Karnataka Election 2018: वशंवाद से जुड़े कमेंट पर सिद्धरमैया ने येदियुरप्पा को दिया ये जवाब
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने कांग्रेस को वंशवाद की राजनीति करने वाली पार्टी बताने के लिए आज भाजपा नेता बी एस येदियुरप्पा पर निशाना साधा। उसने कहा कि भाजपा किस नैतिक आधार पर ऐसे आरोप लगा रही...
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने कांग्रेस को वंशवाद की राजनीति करने वाली पार्टी बताने के लिए आज भाजपा नेता बी एस येदियुरप्पा पर निशाना साधा। उसने कहा कि भाजपा किस नैतिक आधार पर ऐसे आरोप लगा रही है।
उन्होंने येदियुरप्पा के बेटे बी वाई राघवेंद्र के पूर्व में संसद और विधानसभा के लिए निर्वाचित होने का उदाहरण दिया और सवाल किया कि भाजपा किस नैतिक आधार पर कांग्रेस को वंशवाद की राजनीति करने वाली पार्टी बता रही है। मुख्यमंत्री ने मैसुरू में संवाददाताओं से कहा, 'राघवेंद्र कौन हैं? वह किनके बेटे हैं? क्या वह येदियुरप्पा के बेटे नहीं है? राघवेंद्र सांसद थे। हम इसे क्या कहें? क्या हम इसे वंशवाद की राजनीति ना कहें?'
गौरतलब है कि येदियुरप्पा ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस पर वंशवाद की राजनीति करने वाली पार्टी होने का आरोप लगाया। राघवेंद्र लोकसभा के सदस्य थे और अब विधायक हैं। येदियुरप्पा के दूसरे बेटे विजयेंद्र को भी वरूणा सीट पर सिद्धरमैया के बेटे यतिंद्र के खिलाफ उम्मीदवार के रूप में पेश किया गया था लेकिन बाद में येदियुरप्पा ने घोषणा की कि वह चुनाव नहीं लड़ेंगे।
सिद्धरमैया ने कांग्रेस के जीत का पूर्वानुमान करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पद के लिए भाजपा के उम्मीदवार हमेशा से एक कमजोर रहे हैं और वे चुनाव नहीं जीत पाएंगे। उन्होंने कहा, 'येदियुरप्पा केवल इस समय नहीं बल्कि हमेशा से कमजोर इंसान रहे हैं। कोई दागी व्यक्ति कैसे मजबूत हो सकता है?' कांग्रेस नेता ने कहा, 'लोग उन्हें नेता के तौर पर स्वीकार करने को तैयार नहीं है क्योंकि उनका व्यक्तित्व दागी है।
यतिंद्र वरूणा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं जिसका मुख्यमंत्री प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। कर्नाटक विधानसभा के लिए 12 मई को चुनाव होगा और 15 मई को परिणाम आएंगे।