स्टंटबाजी और रैश ड्राइवरों की खैर नहीं! रांची की सड़कों पर उत्पात मचाया तो पहुंच जाएंगे जेल
गुरुवार को एसएसपी राकेश रंजन ने जिले के सभी डीएसपी और थानेदारों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिया कि रैश ड्राइविंग और स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ अब कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क पर लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी

रांची में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। गुरुवार को एसएसपी राकेश रंजन ने जिले के सभी डीएसपी और थानेदारों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिया कि रैश ड्राइविंग और स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ अब कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क पर लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे चालकों पर सिर्फ जुर्माना ही नहीं, बल्कि आपराधिक मामला दर्ज कर जेल भेजने की भी कार्रवाई की जाए।
सड़क हादसे में लोगों की जान भी जा रही
बैठक में एसएसपी ने कहा कि हाल के दिनों में शहर के विभिन्न इलाकों से तेज रफ्तार बाइक चलाने, स्टंट करने और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। कई सड़क हादसों में लोगों की जान भी गई है। इसे देखते हुए सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने और ऐसे चालकों को चिन्हित करने का निर्देश दिया गया है। खासकर मुख्य सड़कों, फ्लाईओवर, रिंग रोड और स्कूल-कॉलेज के आसपास निगरानी सख्त करने को कहा गया है।
मोटर वाहन अधिनियम के तहत होगा केस
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि यदि कोई चालक स्टंट या खतरनाक तरीके से वाहन चलाते पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर वाहन जब्त करने और लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्रवाई दिखावे के लिए नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जाएगी।
बैठक में संगठित अपराध पर भी चर्चा हुई। थानेदारों को निर्देश दिया गया कि अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय अपराधियों की सूची अपडेट करें और उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करें। लंबित वारंटों के निष्पादन, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और नियमित जांच अभियान चलाने का भी टास्क दिया गया है।
स्टंट और रैश ड्राइवरों की खैर नहीं
एसएसपी ने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा किसी भी तरह की लापरवाही से बचें। पुलिस प्रशासन ने संकेत दे दिया है कि अब सड़क पर स्टंट और रैश ड्राइविंग करने वालों की खैर नहीं होगी।
लेखक के बारे में
Ratan Guptaरतन गुप्ता एक डिजिटल हिंदी जर्नलिस्ट/ कॉन्टेंट प्रोड्यूसर हैं। वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान की स्टेट न्यूज टीम के साथ काम कर रहे हैं। वह क्राइम, राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर न्यूज आर्टिकल और एक्सप्लेनर स्टोरीज लिखते हैं।
रतन गुप्ता वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर स्टेट न्यूज टीम में काम करते हैं। इस टीम में हिंदी पट्टी के 8 राज्यों दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, गुजरात से जुड़ी खबरों की कवरेज करते हैं। उनका लेखन खास तौर से क्राइम, राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर केंद्रित रहता है।
लाइव हिंदुस्तान में बीते 2 साल से काम करते हुए रतन ने ब्रेकिंग न्यूज, राजनीतिक घटनाक्रम और कानून-व्यवस्था से जुड़ी खबरों पर लगातार लेखन किया है। इसके साथ ही वह एक्सप्लेनर स्टोरीज लिखने में भी विशेष रुचि रखते हैं, जहां जटिल मुद्दों को सरल और तथ्यपरक भाषा में पाठकों के सामने रखते हैं।
रतन गुप्ता ने बायोलॉजी में ग्रेजुएशन किया है, जिसके बाद उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान, नई दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता की पढ़ाई की है। साइंस बैकग्राउंड होने के कारण उनकी न्यूज और एनालिसिस स्टोरी में साइंटिफिक टेंपरामेंट, लॉजिकल अप्रोच और फैक्ट-बेस्ड सोच साफ दिखाई देती है। वह किसी भी मुद्दे पर रिपोर्टिंग करते समय दोनों पक्षों की बात, मौजूद तथ्यों और आधिकारिक स्रोतों को प्राथमिकता देते हैं, ताकि यूजर तक संतुलित और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे।
इसके साथ ही आईआईएमसी की एकेडमिक पढ़ाई ने उन्हें रिपोर्टिंग, न्यूज प्रोडक्शन, मीडिया एथिक्स और पब्लिक अफेयर्स की गहरी समझ दी है। इसका सीधा असर उनके लेखन की विश्वसनीयता और संतुलन में दिखाई देता है।
और पढ़ें

