में पानी जमा हो जाता है, वजन बढ़ता है, भूख बढ़ती है और मेटाबॉलिज्म में भी बदलाव हो जाते हैं।
क्या करना चाहिए
हर व्यक्ति को डेली रूटीन में एक्सरसाइज और फिजिकल एक्टिविटी को भी समय देना चाहिए। सिर्फ काम, खाना और सोना ही आपको फिट नहीं रख सकता। अगर आप फिजिकल एक्टिविटी नहीं कर रहे हैं, तो शरीर कई बीमारियों का घर बन सकता है और आजकल सबसे गंभीर मोटापा ही है।


