
झारखंड में दर्दनाक हादसा, ट्रेलर और सवारी गाड़ी की टक्कर में 3 की मौत; दर्जनभर घायल
संक्षेप: झारखंड में भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और दर्जनभर लोग घायल हो गए। पश्चिम सिंहभूम के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर यह हादसा हुआ। एक ट्रैलर और सवारी गाड़ी के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। सवारी गाड़ी के छत पर भी यात्री बैठे थे।
झारखंड में भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और दर्जनभर लोग घायल हो गए। पश्चिम सिंहभूम के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर ट्रेलर (जेएच05डीजे 1043) और सवारी गाड़ी (ओआर14जे 6608) के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में सवारी गाड़ी के चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया जाता है कि बाजार से सवारी लेकर कमांडर जीप माइंस करांजिया के चिनिबाई की ओर जा रही थी। गाड़ी में नीचे बैठने वालों के अलावा आठ लोग छत पर भी सवार थे। दोपहर करीब 12 बजे कुईड़ा गांव के समीप जंगल में सामने से आ रहे ट्रेलर ने जीप को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर में जीप के परखच्चे उड़ गए। वहीं, छत पर बैठे छह लोग सड़क किनारे जा गिरे। रघुनाथपुर टोला निवासी 28 साल के कैरा सिंकु और 30 साल के रामो हाईबुरु जीप से उछलकर आगे जा गिरे और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
दूसरी ओर, जीप चालक 42 साल के चंद्रमोहन हेम्ब्रम गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल ओडिशा के चंपुआ अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
ये हुए घायल : घायलों में रघुनाथपुर निवासी जोटिया सिंकु, गोपाल सिंकु, रघुनाथ सिंकु, जोटिया हाईबुरु, छोटा माहुलडिया निवासी संजु हेस्सा एवं उनका ढाई वर्षीय पुत्र आर्यान हेस्सा समेत अन्य शामिल हैं। सभी घायलों का प्राथमिक उपचार कुमारडुंगी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल चाईबासा रेफर कर दिया गया।





