छोटा लिविंग रूम भी लगेगा बड़ा और खूबसूरत, बस अपना लें सजावट के ये 5 तरीके
कई घरों का लिविंग एरिया छोटा होता है और ऐसे में स्पेस बढ़ाने के लिए लोग कई तरीके अपनाते हैं। हम आपको कुछ ऐसे डेकोर आइडिया बताने जा रहे हैं, जिससे लिविंग रूम बड़ा दिखेगा और आपका 1 रुपये का भी खर्चा नहीं होगा।

कई लोगों का घर छोटा होता है, जिसकी वजह से लिविंग एरिया से लेकर बाकी कमरे भी छोटे नजर आते हैं। वहीं, कुछ घरों की बनावट अच्छी होती है, लेकिन गलत सजावट के कारण उनका स्पेस कम और भरा-भरा दिखने लगता है। लिविंग रूम घर का वह हिस्सा है, जहां आप परिवार के साथ कुछ वक्त बैठकर बातें करते हैं, रिलैक्स करते हैं और स्नैकिंग का मजा लेते हैं। खासतौर पर मेहमानों के लिए भी यह घर का अहम हिस्सा होता है और आपके घर का पहला इम्प्रेशन भी यहीं से बनता है।
अगर लिविंग रूम मेसी या छोटा नजर आएगा, तो इसका असर पूरे घर के लुक पर पड़ सकता है। लेकिन अगर आपका लिविंग एरिया भी छोटा है, तो कुछ स्मार्ट बदलावों की मदद से आप इसे बड़ा और खुला दिखा सकते हैं। इसके लिए आपको हजारों रुपये खर्च करने की जरूरत नहीं है, बस सजावट के तरीके में थोड़ा बदलाव करना होगा।
लिविंग एरिया को बड़ा दिखाने के 5 सिंपल तरीके
1. दीवारों का पेंट और डिजाइन
अगर आप दीवारों पर सिर्फ पेंट करा रहे हैं, तो हमेशा सही कलर जैसे सफेद, क्रीम, ऑफ-व्हाइट, बेज या हल्के पेस्टल शेड्स चुनें। ज्यादा बोल्ड, डार्क या फिर अलग कलर न चुनें, इससे लाइट कम लगती है और फिर एरिया छोटा दिखता है। अगर दीवारों पर कोई डिजाइन बनवा रहे हैं, तो उसे सिंपल रखें। साथ ही पेंटिंग्स भी ज्यादा न लगाएं, कम लगाएं लेकिन अच्छी लगाएं।
2. बड़ा शीशा करेगा आपकी मदद
कभी आपने गौर किया है कि बाथरूम छोटा होता है फिर भी बड़ा लगता है। ऐसा इसलिए होता है कि क्योंकि वहां बड़े शीशे लगे होते हैं। हम यह नहीं कह रहे हैं कि लिविंग एरिया को शीशों से भर दें लेकिन किसी एक दीवार पर शीशा लग सकते हैं, जो देखने में स्टाइलिश हो। शीशे से कमरे की रोशनी तेज दिखेगी और विजुअल डेप्थ बढ़ेगी। ऐसे में छोटा स्पेस भी बड़ा लगेगा।
3. फर्नीचर का साइज सही चुनें
अगर आपका लिविंग एरिया छोटा है, तो ज्यादा बड़े फर्नीचर डालने से वह और छोटा दिखेगा। फर्नीचर हमेशा मीडियम साइज के चुनने चाहिए और कम ही रखें। वरना आपका आधा स्पेस फर्नीचर ही लेकर जाएगा। सोफा, सेंटर टेबल और बाकी फर्नीचर कमरे के आकार के हिसाब से चुनें। आप मल्टी-फंक्शनल या स्लिम फर्नीचर भी ले सकते हैं।
4. पर्दों और लाइटिंग पर करें गौर
लिविंग एरिया के पर्दों और लाइटिंग पर भी ध्यान दें। पर्दों की रॉड को खिड़की से थोड़ा ऊपर लगाएं और लंबे पर्दे चुनें, इससे छत ऊंची नजर आती है। पर्दे आप अपने इंटीरियर के हिसाब से चुनें, साथ ही कमरे में नेचुरल लाइट आने की जगह भी रहेगी। कमरे की लाइट्स के अलावा नेचुरल लाइट आने से स्पेस ज्यादा बड़ा दिखेगा।
5. फर्श रखें थोड़ा खुला-खुला
कई लोग लग्जरी दिखाने के लिए फर्श पर कालीन बिछा लेते हैं लेकिन हर कमरे के लिए कालीन सही नहीं होती। अगर आपका लिविंग एरिया छोटा है और फर्श पूरी तरह कवर कर देंगे, तो एरिया और छोटा दिखेगा। बहुत बड़े और भारी कारपेट या जरूरत से ज्यादा सजावटी सामान न लगाएं। फर्श को भी दिखने का मौका दें और अपने एरिया को बड़ा लुक दें।


