
झारखंड के दुमका में रेल दुर्घटना, पैसेंजर ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतरे;नुकसान को लेकर रेलवे ने दी यह जानकारी
झारखंड में दुमका रेलवे स्टेशन के करीब गुरुवार को हुई एक दुर्घटना में एक पैसेंजर ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतर गए। इस हादसे की वजह से OHE बिजली का एक खंभा टूट गया।
झारखंड के दुमका में गुरुवार को हुई एक रेल दुर्घटना में रामपुरहाट-जसीडीह मेमू लोकल पैसेंजर ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतर गए। एक अधिकारी ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह हादसा उस वक्त हुआ जब ट्रेन रेलवे स्टेशन पर आ रही थी, उन्होंने बताया कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। यह हादसा दोपहर करीब 2.10 बजे ईस्टर्न रेलवे के स्टेशन के पास हुआ।
अधिकारी ने बताया कि यह ट्रेन पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के रामपुरहाट स्टेशन से दोपहर करीब 12.50 बजे निकली थी और इसे झारखंड के देवघर जिले के जसीडीह स्टेशन पर खत्म होना था। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि इस हादसे की वजह से OHE बिजली का एक खंभा टूट गया। हादसे के बाद, ट्रेन को खाली करा लिया गया। जिसके बाद अधिकतर यात्री सड़क के रास्ते आगे के स्टेशनों के लिए निकल गए।
ईस्टर्न रेलवे के चीफ पब्लिक रिलेशन ऑफिसर (CPRO) वेद प्रकाश ने हादसे की जानकारी देते हुए PTI को फोन पर बताया, 'रामपुरहाट-जसीडीह MEMU (63081) पैसेंजर ट्रेन के दो डिब्बे दुमका स्टेशन के पास पटरी से उतर गए। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।'





