काम की बात: घर में इन 7 जगहों पर कभी ना रखें दवाइयां, वरना फायदे की जगह हो सकता है नुकसान!
घर में दवाइयां कहीं भी रख देते हैं, तो ये खबर आपके ही लिए है। दरअसल कई ऐसी जगहें होती हैं, जहां आपको दवाइयां कभी नहीं रखनी चाहिए। इससे दवाइयों की क्वालिटी खराब हो सकती है।

हम सभी के घर में कुछ दवाइयां जरूर रखी होती हैं। खासकर बीपी, शुगर और थायराइड के मरीजों को डेली कुछ दवाइयां खानी होती हैं, इसलिए वो अक्सर इन्हें अपने आसपास ही रखते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इन्हें हर जगह रख देना भी सही नहीं है? अक्सर लोग कहीं भी दवाइयों को रख देते हैं, ताकि उन्हें देखकर याद आ जाए कि उन्हें वो दवा खानी है। लेकिन इस एक चक्कर में हम कई बार ऐसी गलतियां भी कर देते हैं, जिस वजह से दवा की क्वालिटी पर असर पड़ सकता है। दरअसल दवाइयों को कहीं भी रख देना सही नहीं है, क्योंकि गलत जगह पर रखने से गर्मी, धूप, तापमान और नमी का सीधा असर दवा की क्वालिटी पर पड़ सकता है। आइए जानते हैं इन जगहों के बारे में-
इन 7 जगहों पर भूलकर भी नहीं रखनी चाहिए दवाइयां
बाथरूम में तो नहीं रख रहे दवाइयां?
कुछ लोग दवाई के पत्ते या बॉटल को बाथरूम की कैबिनेट या सिंक के आसपास रख देते हैं, जो बिल्कुल भी ठीक नहीं है। दरअसल बाथरूम में नमी काफी ज्यादा होती है और तापमान का बदलाव भी ज्यादा होता है। ये दोनों चीजें ही दवाई की गुणवत्ता को प्रभावित कर सकती हैं।
फ्रिज के ऊपर भी नहीं रखनी चाहिए दवाई
समय पर दवाई लेना याद आ जाए, इसके लिए लोग फ्रिज के ऊपर भी इन्हें रख देते हैं, जो सही नहीं है। दरअसल फ्रिज लगातार गर्मी छोड़ता रहता है, जिसके वजह से इसके ऊपर का तापमान काफी ज्यादा बना रहता है। इतनी गर्मी के संपर्क में रखने से दवाइयों की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है।
किचन में स्टोर करने से बचें
दवाइयों को किचन में रखने से भी बचना चाहिए। खासकर गैस, ओवन या किसी गर्म उपकरण के आसपास तो बिल्कुल भी ना रखें। दरअसल रसोई में आमतौर पर गर्मी ज्यादा होती है, जिस वजह से दवाई की क्वालिटी पर असर पड़ सकता है।
खिड़की के पास नहीं रखनी चाहिए दवाई
खिड़की के आसपास भी दवाई नहीं रखनी चाहिए क्योंकि यहां दवाइयों पर सीधे धूप पड़ सकती है। लगातार गर्मी और रोशनी में रखने से दवाइयों की क्वालिटी प्रभावित हो सकती है। हालांकि अगर खिड़की पूरी तरह बंद रहती हो और वहां से धूप का आना जाना ना होता हो, तो दवाई रखी जा सकती है।
बेड के सिरहाने पर भी ना रखें
कई लोग बेड के सिरहाने पर दवाई रख लेते हैं, ताकि सोते समय खाना याद रहे। लेकिन कई बार नींद में आप गलत दवाई भी खा सकते हैं, इसलिए इन्हें आसपास रखना सही नहीं होता। साथ ही माना जाता है कि दवाइयों को आसपास रखने से नेगेटिव एनर्जी भी बनी रहती है।
कार के अंदर रखने से बचें
कार के अंदर भी दवा नहीं रखनी चाहिए, खासकर गर्मी के मौसम में। आपने देखा होगा कि गाड़ी के अंदर का तापमान काफी ज्यादा बढ़ जाता है। इतनी गर्मी में कई दवाइयों की गुणवत्ता पर असर पड़ सकता है। खासकर अगर दवा डैशबोर्ड या खिड़की के पास रखी हो, जहां धूप सीधा आती हो।
ऐसे जगह जहां बच्चों की पहुंच हो
दवाइयों को ऐसी जगह स्टोर करने से बचें जहां छोटे बच्चे आसानी से पहुंच जाते हों। ऐसे में गलती से दवा खाने का जोखिम रहता है। इसलिए हमेशा दवाई को किसी ऐसी जगह रखें, जहां बच्चे उस तक पहुंच ना पाएं।


