हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद संकटमोचक, कैसा था सुदिव्य कुमार का सियासी सफर
Sudivya Kumar: सुदिव्य कुमार ने साढ़े तीन दशक तक झारखंड आंदोलन, झामुमो व संगठन की राजनीति में सक्रिय रहने के बाद सत्ता के शीर्ष तक का सफर तय किया।

सत्यदेव यादव, रांची
Sudivya Kumar: हेमंत सोरेन सरकार के कद्दावर मंत्री और कई मौकों पर झारखंड मुक्ति मोर्चा पार्टी के संकटमोचक सुदिव्य कुमार पंचतत्व में विलीन हो गए। उनका राजनीतिक सफर किसी शॉर्टकट की कहानी नहीं था। साढ़े तीन दशक तक झारखंड आंदोलन, झामुमो व संगठन की राजनीति में सक्रिय रहने के बाद उन्होंने सत्ता के शीर्ष तक का सफर तय किया। 1989 में शुरू हुई राजनीतिक यात्रा में उन्होंने हार भी देखी और इंतजार भी किया। 2009 और 2014 में गिरिडीह से चुनाव हारने के बावजूद संगठन से उनका रिश्ता और मजबूत होता गया। 2019 में पहली बार विधानसभा पहुंचने और 2024 में लगातार दूसरी जीत के बाद जब हेमंत सोरेन सरकार में उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलीं, तब तक वह पार्टी में अपनी राजनीतिक समझ और रणनीतिक क्षमता की अलग पहचान बना चुके थे।
सुदिव्य की खासियत यही थी कि वह लंबे समय तक पर्दे के पीछे रहकर राजनीति को धार देने वाले नेताओं में शामिल रहे। 2014 से 2019 के बीच विपक्ष के नेता के रूप में हेमंत सोरेन के दौर में वे उनके भरोसेमंद सलाहकार और रणनीतिकार के तौर पर सक्रिय रहे। पार्टी में उन्हें ‘थिंक टैंक’ के रूप में देखा गया।
हेमंत की गिरफ्तारी के बाद पार्टी के संकटमोचक बने
हेमंत सोरेन की राजनीतिक यात्रा के कई निर्णायक मोड़ों पर सुदिव्य की भूमिका पर्दे के पीछे रही। 2024 में हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के दौरान पार्टी के संकट प्रबंधन से लेकर कल्पना सोरेन को राजनीतिक रूप से स्थापित करने की रणनीति तक में उनकी सक्रिय भूमिका का उल्लेख पार्टी नेताओं ने किया।
पर्दे के पीछे के रणनीतिकार
गांडेय उपचुनाव में कल्पना सोरेन के अभियान की कमान संभालना इसका बड़ा उदाहरण रहा। 2024 के बाद तस्वीर बदली। पर्दे के पीछे का रणनीतिकार सरकार का चेहरा बनकर आया। उन्हें पर्यटन, उच्च शिक्षा व नगर विकास जैसे विभागों की जिम्मेदारी मिली। खासकर पर्यटन में उनके काम ने यह दिखाया कि उनकी राजनीतिक समझ केवल चुनावी रणनीति तक सीमित नहीं थी। वह नए विचारों को नीतियों और परियोजनाओं में बदलने की क्षमता भी रखते थे।
हेमंत सरकार के 'थिंक टैंक'
सुदिव्य की राजनीतिक उपयोगिता केवल विभागीय काम तक सीमित नहीं थी। सरकार के भीतर संकट की घड़ी में संवाद स्थापित करने की उनकी क्षमता भी महत्वपूर्ण थी। हालिया छात्र आंदोलन के दौरान सरकार की ओर से बातचीत के लिए उन्हें प्रमुख वार्ताकार बनाया जाना बताता है कि मुख्यमंत्री का भरोसा उनके राजनीतिक विवेक और संवाद कौशल पर कितना था। विधानसभा में उनकी प्रभावशाली और तथ्यपरक भूमिका की चर्चा सत्ता पक्ष के साथ विपक्ष के नेताओं ने भी की। शायद यही वजह है कि उनके निधन पर राजनीतिक दलों की सीमाएं भी धुंधली पड़ गईं।
कुछ ही दिन पहले किया कर्नाटक का दौरा
दिलचस्प यह है कि जिस कर्नाटक मॉडल का अध्ययन कर वे झारखंड के पर्यटन रिसॉर्ट और वन पर्यटन को बेहतर बनाने की योजना लेकर लौटे, वही उनका अंतिम सरकारी दौरा साबित हुआ। निधन से करीब 60 घंटे पहले किया गया उनका सोशल मीडिया पोस्ट भी इसी दौरे और झारखंड के पर्यटन को बेहतर बनाने की उनकी कोशिश से जुड़ा था। यह संयोग उनकी कार्यशैली की एक मार्मिक तस्वीर छोड़ जाता है-अंतिम समय तक काम, योजना और झारखंड को लेकर सक्रियता।
सोनू भैया आपका जज्बा सभी को प्रेरित करता रहेगा : हेमंत
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार को गिरिडीह के हरसिंहरायडीह स्थित सुदिव्य कुमार के आवास पहुंचे। मुख्यमंत्री ने सुदिव्य कुमार के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा शोक-संतप्त परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सोनू भैया का जाना अपूरणीय क्षति है। विश्वास नहीं हो रहा कि अब वो सशरीर हमारे बीच नहीं हैं। झामुमो परिवार सदैव सोनू भैया के परिवार के साथ खड़ा रहेगा। झारखंड और झारखंडवासियों के प्रति आपका प्रेम, आपका जज्बा, आपका समर्पण-सभी को प्रेरित करता रहेगा। झारखंडियत के मजबूत स्तंभ-सोनू भैया, सदैव अजर-अमर रहेंगे।
‘दिल कैसे मान ले कि अब आप हमारे साथ नहीं ’
सुदिव्य के अंतिम संस्कार के बाद हेमंत ने एक्स पर पोस्ट किया-मन मानने को तैयार नहीं है कि सोनू भैया अब हमारे बीच नहीं हैं। अंतिम विदाई के उस क्षण में लगा जैसे समय ठहर गया हो। कुछ रिश्ते नाम के मोहताज नहीं होते। सोनू भैया मेरे लिए ऐसे ही रिश्ते थे - बड़े भाई का स्नेह और मित्र का अपनापन, दोनों एक साथ। शरीर पंचतत्व में विलीन हो गया, लेकिन उनके साथ बिताया पल हमेशा जीवित रहेगा। सीएम ने लिखा- भैया, आपको विदा तो कर दिया, लेकिन दिल कैसे मान ले कि अब आप हमारे साथ नहीं हैं। आपकी कमी हमेशा खलेगी। आप हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे।
झारखंड में बीते छह साल में चार मंत्रियों का असामयिक निधन
झारखंड में बीते छह साल में पद पर रहते चार मंत्रियों का असामयिक निधन हो चुका है। हाजी हुसैन अंसारी, जगरनाथ महतो और रामदास सोरेन के बाद अब सुदिव्य कुमार का निधन हुआ है। वैसे झारखंड गठन के बाद से बात करें तो सुदिव्य कुमार पांचवें मत्री हैं, जिनकी पद पर रहते हुए आकस्मिक मौत हुई। 2008 में तत्कालीन मंत्री रमेश सिंह मुंडा की नक्सलियों ने हत्या कर दी थी।
झारखंड के कल्याण मंत्री हाजी हुसैन अंसारी मधुपुर से विधायक थे। हेमंत सरकार में 28 जनवरी 2020 को वे मंत्री बने थे। तीन अक्तूबर 2020 को मंत्री रहते उनका निधन हुआ था। वहीं छह अप्रैल 2003 को तत्कालीन स्कूली शिक्षा व साक्षरता मंत्री जगरनाथ महतो का निधन हो गया था। वे डुमरी से विधायक थे। मल्टीपल ऑर्गन फेल्योर और पोस्ट-कोविड जटिलताओं के चलते उनकी मौत हुई थी। झारखंड के स्कूली शिक्षा व साक्षरता मंत्री रामदास सोरेन का 15 अगस्त 2025 को निधन हो गया। वे घाटशिला से विधायक थे। दो अगस्त 2025 को घर में गिरने के बाद उन्हें ब्रेन हेमरेज हुआ था। इलाज के दौरान दिल्ली के एक अस्पताल में उनकी मौत हुई थी।
उच्च व तकनीकी शिक्षा, नगर विकास और पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार पहली बार 2019 में गिरिडीह से विधायक बने। 2024 में दोबारा जीतने पर हेमंत सरकार में उन्हें मंत्री बनाया गया। कार्डियक अरेस्ट से छह सितंबर को उनका निधन हो गया।

