बरसात में घर से आने वाली बदबू से फौरन मिलेगा छुटकारा, 5 तरीकों से महकाएं हर कोना
बारिश के मौसम में घर से एक गंदी बदबू आने लगती है। ये बदबू और किसी चीज की नहीं बल्कि सीलन की होती है। अगर आपके घर में भी ऐसी स्मेल आ रही है तो घर महकाने के लिए 5 तरीकों को अपनाएं।

बारिश का सुहावना मौसम ज्यादातर लोगों को अच्छा लगता है। इस मौसम में गर्मी से राहत मिल जाती है और हरियाली भी खिल उठती है। लेकिन एक समस्या जो हर घर में सबसे ज्यादा होती है वह है बदबू की। बारिश के मौसम में नमी काफी ज्यादा होती है और इस मौसम में सीलन की समस्या भी आती है। बारिश का पानी, खराब वेंटिलेशन से भाप का जमना या जमीन से पानी का दीवारों के जरिएऊपर चढ़ना सीलन का कारण बनता है। अगर आपके घर में भी इन सभी चीजों की वजह से बदबू आ रही है तो छुटकारा पाने के लिए आप घरेलू तरीकों को अपना सकते हैं। यहां 5 तरीके बता रहे हैं जिससे आप घर को महका सकते हैं।
1) बारिश के मौसम में बंद जगहों पर बदबू बहुत जल्दी आने लगती है। कई बार शू रैक से भी तेज गंध आती है। खराब गंध को सोखने के लिए अपने शू रैक में कपूर और लौंग का एक कटोरा रखें। इसके लिए एक कटोरी में खूब सारी कपूर लें और 7 से 8 लौंग डाल दें। इससे शू रैक से आ रही बदबू मिनटों में गायब हो जाएगी।
2) बारिश के मौसम में बेड के गद्दों से भी गंदी बदबू आने लगती है। इससे निपटने का वैसे तो सबसे अच्छा तरीका यह है कि आप इन्हें धूप में कुछ देर के लिए रख दें। लेकिन बारिश के दिनों में धूप कम निकलती है। ऐसे में गद्दे कि नमी और फंसी हुई गंध को सोखने के लिए गद्दे पर बेकिंग सोडा छिड़कें और फिर वैक्यूम की मदद से इसे साफ करें।
3) अगर बेडरूम से बदबू आ रही है और आपको लगता है कि ये पुराने हो चुके तकियों की है तो एक एप्सम सॉल्ट की एक छोटी पोटली में एसेंशियल ऑयल की कुछ बूंदें डालें। इस पोटली को तकिए के कवर के अंदर रखें। इस नुस्खे से हल्की और लंबे समय तक रहने वाली खुशबू आएगी।
4) रोजाना इस्तेमाल होने वाले तौलिया को अगर आप तेज धूप में नहीं सुखाएंगे तो उसमें से बदबू आती रहेगी। इसके लिए तौलिये को धोते समय पानी में थोड़ा बेकिंग सोडा और एसेंशियल ऑयल की कुछ बूंदें मिलाएं ताकि उनमें लंबे समय तक ताजगी भरी खुशबू बनी रहे।
5) घर में सबसे ज्यादा गंदी बदबू अगर कहीं से आती है तो वह बाथरूम है। अगर आपके बाथरूम से बारिश के दिनों में अजीब बदबू आती है तो बाथरूम के कोनों में खुशबू वाले कटोरे रखें। इससे दिन भर साफ-सुथरी, स्पा जैसी खुशबू आएगी। ये कटोरे अलग-अलग तरह से तैयार हो सकते हैं। कुछ लोग पानी में यूकेलिप्टस या पिपरमिंट ऑयल की कुछ बूंदें डालकर तैयार करते हैं।


