फोटो गैलरी

Hindi Newsकर्नाटक चुनावः येदियुरप्पा का दावा, 125-130 सीटें जीतेंगे, देवगौड़ा बोले-15 मई का इंतजार करें

कर्नाटक चुनावः येदियुरप्पा का दावा, 125-130 सीटें जीतेंगे, देवगौड़ा बोले-15 मई का इंतजार करें

कर्नाटक में सत्ता की चाबी किसे मिलेगी ये अब से दो दिन बाद यानी 15 मई को साफ हो जाएगा। वहीं इस बीच भाजपा, कांग्रेस और जनता दल सेक्युलर (जेडीएस) ने अपनी-अपनी जीत का दावा किया। कांग्रेस जहां दोबारा...

कर्नाटक चुनावः येदियुरप्पा का दावा, 125-130 सीटें जीतेंगे, देवगौड़ा बोले-15 मई का इंतजार करें
नई दिल्ली, लाइव हिन्दुस्तान टीमSun, 13 May 2018 02:24 PM
ऐप पर पढ़ें

कर्नाटक में सत्ता की चाबी किसे मिलेगी ये अब से दो दिन बाद यानी 15 मई को साफ हो जाएगा। वहीं इस बीच भाजपा, कांग्रेस और जनता दल सेक्युलर (जेडीएस) ने अपनी-अपनी जीत का दावा किया। कांग्रेस जहां दोबारा सत्ता हासिल करने की बात कह रही है, वहीं भाजपा इस बार हर बार से बेहतर प्रदर्शन करने और सरकार बनाने की बात कह रही है। उधर जेडीएस को भी उम्मीद है कि उनकी पार्टी सरकार बनाएगी। हालांकि एचडी देवगौड़ा ने अब तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं।

इस बीच चुनाव संपन्न होने के अगले दिन भाजपा के मुख्यमंत्री उम्मीदवार बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि भाजपा 125-130 से ज्यादा सीटें जीतेगी। कांग्रेस 70 से ज्यादा सीटें नहीं जीत पाएगी और जेडीएस 24-25 से आगे नहीं बढ़ पाएगी। उनका कहना है कि राज्य में धीमी और मजबूत भाजपा की लहर है और लोगों में सिद्धारमैया और कांग्रेस के खिलाफ गुस्सा है।

 

वहीं दूसरी ओर जेडीएस के प्रमुख और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देव गौड़ा ने कहा कि मैं इस समय कुछ भी स्वीकार या खारिज करने के लिए तैयार नहीं हूं। मतदान की गिनती (15 मई) का इंतजार कीजिए। हमें सच्चाई का पता चल जाएगा। इसके अलावा वर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का कहना है कि वह एक बार फिर सत्ता की कमान संभालेंगे।

कर्नाटकः लिंगायतों के गढ़ में कांग्रेस या BJP आगे, पढ़ें एक्जिट पोल

उधर मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने रविवार सुबह ट्वीट किया, 'एग्जिट पोल अगले दो दिन के लिए मनोरंजन हैं। एग्जिट पोल पर भरोसा करने का मतलब वैसा ही है कि जिसे तैरना नहीं आता वह किसी के यह बताने पर यकीन कर ले कि नदी की औसत गहराई 4 फुट है और वह पैदल चलकर नदी पार कर सकता है। याद रखिये 6+4+2 का औसत 4 होगा लेकिन छह फीट की गहराई पर आप डूब जाएंगे।'

बताते चलें कि 224 सदस्यीय विधानसभा की 222 सीटों के लिए वोट शनिवार को डाले गए। यहां कुल 70 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। यहां की जयानगर सीट से बीजेपी उम्मीदवार बीएन विजयकुमार के निधन के बाद इस सीट पर चुनाव रद्द कर दिया। वहीं आरआर नगर विधानसभा क्षेत्र के एक अपार्टमेंट में करीब 10 हजार वोटर आईडी कार्ड बरामद होने के बाद वहां चुनाव पोस्टपोन कर दिया गया है। 

 

कर्नाटक: एग्जिट पोल में किसी ने कांग्रेस तो किसी ने भाजपा को बढ़त बताई

 

चुनाव आयोग के मुताबिक, राज्य में 70 फीसदी वोट पड़े। वर्ष 2013 में 71.4 फीसदी मतदान हुआ था। राज्य में कांग्रेस, भाजपा और जेडीएस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। हालांकि मुख्य मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच ही माना जा रहा है। चुनाव में 2600 से अधिक उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। मतदान को लेकर लोगों का खासा उत्साह देखा गया। कई मतदान केंद्रों पर शाम छह बजे के बाद भी लोगों की लंबी लाइन देखी गई थी।

Chanakya karnataka exit poll 2018: बीजेपी को 120 सीटें मिलने का अनुमान

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें