झारखंड के चतरा में चलीं तलवारें, बवाल में 13 लोग जख्मी
- चतरा के इटखोरी के परोका गांव में शनिवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर के साथ तलवारें भी चलीं, जिससे 13 लोग घायल हो गए। इनमें से चार की स्थिति गंभीर है।
चतरा के इटखोरी के परोका गांव में शनिवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर के साथ तलवारें भी चलीं, जिससे 13 लोग घायल हो गए। इनमें से चार की स्थिति गंभीर है, जिन्हें हजारीबाग मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भूमि विवाद को लेकर बवाल
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को अपने नियंत्रण में लिया। थानेदार अभिषेक सिंह ने बताया कि इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग आवेदन दिए गए हैं। पहले जख्मी लोग अपना इलाज करवा लें, उसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया, एक प्लॉट पर एक पक्ष चहारदीवारी उठा रहा था। दूसरे पक्ष के आपत्ति जताने पर दोनों ओर से मामला बढ़ गया। महिलाओं को भी नहीं बख्शा गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया।
दोनों पक्षों से घायल हुए लोगों में चार महिलाएं
घायलों में एक पक्ष से 36 वर्षीय प्रदीप राम पिता, 42 वर्षीय सुधीर राम, 70 वर्षीय रामस्वरूप राम, 14 वर्षीय प्रिंस कुमार, 40 वर्षीय सोनू देवी, 35 वर्षीय खुशबू कुमारी, 60 वर्षीय जानकी देवी शामिल हैं। वहीं दूसरे पक्ष से 55 वर्षीय नरेश राम, 45 वर्षीय सुनीता सेवी आदि हैं।
यह भी पढ़िए: सुरक्षाकर्मियों को बंधक बना 9 लाख के सामान लूटे
वहीं एक अन्य मामले में हजारीबाग के गिद्दी थाना क्षेत्र स्थित रेलीगढ़ा एक्सवेशन वर्कशॉप में शुक्रवार की देर रात अपराधियों ने धावा बोला और सुरक्षाकर्मियों को बंधक बनाकर लाखों रुपये के सामान लेकर फरार हो गए। परियोजना के सुरक्षा प्रभारी भुवनेश्वर प्रसाद ने पुलिस को मामले की सूचना दी। अपराधियों द्वारा लूटे गए सामान की कीमत लगभग नौ लाख रुपए बताई गई है। पुलिस अपराधियों के बारे में पता लगा रही है। साथ ही उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस को अपराधियों का कोई सुराग नहीं मिल सका था। सुरक्षा प्रभारी भुनेश्वर प्रसाद ने कहा है कि शुक्रवार की रात आठ से दस की संख्या में अपराधी रेलीगढ़ा एक्सवेशन वर्कशॉप में पहुंचे और ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड संतोष महतो और सीसीएल सुरक्षा कर्मी सुमिंद्र भुइयां को अपने कब्जे में ले लिया।